चुनाव आयोग को जवाब देंगे लेकिन..,दो वोटर आईडी विवाद पर ऐक्शन के बाद क्या बोलें तेजस्वी यादव
पटना से रवाना होते समय पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा भेजे गए नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने कहा ‘हम नोटिस का जवाब देंगे, लेकिन चुनाव आयोग हमारे सवालों का जवाब क्यों नहीं दे रहा?'

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को दो वोटर आईडी रखने के मामले में चुनाव आयोग ने हाल ही में नोटिस थमाया था। चुनाव आयोग के नोटिस के बाद अब तेजस्वी यादव ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी हैै। तेजस्वी यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि वो चुनाव आयोग से मिले नोटिस का जवाब देंगे लेकिन चुनाव आयोग उनके सवालों का जवाब कब देगा।
मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव रांची के लिए रवाना हुए। वे दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। पटना से रवाना होते समय पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा भेजे गए नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने कहा ‘हम नोटिस का जवाब देंगे, लेकिन चुनाव आयोग हमारे सवालों का जवाब क्यों नहीं दे रहा? हमने जो सवाल उठाए थे, अब वे सबके सामने आ गए हैं। वोटर लिस्ट के प्रारूप के बाद लगातार शिकायतें मिल रही हैं। हम सारी शिकायतें चुनाव आयोग को भेजेंगे और अपनी बात सुप्रीम कोर्ट में भी रखेंगे।’
तेजस्वी यादव के खिलाफ थाने में भी केस दर्ज
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के पक्ष में ‘‘दो मतदाता पहचान पत्र जारी करने’’ की जांच की मांग करते हुए पटना के दीघा थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने शिकायत को जिला निर्वाचन कार्यालय को भेज दिया है, जो ऐसे मामलों पर निर्णय लेने के लिए सक्षम अधिकारी है। यदि चुनाव अधिकारियों से ऐसा कोई निर्देश प्राप्त होता है तो प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है।’’
चुनाव आयोग ने भेजा था नोटिस
इससे पहले चुनाव आयोग ने बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को नोटिस भेज कर कथित तौर पर दो अलग-अलग मतदाता फ़ोटो पहचान कार्ड (एपिक) नंबर रखने के लिए स्पष्टीकरण मांगा था। चुनाव आयोग ने बीते रविवार को भेजे गए अपने नोटिस में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद एक अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट सूची से अपना नाम बाहर होने के तेजस्वी यादव के दावे को खारिज किया था और इस संबंध में उनके बयान का हवाला देते हुए कहा है कि राजद नेता ने अपना एपिक नंबर आरएबी 2916120 बताया था।
चुनाव आयोग ने अपने नोटिस में कहा था कि सत्यापन के बाद दीघा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी ने पाया कि एपिक नंबर आरएबी 2916120 आधिकारिक रूप से जारी नहीं किया गया है। नोटिस में चुनाव आयोग ने स्पष्ट रूप से कहा कि तेजस्वी यादव के मतदाता पहचान पत्र का वास्तविक मतदाता पहचान पत्र क्रमांक आरएबी 0456228 है और इस मामले में राजद नेता से स्पष्टीकरण मांगा गया है। चुनाव आयोग ने राजद नेता से 2 अगस्त को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके द्वारा उल्लिखित मतदाता पहचान पत्र क्रमांक आरएबी 2916120 का विवरण, मूल मतदाता पहचान पत्र सहित, उपलब्ध कराने को कहा है ताकि विस्तृत जांच की जा सके।




साइन इन