3 दिनों में 3 बेटियां गायब, 15 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली; ट्रैफिकिंग, शादी के लिए किडनैपिंग?
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मोबाइल टॉवर लोकेशन के आधार पर किशोरियों की तलाश की जा रही है। परिजन ने पुलिस को बताया है कि दूर के रिश्तेदार सुदीश साह का उसके घर पर आना जाना था। उसने ही बेचने की नियत से बेटी का बहला फुसला कर अपहरण कर लिया है।

Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक ही थाना इलाके से तीन दिनों में तीन बेटियां गायब हो गईं जिनका सुराग 15 दिनों के बाद भी पुलिस नहीं लगा पाई है। अहियापुर थाना और गरहां ओपी क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से 12, 13 और 15 मार्च को तीन किशोरियों को अगवा कर लिया गया। दो किशोरियों के परिजनों ने मानव तस्करी के लिए बेटियों के अपहरण का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, एक किशोरी के परिजन ने दो युवकों पर बुरी नीयत से बेटी के अपहरण का आरोप लगाया है।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मोबाइल टॉवर लोकेशन के आधार पर किशोरियों की तलाश की जा रही है। झपहां इलाके से अपहृत 14 वर्षीय किशोरी के परिजन ने पुलिस को बताया है कि दूर के रिश्तेदार राघोपुर मुस्तफापुर निवासी सुदीश साह का उसके घर पर आना जाना था। उसने ही बेचने की नियत से बेटी का बहला फुसला कर अपहरण कर लिया है। 15 मार्च की शाम से वह लापता है। वहीं, भिखनपुर इलाके से बीते 13 मार्च की रात से गायब 16 वर्षीय किशोरी के परिजन ने नाजिरपुर इलाके की पूजा देवी पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस को बताया है कि पूजा ही उसकी बेटी को घर से बुलाकर साथ में ले गई थी।
दोस्त की मां पर आरोप
बेटी ने कहा था कि पूजा उसकी दोस्त की मां है। उसके साथ गायत्री मंदिर के पास जा रही है। कुछ देर में लौट आएगी। जब रात तक बेटी वापस नहीं आई तो परिजन पूजा से पूछने गए। इस पर उसने गैर जिम्मेदाराना बयान दिया। आरोप है कि पूजा का पुत्र सागर कुमार भी उसी दिन से गायब है। परिजनों का कहना है कि मां की शह पर बेटे ने उनकी बच्ची गलत नीयत से अगवा किया है। परिजनों ने बच्यों की जान पर खतरा बताया है।
सामान खरीदने घर से निकली थी किशोरी
वहीं, गरहां ओपी इलाके के एक गांव से बीते 12 मार्च से लापता 15 वर्षीय किशोरी के परिजन ने पुलिस को बताया है कि बेटी कुछ सामान खरीदने की बात बताकर घर से निकली थी। शाम साढ़े पांच निकली, लेकिन देर रात तक नहीं लौटी। परिजनों ने इलाके के ही विवेक कुमार और विक्रम कुमार पर अपहरण का आरोप लगाया है। अहियापुर थानेदार रोहन कुमार ने बताया कि झपहां और भिखनपुर इलाके से लापता दोनों किशोरियों का सुराग लगा है। उनकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।




साइन इन