सुपौल : केंद्रीय जल संसाधन मंत्री ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां
सुपौल में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री राजभूषण निषाद ने मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों, गरीबों और महिलाओं के उत्थान के लिए चल रही योजनाओं का उल्लेख किया। मंत्री ने आर्थिक विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया।

सुपौल, कार्यालय संवाददाता। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री राजभूषण निषाद शनिवार को सुपौल पहुंचे, जहां भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र ऋषिदेव, पूर्व जिलाध्यक्ष नागेन्द्र नारायण ठाकुर तथा मौके पर उपस्थित दर्जनों जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
राजभूषण निषाद की प्रेस वार्ता
मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, मंत्र के साथ किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं, छात्रों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की है। किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी गई है। वहीं किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया गया है।
केंद्र सरकार की योजनाएं
गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के जरिए 74 लाख से अधिक छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को स्वरोजगार के लिए सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी योजना से 3 करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
आर्थिक विकास का विवरण
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने सड़क, बिजली और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास में अभूतपूर्व कार्य किया है। इसके अलावा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए सैकड़ों योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आर्थिक विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में देश की जीडीपी 2.02 ट्रिलियन डॉलर थी, जो वर्तमान में बढ़कर 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की विकासोन्मुख नीतियों और सुशासन का परिणाम बताया। प्रेस वार्ता के दौरान मौके पर पूर्व सांसद विश्वमोहन कुमार, सुपौल नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेन्द्र झा राघव, जिला महामंत्री प्रदीप सिंह मुन्ना, जिला महामंत्री कुणाल कुमार, लोकसभा प्रभारी पिंटू मंडल, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सरोज झा, जिला मंत्री महेशदेव, जिला प्रभारी अनुरंजन झा,जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, सचिन माधोगरिया, रंणधीर ठाकूर, अशोक शर्मा, मनोज पाठक, गोपाल साह, बैधनाथ भगत, सीमा कुशवाहा, विनिता कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन