सीतामढ़ी में जानकी मंदिर का शिलान्यास कल, स्कूल बंद रहेंगे; पुनौरा धाम में बनेगा रेलवे स्टेशन
अमित शाह और नीतीश कुमार शुक्रवार 8 अगस्त को सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में मां जानकी मंदिर की आधारशिला रखेंगे। इस कारण जिले में कल स्कूल-कोचिंग बंद रहेंगे। बिहार सरकार ने केंद्र को पुनौरा धाम में रेलवे स्टेशन खोलने का प्रस्ताव भी दिया है।
बिहार के सीतामढ़ी में मां सीता की जन्मस्थली पुनौरा धाम पर भव्य जानकी मंदिर का शिलान्यास शुक्रवार को होगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई नेता, साधु-संत और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम के चलते सीतामढ़ी जिले में 8 अगस्त को सभी सरकारी एवं निजी स्कूल और कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। वहीं, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। 9 जगहों पर आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। पुनौरा धाम में नया रेलवे स्टेशन भी बनाया जाएगा। बिहार सरकार ने इसका प्रस्ताव केंद्र को भेजा है। मंजूरी मिलते ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
8 अगस्त को पुनौराधाम में मां जानकी के भव्य मंदिर निर्माण का शिलान्यास व भूमि पूजन करने आ रहे देश के गृहमंत्री अमित शाह के सीतामढ़ी आगमन को लेकर शहर के कई स्थानों पर नो एंट्री रहेगी। पुनौराधाम में माता सीता के मंदिर निर्माण को ले शिलान्यास के कार्यक्रम के अवसर पर भीड़ को देखते हुए कार्यक्रम के मद्देनज़र पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) सीतामढ़ी द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से नगर के लिए रूट चार्ट जारी किया गया है।
यह प्रतिबंध कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल कार्यक्रम से संबंधित वाहन ही इन मार्गों पर प्रवेश कर सकेंगे, शेष सभी वाहनों पर नो एंट्री लागू रहेगी। बताया गया है कि इस दिन मालवाहक वाहन एवं अन्य वाहन पर 9 स्थानों पर नो इंट्री रखी गई है। हालांकि इससे कार्यक्रम से संबंधित वाहनों को वर्जित रखा गया है। इन 9 स्थानों में बाजितपुर, विश्वनाथपुर, बड़ी बाजार, पुनौरा थाना, गौशाला चौक, अम्बेकर चौक, हुसैना, कांटा चौक व पमरा शामिल है।
मुजफ्फरपुर से आने वाले वाहनों के लिए रूट चार्ट
बताया गया है कि मुजफ्फरपुर से आने वाले सभी वाहनों को बाजितपुर व विश्वनाथपुर में ही रोक दिया जाएगा। इसके साथ ही सीतामढ़ी शहर के अंदर से आने वाले वाहनों को बड़ी बाजार से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। इधर, बेलसंड, परसौनी व शिवहर की ओर से आने वाले वाहनों को पमरा व पुनौरा थाना पर ही रोक दिया जाएगा।
वहीं नगर व रीगा की ओर से आने वाले वाहनों को अंबेडकर चौक और गोशाला चौक पर ही रोक दिया जाएगा और पुपरी, सोनबरसा, सुरसंड, चोरौत, परिहार के तरफ से आने वाले वाहनों को हुसैना व कांटा चौक पर ही रोक दिया जाएगा। इस परिधी में 8 अगस्त को नगर प्रवेश पर नो- इंट्री होगी।
पुनौरा धाम में रेलवे स्टेशन बनेगा
पुनौरा धाम में माता जानकी मंदिर के पास रेलवे स्टेशन के निर्माण की पहल शुरू हुई है। बिहार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार को बुधवार को इसका प्रस्ताव भेजा। इसमें कहा गया है कि सीतामढ़ी से शिवहर के बीच 28 किलोमीटर नई रेल लाइन का निर्माण हो रहा है। सीतामढ़ी के बाद 10.6 किलोमीटर की दूरी पर रेवासी स्टेशन है। इन दोनों स्टेशनों के बीच ही मंदिर का निर्माण हो रहा है।
मौजूदा व्यवस्था में मंदिर जाने के लिए श्रद्धालुओं को सीतामढ़ी से उतरकर लगभग 6 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी जबकि रेवासी से 5:30 किलोमीटर पहले ही माता जानकी का मंदिर है। वैसे माता जानकी के मंदिर से सिर्फ 1.6 किलोमीटर की दूरी पर ही रेल लाइन गुजर रही है।
मुख्य सचिव ने पत्र में कहा है कि माता जानकी मंदिर तक पहुंचने के लिए एनएच का निर्माण हो रहा है। लेकिन जब बगल से रेलवे लाइन गुजर रही है तो एक स्टेशन का भी निर्माण किया जाना चाहिए। पुनौरा धाम स्टेशन बनने से लोग आसानी से मंदिर आ जा सकेंगे।
स्कूल बंद रखने का आदेश
सीतामढ़ी जिले के सभी निजी व सरकारी स्कूलों (प्री-स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों समेत) निजी कोचिंग संस्थानों में 8 अगस्त को शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन को प्रतिबंधित किया गया है। जिला दंडाधिकारी रिची पांडेय ने आदेश जारी कर कहा है कि पुनौराधाम में आठ अगस्त को माता जानकी की मंदिर का शिलान्यास कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम निर्धारित है।
शिलान्यास कार्यक्रम में संभावित भीड़ व जिले के अन्य मार्गो पर वाहनों के दबाव के कारण स्कूल वाहनों द्वारा बच्चों के स्कूल आने-जाने में काफी कठिनाइयों एवं गर्मी से उनके स्वास्थ्य व जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसके चलते भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत सभी निजी व सरकारी स्कूलों निजी कोचिंग संस्थानों में आठ अगस्त को शैक्षणिक गतिविधयों के संचालन पर रोक लगा दिया गया है।
हर जगह सुरक्षाबलों की नजर, हर चीज की हो रही जांच
मंदिर परिसर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। मंदिर परिसर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की नजर है। लगातार हर आने वाले वस्तुओं की जांच की जा रही है। यहां तक की कार्य के दौरान भी डॉग स्क्वायड की मदद से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। ताकि कार्यक्रम के दिन कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं हो। सभा को लेकर मंदिर परिसर में ही पंडाल बनाया जा रहा है।
वहीं मंदिर के साजो-सज्जा को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। दिन रात एक कर कारीगर सभी को अंतिमरूप देने में जुटे है। साउंड सिस्टम से लेकर बिजली व पानी सहित अन्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे है। बता दें कि एक लाख से अधिक लोगों के इस ऐतिहासिक पल में शामिल होने की संभावना है। शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मिथिला से अवध तक के लोग शामिल होंगे। इसको लेकर मौखिक रूप से भी निमंत्रण दिया गया है।




साइन इन