Sonu Monu gang hits back on Anant Singh now firing at Mukesh Singh house Mokama सोनू-मोनू गैंग का अनंत सिंह पर पलटवार, अब मुकेश सिंह के भी घर पर हो गई गोलीबारी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सोनू-मोनू गैंग का अनंत सिंह पर पलटवार, अब मुकेश सिंह के भी घर पर हो गई गोलीबारी

मोकामा में बाहुबली पूर्व एमएलए अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच हुए शूटआउट के बाद एक बार फिर फायरिंग हुई है। शुक्रवार सुबह मुकेश सिंह के घर पर कई राउंड गोलीबारी की गई। आरोप सोनू-मोनू गैंग पर लगा है।

Fri, 24 Jan 2025 01:11 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
सोनू-मोनू गैंग का अनंत सिंह पर पलटवार, अब मुकेश सिंह के भी घर पर हो गई गोलीबारी

बिहार के मोकामा क्षेत्र में बुधवार को हुए गैंगवार के बाद सोनू-मोनू गैंग ने बाहुबली पूर्व विधायक सिंह के गुट पर पलटवार किया है। पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा-जलालपुर गांव में एक बार फिर गोलीबारी हुई है। आरोप हैं कि सोनू-मोनू गैंग की ओर से शुक्रवार अहले सुबह मुकेश सिंह के घर पर फायरिंग की गई। इसमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बता दें कि मुकेश सिंह ने दो दिन पहले सोनू-मोनू के खिलाफ मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकालने की शिकायत की थी। इसके बाद पूर्व विधायक अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ गांव पहुंचे थे और सोनू-मोनू गैंग से उनकी भिड़ंत्त हो गई। इस बीच सोनू-मोनू के घर पर कई राउंड गोलियां चली थीं।

पूर्व में सोनू-मोनू के मुंशी रह चुके मुकेश सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि कुछ बदमाश सुबह के वक्त उनके घर के यहां आए और करीब 15 राउंड फायरिंग की। बदमाशों ने जमकर गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी। दूसरी ओर, बुधवार को हुए शूटआउट के मामले में आरोपी सोनू सिंह और दूसरे पक्ष से अनंत सिंह के एक समर्थक रौशन सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में दोनों ही पक्षों के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज हैं। सोनू के पिता का दावा है कि उनके बेटे ने खुद जाकर सरेंडर किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मोकामा गैंगवार में अनंत सिंह और सोनू-मोनू पर 3 FIR, जानिए किस पर क्या आरोप हैं

पटना के एसएसपी अवकाश कुमार ने शुक्रवार सुबह मीडिया से बातचीत में कहा कि फायरिंग का एक वीडियो वायरल हो रहा है। नौरंगा-जलालपुर गांव में बुधवार शाम के बाद से पुलिस बल की तैनाती की गई है। अभी तक वहां से दोबारा गोलीबारी की कोई सूचना नहीं मिली है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मोकामा शूटआउट में बड़ी कार्रवाई, सोनू और अनंत सिंह समर्थक रौशन गिरफ्तार

वहीं, बाढ़ क्षेत्र के एएसपी राकेश कुमार ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि सुबह में मुकेश सिंह के घर पर फायरिंग की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद हाथीदह सीओ और वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके से तीन खोखे मिले। एफएसएल की टीम को बुलाकर जांच कराई जा रही है। लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटाई जा रही है। इससे पहले भी फायरिंग हो चुकी है। एएसपी ने स्पष्ट कहा कि जो भी इन घटनाओं में शामिल हैं उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:VIDEO: गोलियों की तड़तड़ाहट और भागते लोग, देखिए अनंत सिंह के साथ क्या हुआ

मोकामा में हुए शूटआउट के बाद से बिहार सरकार कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष के सवालों के घेरे में आ गई है। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने शुक्रवार को पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार पूरी सजगता के साथ कानून का राज स्थापित करने में लगी है। छोटी-मोटी घटनाओं पर सरकार की निगाहें हैं, गलत करने वाले बचेंगे नहीं, ईमानदारी के साथ प्रशासन भी लगा है। दूसरे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि अपराधी कोई भी हो सीधी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।