सम्राट चौधरी ने दी बच्चियों की सुरक्षा की गारंटी, सीएम बोले- घर पहुंचने तक चैन की नींद नहीं सोएगी पुलिस
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की बच्चियों की सुरक्षा की गारंटी दी है। सीएम ने ऐलान किया कि जब तक बच्चियां अपने घर तक सुरक्षित नहीं पहुंच जाती, पुलिस चैन की नींद नहीं सोएगी।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार को लेकर कई बड़े एलान किए। उन्होंने अपराध, शिक्षा और रोजगार पर कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। महिलाओं की सुरक्षा को अपनी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हमारी बच्चियां और माताएं-बहनें पूरी तरह सुरक्षित रहें, इसकी गारंटी हमारी पुलिस करेगी। स्कूल हो या कॉलेज, हर जगह पुलिस खड़ी रहेगी। जब तक हमारी बच्चियां सुरक्षित घर नहीं पहुंच जातीं, तब तक पुलिस चैन की नींद नहीं सोएगी।
नालंदा जिले के दौरे पर पहुंचे सीएम ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच थी कि गरीबों और महिलाओं को सहूलियत मिले। इसी तर्ज पर ब्लॉक, अंचल और थाने के चक्कर काटने से लोगों को निजात मिलेगी। 19 मई से पंचायत स्तर पर एक नए अभियान की शुरुआत होगी। हर महीने पहले मंगलवार को पंचायत स्तर पर इन तीन प्रमुख विभागों से जुड़ी समस्याओं का गांव में ही निपटारा किया जाएगा।
हर ब्लॉक में मॉडल स्कूल, अफसरों के बच्चे भी यहीं पढ़ेंगे
उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 534 प्रखंडों में विश्वस्तरीय मॉडल स्कूल और कॉलेज बनाए जाएंगे। इनकी गुणवत्ता किसी भी महंगे प्राइवेट स्कूल से बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि हम ऐसा स्कूल बनाएंगे कि मंत्री, नेता और बड़े पदाधिकारियों के बच्चे भी उसमें पढ़ने के लिए तरसें। जिस दिन इन स्कूलों में अपने बच्चों का एडमिशन कराने के लिए बड़े नेताओं, विधायकों, सांसदों और अधिकारियों की पैरवी आने लगेगी, मैं समझूंगा कि मॉडल स्कूल का सपना पूरा हो गया। गरीबों के बच्चे भी इसी शानदार व्यवस्था में पढ़ेंगे।
एक करोड़ रोजगार और निवेश पर जोर: सीएम
सीएम ने आश्वस्त किया कि वे पीएम नरेंद्र मोदी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के विकसित व समृद्ध बिहार के सपने को ही आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने ऐलान किया कि 2025 से 2030 के बीच राज्य में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया जाएगा। राज्य में सड़क और बिजली पहुंच चुकी है, अब निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। 20 नवंबर तक बिहार की धरती पर 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश उतारने का लक्ष्य तय किया गया है।
सीएम बनने के बाद पहली बार नालंदा पहुंचे सम्राट
बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार शुक्रवार को नालंदा पहुंचे। वे सड़क मार्ग से सरमेरा प्रखंड के प्रणावां गांव आए। यहां उन्होंने श्री श्री 108 श्री शरण निवास बाबा महतो साहब की जन्मस्थली पर आयोजित राजकीय मेले का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया।
(नालंदा के सरमेरा से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन