गला रेतकर युवक की हत्या, जिस्म के कई हिस्से काटे; बिहार के भागलपुर में खूनी कांड
महंत बाबा स्थान में पूजा करने आयी महिलाओं ने छोटू को देखा। पहले तो महिलाएं समझीं कि वह सोया है, लेकिन खून से लथपथ देखने के बाद घटना की जानकारी लोगों को दी।

बिहार के भागलपुर में रंगरा थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित मदरौनी चौक से कुछ दूरी पर महंत स्थान के पास एक युवक की बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। बदमाशों ने गला रेतने के बाद शरीर के अन्य हिस्सों को भी काटा। मृतक रंगरा के सहौरा निवासी रामदेव रजक का पुत्र छोटू रजक (35) है। बदमाशों ने मृतक के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर घटना को अंजाम दिया। घटना गुरुवार रात की है।
शुक्रवार को महंत बाबा स्थान में पूजा करने आयी महिलाओं ने छोटू को देखा। पहले तो महिलाएं समझीं कि वह सोया है, लेकिन खून से लथपथ देखने के बाद घटना की जानकारी लोगों को दी। सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। रंगरा के प्रभारी थानाध्यक्ष आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि मदरौनी में एक युवक की हत्या हुई है। परिजन बता रहे हैं कि रात में एक आदमी बुलाकर ले गया था। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। जल्द ही बदमाश गिरफ्तार होंगे।
आक्रोशित लोगों ने नहीं उठाने दिया शव
घटनास्थल पर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए जब शव को उठाया जाने लगा तो मृतक के परिजनों के अलावा ग्रामीणों ने इसका विरोध कर दिया। लोगों ने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। ग्रामीण घटनास्थल पर एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। स्थिति बिगड़ता देख नवगछिया एसपी के निर्देश पर नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश, नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार के अलावा कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर लोग मानने को तैयार नहीं थे। परिजनों द्वारा मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की जा रही थी। लोगों का कहना था कि डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक टीम के बुलाने के बाद ही शव को उठाने दिया जाएगा। इसके बाद लगभग 11 बजे के करीब डॉग स्क्वायड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घटना में संलिप्त बदमाशों के सुराग एवं शिनाख्त के लिए जांच में जुट गई। जांच पूरी करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
पत्नी उदय और कैला का ले रही थी नाम
घटना के बाद घटनास्थल पर मृतक छोटू रजक की पत्नी बेबी देवी के अलावा उनकी बहन, माता, पिता रामदेव रजक व परिवार के दर्जनों सदस्य दहाड़ मारकर रो रहे थे। पत्नी चीख चीख कर कह रही थी कि उदैया आरू कैला ने बोलाय कय हमरौ पति कै मारी देलकय हो बाबू, अबय हमरा परिवार कय के देखतै हो बाबू।
मोबाइल से खुलेगा राज
मृतक के मोबाइल में आए कॉल से ही हत्या का राज खुलेगा। पुलिस मृतक का मोबाइल खंगाल रही है। अवैध संबंध के मामले में भी पुलिस जांच कर रही है। मृतक छोटू रजक के बड़े भाई मनोज रजक ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात्रि लगभग नौ बजे के करीब मैं घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान गांव के ही उदय सिंह मेरे घर पर आए और छोटू को कहीं जाने की बात कहने लगे तो मैं छोटू से पूछा कि कहां जा रहे हो तो छोटू ने कहा कि कहीं नहीं जा रहे हैं। बगल से तुरंत वापस लौटते हैं। मृतक के संबंध में बताया जा रहा है कि वह पूर्णिया, कुर्सेला और काढ़ागोला में रैक प्वाइंट पर मजदूरी का काम करता था।




साइन इन