सम्राट कैबिनेट के शपथ ग्रहण की तैयारियों में बारिश का खलल, गांधी मैदान में भरा पानी; मशीनों के साथ 200 कर्मी तैनात
पटना में बुधवार को हुई बारिश ने सम्राट कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी कर रहे प्रशासन की परेशानियां बढ़ा दीं। गांधी मैदान में कुछ जगहों पर पानी भर गया है। उसे निकाल कर मैदान को समतल करने के प्रयास जारी हैं।

बिहार में सम्राट कैबिनेट विस्तार के साथ ही गुरुवार 7 मई को नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण होना है। यह समारोह राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित होगा। प्रशासन इसकी तैयारियों में जुटा हुआ है। इस बीच पटना में बुधवार दोपहर को कुछ देर के लिए हुई बारिश ने तैयारियों में खलल डाल दिया। लगभग 10-12 मिनट हुई बूंदाबांदी की वजह से गांधी मैदान में कुछ जगहों पर जलजमाव हो गया है। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारी पानी को निकालने में जुटे हुए हैं। नगर नगम की दो सुपर शॉकर मशीनें गांधी मैदान में तैनात की गई हैं।
बारिश के बावजूद गांधी मैदान में हेलीपैड निर्माण, पंडाल निर्माण और कुर्सियों को सजाने का काम जारी रहा। मुख्य पंडाल परी तरह वाटरप्रूफ बनाया गया है। वहां सोफे लगा दिए गए हैं। बाकी तीन और पंडाल जो विधायकों, दूसरे राज्यों से आने वाले अति विशिष्ट अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों के लिए तैयार किया जा रहे हैं, उनका भी निर्माण कार्य बुधवार शाम तक पूरा कर लिया जाएगा। दोपहर तक ये तीनों पंडाल पूरी तरह ढके नहीं गए।
200 कर्मी तैनात
वहीं सामान्य दर्शकों के लिए तैयार हो रहे पंडाल में कुर्सियां लगाने का काम शुरू हो गया है। बारिश से तैयारी में हल्की बाधा आई। पटना के डीएम, नगर आयुक्त, डीडीसी द्वारा बारिश के बाद मैदान का निरीक्षण किया गया है। लगभग 200 से अधिक श्रमिक और कर्मी पंडाल बनाने और गांधी मैदान के समतलीकरण के काम में लगे हैं।
पंडाल में जनरेटर से चलेंगे कूलर-पंखे
पंडाल बनाने वाली एजेंसी के संचालक खुद वहां मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि काम तेजी से हो सके, इसके लिए सारे संसाधनों को झोंक दिया गया है। बारिश के साथ तेज हवा से हल्की बाधा उत्पन्न हुई है, लेकिन बुधवार देर रात तक पंडाल पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। रात में काम करने के लिए तथा गुरुवार को पंडाल में कूलर और पंखा चलाने के लिए मोबाइल जनरेटर भी तैनात कर दिए गए हैं।
रात तक फिर बारिश हुई, तो बढ़ेगी परेशानी
मौसम विभाग ने बुधवार को पटना जिले में आंधी-बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। शाम तक फिर से बारिश होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि अगर रात तक फिर से बारिश होती है तो शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों में फिर से खलल आ सकती है। वहीं, शपथ ग्रहण के दिन राजधानी में हल्के बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम हैं।
(पटना से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन