निशांत के जनता दरबार में तेजस्वी के विधायक बोगो सिंह, नीतीश की मां के नाम पर खोला था अस्पताल
Bogo Singh News: बेगूसराय जिले की मटिहानी सीट से राजद विधायक बोगो सिंह बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मिलने पटना में जेडीयू कार्यालय में उनके जनता दरबार में पहुंचे। बोगो पहले जेडीयू से भी विधायक रहे हैं।

Bogo Singh News: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता और बेगूसराय जिले की मटिहानी सीट से विधायक नरेंद्र सिंह उर्फ बोगो सिंह बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मिलने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रदेश कार्यालय में उनके जनता दरबार में पहुंचे। निशांत कुमार से मुलाकात के बाद बोगो सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वो जदयू कार्यालय नहीं गए थे, बल्कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के जनता दरबार में गए थे। उन्होंने मटिहानी में पूर्व सीएम नीतीश कुमार की मां के नाम पर बने अस्पताल समेत इलाके के कुछ अन्य अस्पतालों की दुर्दशा के बारे में निशांत कुमार को बताया और स्वास्थ्य विभाग से उनकी व्यवस्था ठीक करवाने कहा है। बोगो सिंह ने कहा कि मंत्री ने मसले को देखने का भरोसा दिया है। नीतीश की मां के नाम पर बोगो सिंह के गांव केशावे में जब अस्पताल बना था, तब वह जेडीयू के विधायक थे।
बोगो सिंह पहले भी चार बार विधायक रहे हैं और विधानसभा में यह उनकी पांचवीं पारी है। पहला दो चुनाव बोगो सिंह निर्दलीय जीते, जबकि पिछला दो चुनाव जेडीयू के टिकट पर जीते। 2025 के चुनाव में टिकट कटने पर वो राजद से लडे़ और जदयू के राज कुमार सिंह को हराया। राज कुमार सिंह 2020 में लोजपा के टिकट पर जीतने के बाद जदयू में शामिल हो गए थे और उनकी वजह से इस बार बोगो का टिकट कट गया था। 2020 में महज 333 वोट से राज कुमार ने बोगो सिंह को हरा दिया था।
बोगो सिंह ने निशांत से मुलाकात के बाद मीडिया से कहा- ‘जदयू प्रदेश कार्यालय नहीं, स्वास्थ्य मंत्री के जनता दरबार में पहुंचे थे। कल स्वास्थ्य मंत्री से मिलने विभाग गए थे। दुर्भाग्य रहा कि मुलाकात नहीं हो पाई। विभाग के प्रधान सचिव, निदेशक से मिले। आज विभाग गए, लेकिन सूचना मिली कि नहीं आए हैं। पता लगा कि जनता दरबार में बैठे हैं, इसलिए यहां आए। 2014-15 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पूछकर उनकी माता के नाम पर अपने गांव (केशावे) में 2 करोड़ की जमीन पर 6 बेड का अस्पताल बनवाए। अपनी दिवंगत पत्नी के नाम पर नयागांव में 6 बेड का अस्पताल बनवाए। अस्पताल बनते-बनते हम चुनाव हार गए। आज अस्पताल में कुत्ते बैठे रहते हैं। भूसा रखा रहता है। स्वास्थ्य उपकेंद्र बनाकर इतिश्री हो जा रहा है। जनता के दुख-दर्द का हरण हो, यही आग्रह करने गए थे।’
बोगो सिंह ने कहा कि उन्होंने निशांत कुमार से उनकी दादी के नाम पर बने अस्पताल को 6 बेड के लायक बनाने का आग्रह किया है। इसी तरह के सुधार की मांग उन्होंने अपनी दिवंगत पत्नी के नाम पर नयागांव में बने 6 बेड के अस्पताल के लिए भी की है। बोगो ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए 6 महीने पहले मंगल पांडेय ने साम्हो में सामुदायिक अस्पताल का उद्घाटन किया। आज उसमें ताला लगा है, कुत्ता बैठा है, मवेशी बांधे जा रहे हैं। 2014-15 में साम्हो के सोनवर्षा में 6 बेड का अस्पताल बनवाए थे। उसमें भी कुत्ते बैठे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से इन सारे अस्पतालों की व्यवस्था और सेवा ठीक करने की मांग की है।




साइन इन