अपराधियों को माला पहनाने की जरूरत नहीं, माला चढ़ाइए; सम्राट चौधरी की पुलिस को खुली छूट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी जिलों के डीएम और एसपी संग समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अपराधियों को माला पहनाने की जरूरत नहीं है, माला चढ़ाइए। आपराधिक घटनाओं में 12-13 दिनों में पूरा ऐक्शन सुनिश्चित होना चाहिए।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस को खुली छूट दे दी है। सभी जिलों के जिलाधिकरी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के साथ गुरुवार को आयोजित बैठक में सीएम ने कहा कि अपराधियों को माला पहनाने की जरूरत नहीं है, माला चढ़ाइए। सीएम का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बिहार में 24 घंटे के भीतर पुलिस के दो एनकाउंटर हुए। इनमें से एक में हत्याकांड के आरोपी को ढेर कर दिया गया, जबकि दूसरे में पैर में गोली मारकर 'लंगड़ा' किया गया।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद डीएम और एसपी के साथ उनकी यह पहली बैठक थी। पटना स्थित राज्य कन्वेंशन हॉल में आयोजित इस बैठक में सीएम ने राज्य में कानून व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसेवा वितरण की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम सम्राट ने कहा कि हत्या समेत किसी भी आपराधिक घटना के 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही समय पर चार्जशीट भी दाखिल कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि आपराधिक मामलों में 12 से 13 दिनों के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाना चाहिए, जिससे जनता को प्रशासन के सतर्क होने का स्पष्ट संकेत मिल सके।
बच्चियों से अपराध करने वालों पर माला चढ़ाएं
सम्राट चौधरी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चियों से होने वाले अपराध में किसी भी तरह की ढिलाई ना बरती जाए। जो अपराधी 10-12 साल की बच्ची के साथ अपराध करता है, उसे माला पहनाने की जरूरत नहीं, बल्कि उस पर माला चढ़ाई जाए। सीएम ने कहा कि जो अपराधी 15 साल से छोटी बच्चियों के साथ अपराध कर सकता है, तो वो अपने परिवार में भी कुछ कर सकता है।
24 घंटे में दो एनकाउंटर
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण प्रसाद की हत्या करने के आरोपी रामधनी यादव को पुलिस ने बुधवार तड़के एनकाउंटर में ढेर कर दिया। इसके 24 घंटे के भीतर ही सीवान में भी मुठभेड़ हुई। यहां पूर्व भाजपा एमएलसी मनोज सिंह के भांजे की गोली मारकर हत्या के आरोपी छोटु यादव को भी पुलिस ने गुरुवार तड़के एनकाउंटर में घायल कर दिया। उसे पैर में गोली लगी है। बिहार में अपराधियों और पुलिस के बीच लगातार हो रही मुठभेड़ के बीच आए मुख्यमंत्री के माला पहनाने वाले बयान को लेकर सियासत गर्माई हुई है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)




साइन इन