हर महीने चार बार मेडिकल कॉलेज की चेकिंग, एक बार औचक निरीक्षण, ऐक्शन में सम्राट सरकार
बिहार सरकार ने मेडिकल कॉलेजों की निगरानी बढ़ा दी है, अब हर महीने चार बार विशेष टीमें अस्पतालों की जांच करेंगी। वहीं, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उत्तर कोयल जलाशय योजना और गंगा नदी पर बन रहे सुल्तानगंज-अगुवानी घाट जैसे बड़े पुलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को…

Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य के मेडिकल कॉलेज अस्पतालों (MCH) में स्वास्थ्य सेवाओं की गिरती साख को बचाने और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों का महीने में कम से कम चार बार नियमित निरीक्षण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग जल्द ही इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करने जा रहा है। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
औचक निरीक्षण से खुलेगी पोल
स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय स्तर से विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो बिना किसी पूर्व सूचना के राज्य के मेडिकल कॉलेज अस्पतालों का दौरा करेंगी। सरकार ने निर्णय लिया है कि महीने में होने वाले कुल चार निरीक्षणों में से एक औचक निरीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। इन निरीक्षणों के दौरान टीम कई मुख्य बिंदुओं पर बारीकी से जांच करेगी।
इसमें डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की समय पर उपस्थिति, मरीजों को अस्पताल से मुफ्त दवाओं की उपलब्धता, वार्डों और ऑपरेशन थिएटरों में साफ-सफाई का स्तर, और आपातकालीन वार्ड में मिलने वाली तुरंत सुविधाओं की स्थिति शामिल है। निरीक्षण के तुरंत बाद, यह टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट सीधे सरकार को सौंपेगी। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
4 बड़े प्रोजेक्ट्स पर फोकस
राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ विकास की रफ्तार को तेज करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में सिंचाई और पथ निर्माण विभाग की दो-दो बड़ी परियोजनाओं पर विशेष फोकस रहा। मुख्य सचिव ने उत्तर कोयल जलाशय योजना के अवशेष कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और मंडई वीयर सहित इससे जुड़ी मुख्य नहर प्रणालियों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
वहीं, पथ निर्माण के क्षेत्र में बख्तियारपुर से ताजपुर के बीच गंगा नदी पर बन रहे ग्रीनफील्ड महासेतु के कार्यों का जायजा लिया गया, जो उत्तर और दक्षिण बिहार की दूरी को काफी कम कर देगा। इसके अलावा, भागलपुर और खगड़िया के बीच निर्माणाधीन सुल्तानगंज-अगुवानी घाट फोर लेन पुल की प्रगति पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों को इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।




साइन इन