Siwan schools coaching institutes banned on Modis rally children return from summer vacation on June मोदी की रैली के दिन सीवान के स्कूल, कोचिंग में पढ़ाई पर बैन; 23 जून को गर्मी छुट्टी से लौटेंगे बच्चे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मोदी की रैली के दिन सीवान के स्कूल, कोचिंग में पढ़ाई पर बैन; 23 जून को गर्मी छुट्टी से लौटेंगे बच्चे

सीवान में पीएम मोदी रैली के दिन सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक गतिविधियों पर बैन रहेगा। डीएम ने इसकी चिट्ठी जारी कर दिया है।

Thu, 19 June 2025 12:50 PMSudhir Kumar हिन्दुस्तान, सीवान
share
मोदी की रैली के दिन सीवान के स्कूल, कोचिंग में पढ़ाई पर बैन; 23 जून को गर्मी छुट्टी से लौटेंगे बच्चे

बीस जून (शुक्रवार को) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आ रहे हैं। सीवान के पचरुखी प्रखंड के जसौली खर्ग में पीएम एक जनसभा को संबोधित करेंगे और बिहार को करोड़ों की सौगात भी देंगे। बीजेपी और जिला प्रशासन इसकी तैयारी में पूरी ताकत के साथ जुटे हुए हैं। बीस जून को सीवान के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों के साथ सभी कोचिंग सेंटर, आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद कर दिया गया है। डीएम आदित्य प्रकाश ने पत्र जारी इसका कारण भी बताया है। हालांकि आरजेडी ने डीएम के पत्र पर राजनीति शुरू कर दिया है।

डीएम के पत्र में कहा गया है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव रहेगा। इस वजह से स्कूलों की गाड़ियों और बच्चों के स्कूल, कोचिंग जाने और लौटने में बच्चों को कठिनाई होगी। गर्मी की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए डीएम ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत सीवान के सभी सरकारी, निजी स्कूलों, कोचिंग संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। हालांकि, इन दिनों स्कूलों में गर्मी की छुट्टी चल रही है। 23 जून तक गर्मी की छुट्टी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:8 कोच वाली नई वंदे भारत पटना पहुंची, 20 जून को पीएम इस रूट पर दिखाएंगे हरी झंडी

डीएम के इस पत्र पर राजनीति शुरू हो गई है। राजद के राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा ने इस पत्र को ट्वीट कर तंज कसा है। अपने सोशल मीडिया हैंडल पर उन्होंने लिखा हैकि प्रधानमंत्री जी के चुनावी दौरे और भाषण के मद्देनजर शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध, पढ़ेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया की हकीकत आपके सामने है।

इस बीच स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा है कि 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीवान के जसौली गांव में आ रहे हैं। वहां वे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की होने वाली जनसभा के लिए सीवान में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस कार्यक्रम के लिए पांच शेड लगाए गए हैं, जिनमें से हर एक में लगभग 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। सिवान जिले में पीएम मोदी के आगमन को लेकर हर वर्ग में उत्साह चरम पर है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बहस का डेट और समय बताएं, तेजस्वी ने मंगल पांडे चैलेंज कबूला? नित्यानंद राय गर्म

श्री पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पीएम मोदी जी का बार - बार बिहार आना इस राज्य के प्रति उनके विशेष लगाव और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। जब भी प्रधानमंत्री बिहार आते हैं, प्रदेश को बड़ी सौगात देकर जाते हैं। इस बार भी बिहार को करीब 9518 करोड़ रुपये की योजनाओं का लाभ मिलेगा।

शुक्रवार को पीएम मोदी के होने वाले कार्यक्रम में सिर्फ एक दिन बाकी है। इसके मद्देनजर सुरक्षा-व्यवस्था चुस्त कर दी गई है। पीएम के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एजेसियों के साथ ही जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ चुकी है। 90 बिगहा में फैला सभा स्थल पुलिस छावनी में बदल चुका है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मोदी सरकार के मंत्री ने कोर्ट में किया सरेंडर, जमानमत मिली; क्या है मामला

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की अभूतपूर्व व्यवस्था की गई है। करीब 90 बिगहा में फैले सभा स्थल से इतर पीएम व सीएम के लिए 3-3 हैलिपैड 40 बिगहा में व लगभग 50 बिगहा में 20 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इस बीच, ट्रायल के लिए दो हेलिकॉप्टर भी पीएम के लिए बनाए गए हैलिपैड पर बुधवार को लैंड किया। बताया जा रहा कि 17 पार्किंग स्थल जसौली खर्ग में जबकि तीन पचरुखी में बनाए गए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पीएम मोदी की सीवान रैली पर प्रशासन अलर्ट, बिप्रसे के 25 अधिकारियों की तैनाती
ये भी पढ़ें:पीएम मोदी के प्रोग्राम में लापरवाही पड़ा भारी, सीनियर डिप्टी कलेक्टर सस्पेंड

बहरहाल, सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। बताया जा रहा कि पीएम मोदी की सुरक्षा को लेकर एसपीजी एटीएस पहुंच चुकी है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभा स्थल पर डाग स्कवार्यड, बम डिटेक्शन इक्विपमेंट व ज्वलनशील पदार्थों की जांच लगातार तकनीकी मशीनरी से की जा रही है। बताते हैं कि सभा स्थल की निगरानी लगभग 200 सीसीटीवी से की जायेगी। पीएम की सभा को लेकर पांच हैंगर लगाए गए हैं, जहां करीब 99 मेटल डिटेक्टर के जरिए सभा स्थल में प्रवेश करने वाले प्रत्येक महिला-पुरुष की जांच की जायेगी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।