Tejashwi Yadav calls Bihar a poor state in Kerala JDU says his parents looted treasury केरल में तेजस्वी यादव ने बिहार को बताया ‘गरीब राज्य’, जेडीयू बोली- इनके मां-बाप ने ही लूटा खजाना, Bihar Hindi News - Hindustan
More

केरल में तेजस्वी यादव ने बिहार को बताया ‘गरीब राज्य’, जेडीयू बोली- इनके मां-बाप ने ही लूटा खजाना

आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने केरल में चुनाव प्रचार के दौरान बिहार को गरीब राज्य बताया। इस पर नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू भड़क गई। जेडीयू ने आरोप लगाया कि तेजस्वी के माता-पिता ने ही सत्ता में रहकर बिहार का खजाना लूटा था।

Wed, 1 April 2026 06:36 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
केरल में तेजस्वी यादव ने बिहार को बताया ‘गरीब राज्य’, जेडीयू बोली- इनके मां-बाप ने ही लूटा खजाना

बिहार के नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के एक बयान पर राजनीतिक पारा गर्मा गया है। केरल में आरजेडी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे तेजस्वी ने बिहार को देश का सबसे गरीब राज्य बताया। अब इस पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने आपत्ति जताई है। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने आरोप लगाते हुए तेजस्वी से कहा कि इनके मां-बाप (लालू यादव एवं राबड़ी देवी) ने ही बिहार का खजाना लूटा है। उन्होंने तेजस्वी से सार्वजनिक माफी मांगने को कहा।

उमेश कुशवाहा ने बुधवार को पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार को गरीब राज्य बताने से पहले तेजस्वी यादव को अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि किस तरह उनके माता-पिता ने सत्ता में रहते हुए बिहार के खजाने को लूटकर अपनी तिजोरियां भरने का काम किया।

जेडीयू नेता ने कहा कि तेजस्वी का केरल की धरती पर बिहार के लिए इस तरह का बयान देना शर्मनाक है। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव लगातार बिहार और बिहारवासियों की छवि को ठेस पहुंचाने वाले बयान दे रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी बिहारियों का अपमान करने वाले डीएमके नेताओं के साथ मंच साझा किया था। अब केरल चुनाव में वे बिहार को गरीब राज्य बताकर 14 करोड़ बिहारवासियों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचा रहे हैं।"

जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि साल 2005 से पहले बिहार की पहचान बीमारू राज्य के रूप में होती थी। मगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद बिहार की छवि बदल गई। नीतीश ने बिहार में सुशासन और विकास की नई पटकथा लिखी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राबड़ी आवास पर लगे ठुमके, पुराने रंग में दिखे लालू; तेजस्वी ने भी देखा लौंडा नाच

केरल में चुनाव प्रचार करने पहुंचे तेजस्वी, 3 सीटों पर लड़ रही RJD

लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी दक्षिण भारतीय राज्य केरल में 3 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। आरजेडी ने सत्ताधारी लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के साथ गठबंधन किया है। तेजस्वी यादव एलडीएफ के समर्थन में चुनाव प्रचार करने मंगलवार को केरल पहुंचे। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने उनका आभार भी जताया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पहले से सेट था, नीतीश कुमार के इस्तीफे पर तेजस्वी बोले- बीजेपी ने सबको ठगा

तेजस्वी ने क्या कहा?

केरल के कोझिकोड में मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने बुधवार को कहा कि आरजेडी ने यहां एलडीएफ के साथ गठबंधन किया है। वह यहां चुनाव प्रचार के लिए आए हैं। बिहार देश का सबसे गरीब राज्य है। जबकि केरल, बिहार की तुलना में एक विकसित राज्य है। हम केरल के स्वास्थ्य और शिक्षा के उदाहरण देते हैं। उन्होंने दाव किया कि एलडीएफ जीतेगा और फिर से सत्ताधारी गठबंधन की सरकार बनेगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गोली मारकर हत्या करने वाले थानेदार को मेडल क्यों? नीतीश, सम्राट पर बरसे तेजस्वी
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।