पूर्णिया में बस ड्राइवर की चाकू गोदकर हत्या, पहली पत्नी से चल रहा था विवाद
पूर्णिया के मरंगा में एक बस ड्राइवर की बीच सड़क चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक ने दो शादियां की थीं और पहली पत्नी से उसका विवाद चल रहा था। पूर्णिया बस स्टैंड से घर लौटते समय उस पर हमला किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बिहार के पूर्णिया जिले में एक बस ड्राइवर की हत्या से सनसनी मच गई। वारदात मरंगा थाना क्षेत्र के मिल्की वार्ड नंबर 10 में बुधवार देर शाम को हुई। मृतक की पहचान रूपौली थाना क्षेत्र के मतैली गांव निवासी 25 वर्षीय युगेश यादव के रूप में हुई है। उसकी चाकू से गोदकर हत्या की गई। वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, पारिवारिक विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि युगेश की दो शादियां हुई थीं और पहली पत्नी से उसका विवाद चल रहा था।
युगेश यादव रूपौली से पूर्णिया रूट पर बस चलाता था। जानकारी के अनुसार, वह रोजाना की तरह बुधवार शाम को पूर्णिया बस स्टैण्ड में बस लगाकर मरंगा थाना के मिल्की स्थित अपने किराये के आवास पर जा रहा था। आवास से कुछ दूरी पर वह पहुंचा ही था कि किसी ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया।
आनन-फानन में परिजन उसे पूर्णिया स्थित जीएमसीएच अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन की मानें तो एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना पर मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार दल-बल के साथ जीएमसीएच पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर-1 एसडीपीओ ज्योति शंकर ने बुधवार रात कहा कि परिजन से बयान लिया जा रहा है। डॉग स्क्वॉयड की टीम घटना स्थल पर पहुंच गई है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा। दूसरी ओर, मृतक की पत्नी पूजा देवी ने पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका जताई है। पत्नी पूजा देवी ने बताया कि उसके पति ने दो शादियां की थी और पहली पत्नी से उसका विवाद चल रहा था।
(पूर्णिया से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन