thunderstorm lightning rain and Hailstorm in bihar today weather report Bihar Weather: छाता या रेनकोट रखें साथ, बिहार में आज आंधी और बरसात; जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather: छाता या रेनकोट रखें साथ, बिहार में आज आंधी और बरसात; जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather: इस कारण तीन-चार दिनों तक राज्य के अधिकांश भागों में गरज के साथ वर्षा, वज्रपात, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की प्रबल आशंका है। 8 और 9 अप्रैल को इसकी तीव्रता अधिक रहने के आसार हैं।

Tue, 7 April 2026 05:51 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share
Bihar Weather: छाता या रेनकोट रखें साथ, बिहार में आज आंधी और बरसात; जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather: बिहार के अधिकतर जिलों में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार है। इस कारण अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा आने के कारण दोनों के संयुक्त प्रभाव से बिहार के ऊपर अनुकूल मौसमी परिस्थितियों बन रही है।

इस कारण तीन-चार दिनों तक राज्य के अधिकांश भागों में गरज के साथ वर्षा, वज्रपात, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की प्रबल आशंका है। 8 और 9 अप्रैल को इसकी तीव्रता अधिक रहने के आसार हैं। सोमवार को गरज-चमक के साथ गया जी, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, जमुई, मुंगेर, बांका और शेखपुरा जिले के एक या दो स्थानों पर बारिश हुई। राज्य का सबसे अधिक तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस भभुआ में और सबसे कम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस मधुबनी में दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:महिला मित्रों के लिए जमीन कैसे खरीदी, SDPO गौतम से ईओयू ने पूछे कई सवाल

पटना का पारा गिरा, आज भी बादल छाये रहेंगे

पटना में सोमवार को बादल छाया रहा। इस कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को भी राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाया रहेगा। इस दौरान जिले के एक या दो जगहों पर हल्के स्तर की बारिश हो सकती है। पटना के अधिकतम तापमान में 0.8 और न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। राजधानी का अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मुजफ्फरपुर में कैसा है मौसम

मुजफ्फरपुर जिले में पिछले एक सप्ताह से तपिश का सामना कर रहे जिलेवासियों को अगले दो तीन दिनों तक राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार और बुधवार को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान आंधी के साथ ही गरज चमक के बीच ओलावृष्टि होने की संभावना व्यक्त की।

पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान सोमवार को जारी किया। इसके अनुसार अगले 48 घंटों तक बादल छाए रह सकते हैं। इससे कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं। वहीं पछुआ हवा के 35 से 40 किमी की गति से चलने की संभावना है। गरज चमक के बीच औसत आकार के ओले भी गिरने की संभावना बन रही है। इससे हल्का तापमान गिरेगा।

भागलपुर में होगी बारिश

बीएयू सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को भागलपुर जिले में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। जबकि आठ अप्रैल को 40 से 50किमी प्रति घंटा तो नौ अप्रैल को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से धूल भरी आंधी-बारिश होने की आशंका है। आगामी दिनों में जिले में एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना को देखते हुए किसान कृषि कार्य सावधानीपूर्वक करें।

कटे हुए फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें, खड़ी फसलों में सिंचाई मौसम की स्थिति को देखकर ही करें। इस अवधि में फसलों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव स्थगित रखें। वर्षा की संभावना को ध्यान में रखते हुए गरमा सब्जियों की बुआई फिलहाल रोक दें। वर्षा होने के बाद तुरंत बुआई करें।

गयाजी में मौसम का हाल

मौसम विशेषज्ञ एस के पटेल ने बताया कि रविवार की रात ट्रफ लाइन पश्चिम बंगाल, तेलगांना होते हुए छत्तीसगढ़ तक गई। इसके प्रभाव से गयाजी में रविवार की रात तेज हवा, गरज व चमक के साथ हल्की बारिश हुई। उन्होंने बताया कि सात अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है। इसके प्रभाव से मंगलवार से मौसम बिगड़ सकता है। आठ और नौ अप्रैल को बादल छाने के साथ बारिश होने का अनुमान है। 10 अप्रैल तक गर्मी से राहत रहेगी। अधिकतम तापमान में कमी आएगी। 11 अप्रैल के बाद पारा चढ़ेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में सुबह-सुबह ATS-NIA की रेड, मोहम्मद परवेज से मिले हथियारों के बाद दबिश
ये भी पढ़ें:बायोमेट्रिक फिंगर प्रिंट और सॉफ्टवेयर, बिहार में बन रहे फर्जी आधार कार्ड
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।