Bomb blast threat Bihar Vidhan Sabha after courts new email panic before Rajya Sabha Elections कोर्ट-कचहरी के बाद अब विधानसभा को उड़ाने की धमकी, राज्यसभा चुनाव से पहले एक और ईमेल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

कोर्ट-कचहरी के बाद अब विधानसभा को उड़ाने की धमकी, राज्यसभा चुनाव से पहले एक और ईमेल

राज्यसभा चुनाव से 3 दिन पहले बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। इससे पहले पटना सिविल कोर्ट समेत बिहार की अन्य अदालतों को उड़ाने की धमकी मिली थी।

Fri, 13 March 2026 04:38 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
कोर्ट-कचहरी के बाद अब विधानसभा को उड़ाने की धमकी, राज्यसभा चुनाव से पहले एक और ईमेल

बिहार में कोर्ट-कचहरी के बाद अब सीधे विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिल गई है। राज्यसभा चुनाव से पहले बिहार विधानसभा को उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिला है। इससे पहले पटना सिविल कोर्ट समेत बिहार की अन्य कई अदालतों में बम ब्लास्ट की धमकियों भरे ईमेल मिल चुके हैं। शुक्रवार को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया। पूरे परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा कर्मियों द्वारा चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बिहार विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। इसके बाद डॉग स्क्वॉयड की टीम परिसर में पहुंची और एक-एक कोने की तलाशी ली गई। जांच के दौरान कहीं भी बम होने की सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने पर एटीएस की टीम भी विधानसभा पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।

स्पीकर ने अफसरों के साथ की बैठक

रिपोर्ट्स के अनुसार, बिहार विधानसभा के स्पीकर प्रेम कुमार ने भी धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद आपात बैठक बुलाई। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही, धमकी भरा ईमेल किसके द्वारा भेजा गया, इसकी भी जांच करने को कहा। बताया जा रहा है कि साइबर एक्सपर्ट की टीम को भी एक्टिव कर दिया गया है। धमकी भरा ईमेल भेजने वाले के बारे में पता लगाया जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना कोर्ट को उड़ाने का मेल किसने भेजा? जैसलमेर, चेन्नई से खाली हाथ लौटी पुलिस

16 मार्च को है राज्यसभा चुनाव

बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने जा रहा है। 16 मार्च को विधानसभा परिसर में ही मतदान होगा। इस दिन राज्य के सभी विधायक विधानसभा में मौजूद रहेंगे और मतदान में हिस्सा लेंगे। वोटिंग से महज तीन दिन पहले सदन को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिलने पर सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ गए हैं।

पटना सिविल कोर्ट को 3 बार उड़ाने की धमकी

बता दें कि पिछले एक महीने में 3 बार पटना सिविल कोर्ट और बिहार की अन्य अदालतों में भी बम धमाके की धमकी मिल चुकी है। फरवरी महीने में दो बार और इस महीने एक बार धमकी मिली। सुरक्षा एजेंसियों ने हर बार सिविल कोर्ट परिसर की जांच की, लेकिन कुछ नहीं मिला।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना सिविल कोर्ट को तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी, बेगूसराय में भी आया ईमेल

हैरानी की बात यह है कि पटना पुलिस अभी तक सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी भरा ईमेल भेजने वाले शख्स का पता भी नहीं लगा पाई है। पिछले दिनों बिहार पुलिस की एक टीम राजस्थान और चेन्नई में गई थी, लेकिन दोनों जगहों से खाली हाथ लौटना पड़ा था। अब विधानसभा को उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा कर्मियों की परेशानी और बढ़ गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी का तमिलनाडु कनेक्शन! ईमेल में क्या लिखा
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।