Samrat cabinet expansion JDU Proposed ministers List New faces including Nishant सम्राट कैबिनेट विस्तार में जदयू से किस-किस की लगेगी लॉटरी, संभावित मंत्रियों में नए चेहरे कौन?, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सम्राट कैबिनेट विस्तार में जदयू से किस-किस की लगेगी लॉटरी, संभावित मंत्रियों में नए चेहरे कौन?

सम्राट कैबिनेट में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू कोटे से 10-12 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। पुरानी कैबिनेट के चेहरों को रिपीट किया जा रहा है, जबकि कुछ नए चेहरे भी शपथ लेंगे। निशांत कुमार के अलावा संभावित मंत्रियों के नामों की सूची में किस-किस का नाम है, यहां देखें।

Wed, 6 May 2026 05:51 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
सम्राट कैबिनेट विस्तार में जदयू से किस-किस की लगेगी लॉटरी, संभावित मंत्रियों में नए चेहरे कौन?

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार में अब कुछ घंटों का समय बचा है। नई सरकार में पूर्व सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) से कौन-कौन मंत्री बनेगा, इसकी संभावित सूची सामने आई है। जदयू से कुछ नए चेहरे भी हैं, जिन्हें सम्राट सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है। कैबिनेट विस्तार में नीतीश की पार्टी जातिगत एवं सामाजिक समीकरणों को भी साधने की कोशिश करेंगे। जदयू अध्यक्ष नीतीश के बेटे निशांत कुमार के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में आया है, फाइनल मुहर अभी बाकी है।

नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार 7 मई को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा। राज्यपाल सैयद अता हसनैन सभी नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। दरअसल, नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने के बाद पिछले महीने जब नई सरकार का गठन हुआ था, तब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जेडीयू से दो डिप्टी सीएम विजय चौधरी एवं बिजेंद्र यादव ने ही शपथ ली थी। अब कैबिनेट विस्तार में जदयू के अलावा भाजपा, लोजपा-आर, हम और रालोमो से मंत्री बनाए जा रहे हैं।

भाजपा-जदयू की हिस्सेदारी बराबर

सम्राट कैबिनेट में 16-16 पद भाजपा एवं जदयू के पास रहेंगे। दो पद चिराग पासवान की पार्टी लोजपा-रामविलास के रहेंगे। वहीं, जीतनराम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो से एक-एक मंत्री होंगे। जदयू कोटे से दो-तीन पद खाली रखे जा सकते हैं। गुरुवार को होने वाले कैबिनेट विस्तार में नीतीश की पार्टी से 10-12 नेताओं को शपथ दिलाए जाने की चर्चा है। पार्टी के दो नेता पहले ही डिप्टी सीएम पद की शपथ ले चुके हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सम्राट कैबिनेट में निशांत के नाम का आया प्रस्ताव, नीतीश लेंगे अंतिम फैसला

पुराने चेहरे रिपीट होंगे

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में जब सरकार का गठन हुआ था, उस समय मंत्री बनाए गए जदयू के सभी चेहरों को सम्राट मंत्रिमंडल में भी रिपीट किया जाएगा। किसी का नाम ड्रॉप नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा 4-5 चेहरों को भी सम्राट कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सम्राट के घर पहुंचे संजय, विजय और ललन; कैबिनेट विस्तार से पहले भाजपा-JDU का मंथन

नए चेहरे कौन-कौन

जदयू के संभावित मंत्रियों की जो सूची रिपोर्ट्स में बताई जा रही है, उसमें श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, जमा खान और सुनील कुमार का नाम शामिल है। ये सभी पिछली नीतीश कैबिनेट में भी मंत्री थे। इसके अलावा, नए चेहरों में शीला मंडल, रत्नेश सदा, निशांत कुमार, दामोदर रावत, बुलो मंडल और भगवान सिंह कुशवाहा का नाम भी चल रहा है। इनमें से रत्नेश सदा और भगवान सिंह कुशवाहा पूर्व में मंत्री रह चुके हैं।

जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने संभावित मंत्रियों की सूची बुधवार को पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार को सौंप दी है। नीतीश की फाइनल मुहर के बाद जो सूची रहेगी, वे नेता गुरुवार को मंत्री पद की शपथ लेंगे। संजय झा और ललन सिंह ने निशांत का नाम भी इस सूची में रखा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सम्राट कैबिनेट के शपथ ग्रहण की तैयारियों में बारिश का खलल, गांधी मैदान में पानी
ये भी पढ़ें:सम्राट कैबिनेट विस्तार: टीम निशांत से कुछ बनेंगे JDU के मंत्री! रेस में कौन MLA?
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।