छपरा में तिलक वाले दिन ही दूल्हे की घर में घुसकर हत्या, 3 रिश्तेदारों को भी चाकू से गोदा
छपरा के मांझी में वार्ड पार्षद राजाबाबू की शुक्रवार देर रात आपसी विवाद में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आज उनका तिलकोत्सव था। हमले में पार्षद के तीन रिश्तेदार भी चाकू लगने से जख्मी हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। दो दिन पहले हुई कहासुनी के बाद हमलावरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।

Bihar Crime News: बिहार के सारण जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ मांझी थाना क्षेत्र के गोढा गांव में एक वार्ड पार्षद की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उस समय हुई जब परिवार के लोग पार्षद के तिलकोत्सव की तैयारियों में जुटे थे। अपराधियों ने घर में घुसकर हमला बोला, जिसमें पार्षद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके तीन रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा है।
वार्ड पार्षद की आज थी तिलक
मृतक की पहचान मांझी नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 के पार्षद राजाबाबू के रूप में हुई है। आज उनका तिलकोत्सव कार्यक्रम निर्धारित था। घर में उत्सव का माहौल था। रिश्तेदार और ग्रामीण खुशियों में शामिल होने के लिए जुट रहे थे। इसी बीच शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने इस खूनी खेल को अंजाम दिया। जैसे ही हमले की खबर फैली, खुशियों वाला घर चीख-पुकार में बदल गया।
आपसी विवाद में हुई थी कहासुनी
परिजनों के अनुसार, हत्या की वजह आपसी विवाद बताई जा रही है। दो दिनों पहले ही पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो उस समय तो शांत हो गई थी, लेकिन शुक्रवार की रात फिर से विवाद गहरा गया। देखते ही देखते विवाद उग्र हो गया और हमलावरों ने चाकू से अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। राजाबाबू को बचाने आए उनके तीन रिश्तेदार भी इस हमले में चाकू लगने से बुरी तरह जख्मी हो गए हैं।
घायल तीनों रिश्तेदारों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल तीनों का इलाज चल रहा है। इधर, सूचना मिलते ही मांझी थाना की पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।




साइन इन