Eou ask corrupt dsp gautam kumar how to buy lands for girl friends and relation with mafias गर्लफ्रेंडों के लिए जमीन कैसे खरीदी, माफियाओं से संबंध कैसे हैं; SDPO गौतम से ईओयू ने पूछे कई सवाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

गर्लफ्रेंडों के लिए जमीन कैसे खरीदी, माफियाओं से संबंध कैसे हैं; SDPO गौतम से ईओयू ने पूछे कई सवाल

पूछताछ के दौरान ईओयू ने किशनगंज के पूर्व एसडीपीओ की पूर्णिया, पटना के अलावा दिल्ली एनसीआर, पश्चिम बंगाल और नेपाल में मिली संपत्तियों को लेकर उनसे पूछताछ की। इन भूखंडों की खरीद कब हुई और उसके लिए पैसे की व्यवस्था किस तरह की?

Tue, 7 April 2026 05:27 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
गर्लफ्रेंडों के लिए जमीन कैसे खरीदी, माफियाओं से संबंध कैसे हैं; SDPO गौतम से ईओयू ने पूछे कई सवाल

आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने किशनगंज के पूर्व एसडीपीओ गौतम कुमार से करोड़ों की संपत्तियों का स्रोत पूछा है। इकाई ने सवाल पूछा कि उनके स्वयं, पत्नी, परिजनों और महिला मित्रों के नाम पर मिले ढाई दर्जन से अधिक भूखंडों की खरीद कैसे की, इतने पैसे कहां से आए। सोमवार को ईओयू की नोटिस पर किशनगंज के पूर्व एसडीपीओ गौतम कुमार पटना स्थित आर्थिक अपराध इकाई कार्यालय में उपस्थित हुए थे। यहां पर उनसे करीब पांच घंटे तक सघन पूछताछ हुई।

ईओयू ने बयान जारी कर कहा है कि गौतम कुमार से पूछताछ के दौरान कुछ जानकारियां मिली हैं, जिनका सत्यापन किया जाएगा। कांड के अनुसंधान में जुटी टीम से मिली जानकारियों के आधार पर गौतम कुमार को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। इसके लिए उनको ईओयू की तरफ से नोटिस जारी की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में शराबबंदी से 40 हजार करोड़ की अर्थव्यवस्था खड़ी हुई, तेजस्वी बोले
ये भी पढ़ें:बिहार में मां ने दो बेटियों संग मिलकर महिला का क्यों किया मर्डर, बक्सर में कांड

बार-बार अपनी खराब तबीयत का भी हवाला दिया

पूछताछ के दौरान ईओयू ने किशनगंज के पूर्व एसडीपीओ की पूर्णिया, पटना के अलावा दिल्ली एनसीआर, पश्चिम बंगाल और नेपाल में मिली संपत्तियों को लेकर उनसे पूछताछ की। इन भूखंडों की खरीद कब हुई और उसके लिए पैसे की व्यवस्था किस तरह की? थार और क्रेटा जैसी तीन महंगी गाड़ियां, लाखों रुपये के स्वर्णाभूषण और कीमती घड़ियों की खरीद के स्रोत को लेकर भी पूछताछ हुई।

हालांकि, एसडीपीओ कई सवालों के सतही जवाब दिये तो कई सवाल टाल गए। उन्होंने बार-बार अपनी खराब तबीयत का भी हवाला दिया। मंगलवार को आर्थिक अपराध इकाई कार्यालय में सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार को पेशी होगी। इकाई ने 31 मार्च को छापेमारी के दौरान ही उनको पूछताछ के लिए मंगलवार को ईओयू कार्यालय में हाजिर होने की नोटिस दी थी।

सवाल, अधिकतर पदस्थापन सीमाई जिलों में ही कैसे मिला

एसडीपीओ के माफियाओं से संबंधों को लेकर भी पूछताछ हुई। उनसे जानने का प्रयास किया गया कि लगभग 34 वर्षों के सेवाकाल में उनकी अधिकतर पोस्टिंग सीमाई जिलों में ही कैसे रही? क्या इसके लिए उन्होंने सफेदपोशों का सहारा लिया। उनकी काली कमाई का निवेश किन-किन जगहों पर है और उनमें किनकी सहभागिता है। ईओयू के मुताबिक एसडीपीओ के बयानों का पुन: सत्यापन कराते हुए उनको दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

एसडीपीओ गौतम कुमार निलंबित

इधर राज्य सरकार ने अकूत बेनामी संपत्तियां अर्जित करने वाले किशनगंज के पूर्व एसडीपीओ गौतम कुमार को निलंबित कर दिया है। उनपर विभागीय कार्यवाही भी होगी। हालांकि, गृह विभाग ने उनके निलंबन से जुड़ी अधिसूचना फिलहाल सार्वजनिक नहीं की है।

सोमवार को पटना स्थित ईओयू कार्यालय में गौतम कुमार से पांच घंटे तक पूछताछ की गयी। इससे पहले ईओयू की छापेमारी के बाद एक अप्रैल को बिहार पुलिस मुख्यालय ने कार्रवाई करते हुए गौतम कुमार को किशनगंज एसडीपीओ के पद से हटाते हुए उनको मुख्यालय क्लोज कर दिया था। ईओयू ने 31 मार्च को एसडीपीओ के विरुद्ध आय से 60 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का मामला दर्ज करते हुए उनके किशनगंज, पूर्णिया एवं पटना के आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में नौकरी, 208 नए डिग्री कॉलेजों में 9196 शिक्षक-कर्मियों की होगी भर्ती
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।