पहले से सेट था, नीतीश कुमार के इस्तीफे पर तेजस्वी यादव बोले- बीजेपी ने जनता, नेता सबको ठगा
तेजस्वी यादव ने कहा है कि बीजेपी ने जनता के साथ नीतीश कुमार को भी ठगा है। वे अब सीएम नहीं रहेंगे।

Tejaswi on Nitish Kumar Resignation: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर प्रहार किया है। कहा है कि भाजपा ने उन्हें ठगा है। अब वे सीएम भी नहीं रहेंगे। बीजेपी बिहार में महाराष्ट्रा मॉडल पर काम कर रही है। सबकुछ पहले से ही तय था।
30 मार्च को बिहार में सुपर सियासी मंडे के रूप में याद किया जाएगा। बीस सालों से बिहार की राजनीति की धूरी रहे नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। वे राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। तीस मार्च को उन्हें विधान परिषद की सदस्यता से त्यागपत्र देना ही था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोगों ने पहले ही कह दिया था कि नीतीश कुमार ज्यादा दिनों तक बिहार के सीएम नहीं रहेंगे। भाजपा महाराष्ट्रा के पैटर्न पर इन्हें किनारे लगा देगी। भाजपा ने जनता को धोखा दिया, नीतीश कुमार जी को धोखा दिया। अभी विधानमंडल से बाहर आए हैं, जल्द ही मुख्यमंत्री भी नहीं रहेंगे।
मीडिया को दिए बयान में तेजस्वी यादव ने कहा कि हम तो शुरू से ही कहते आ रहे थे कि चुनाव के कुछ दिनों के बाद नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बने रहेंगे। उन्हें शुरू में बनाया जाएगा और कुछ दिनों के बाद वही होगा जो महाराष्ट्रा में हुआ। बीजेपी के लोग उन्हें हटा रहे हैं वे जा नहीं रहे। बीजेपी ने नीतीश कुमार और बिहार की जनता सबको धोखा दिया है। बीजेपी की कथनी और करनी में हमेशा से जमीन-आसमान का फर्क रहा है। यह बात बिहार की जनता को भी पहले से ही पता था कि क्या होने वाला है। राजद के राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा ने कहा है कि नीतीश कुमार को दिल्ली लाया जा रहा है, वे आ नहीं रहे हैं।
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के बारे में तेजस्वी यादव ने कहा कि कोई युवा राजनीति में आता है तो स्वागत है। लेकिन, समय बताएगा कि वे कितना काम कर पाते हैं और पार्टी को संभाल पाते हैं। तेजस्वी यादव ने निशांत कुमार को शुभकामनाएं दी।
वहीं पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार को बिहार नहीं छोड़ना चाहिए। राज्य की जनता ने जिसके नाम पर वोट दिया है उसे ही सीएम के रूप में देखना चाहती है। अगर बीजेपी से मुख्यमंत्री बना तो जदयू का भारी नुकसान होगा। नीतीश कुमार अगर बिहार छोड़ते हैं तो उन्हें जदयू से सीएम नॉमिनेट कर देना चाहिए।




साइन इन