जीजा ने पेंशन के पैसे नहीं दिए, गुस्साए साले ने तवा से हमला कर मार डाला
कालीचरण के घर मटन बना था तो उन्होंने अपने साला तोतो मांझी को भी खाने पर बुलाया था। खाने पीने के दौरान आरोपी उनसे पैसे की मांग कर रहा था और कालीचरण उसे पैसा देने से मना कर रहे थे। इसी दौरान कालीचरण ने अपनी पत्नी व आरोपी की बहन को थप्पड़ मार दी।

बिहार में पेंशन के पैसों के लिए साले ने अपने ही जीजा का कत्ल कर डाला है। जमुई जिले के मोगल चपरी गांव में बुधवार की रात सेवानिवृत्ति लाभ के पैसे नहीं देने से नाराज साले ने अपने बहनोई की तवे से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। मृतक मोगल चपरी गांव के 63 वर्षीय कालीचरण भुइयां थे जो कोयला खदान से तीन वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए थे।
मृतक के भतीजे छोटु मांझी के अनुसार कालीचरण को विभाग से सेवानिवृत्ति लाभ के रूप में एकमुश्त और बड़ी राशि मिली थी। उसपर उसके साले आरोपी तोता मांझी की नजर थी। बुधवार को पैसे मांगने पर मिली इंकार से नाराज होकर तोता ने कालीचरण की हत्या कर दी और फरार हो गया। मामले में झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि हत्या का कारण आरोपी साला तोता भुइयां द्वारा मृतक बहनोई से सेवानिवृत्ति लाभ का पैसा मंगा जाना है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
बहन काे थप्पड़ मारने का बनाया बहाना, किया प्रहार
बुधवार शाम कालीचरण के घर मटन बना था तो उन्होंने अपने साला तोतो मांझी को भी खाने पर बुलाया था। खाने पीने के दौरान आरोपी उनसे पैसे की मांग कर रहा था और कालीचरण उसे पैसा देने से मना कर रहे थे। इसी दौरान कालीचरण ने अपनी पत्नी व आरोपी की बहन को थप्पड़ मार दी। इससे नाराज साला तोतो मांझी ने आक्रोश में तवा से कालीचरण के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे काली चरण की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
घटना की सूचना पर गुरुवार सुबह झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार सोनो थाना प्रभारी एसएचओ कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया है। बताया गया कि सेवानिवृत्त होने के बाद मृतक अपने परिवार के साथ मोगल चपरी गांव में ही रह रहा था। मोगल चपरी में ही मृतक की ससुराल भी है। वह अपने ससुराल में ही बस गया है।
अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या
इधर जमुई के ही चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के बुधवाडीह गांव में बुधवार की देर शाम पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति की जमकर पिटाई की गई। पिटाई से जख्मी की इलाज के दौरान देवघर के एक अस्पताल में मौत हो गई। मृतक बुधवाडीह गांव के 50 वर्षीय द्वारिका यादव थे। इस मामले में परिजन ने 8-10 लोगों पर पीटकर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी संगीता देवी ने बताया कि आरोपियों ने साजिश के तहत द्वारिका यादव को पूजा का प्रसाद खाने के बहाने घर से बुलाया था। द्वारिका प्रसाद यादव अपने चाचा के साथ बाइक से वहां जा रहे थे।
रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी सहित पांच-छह लोगों ने उन्हें रोककर लाठी-डंडे, रॉड से हमला कर दिया। हमले के दौरान चाचा किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन द्वारिका प्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। काफी देर तक उनके घर नहीं लौटने पर उसे खोजते हुए जब परिजन उस ओर गए तो वे गंभीर घायल अवस्था में पड़े मिले। उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हमलावर मृतक का मोबाइल फोन भी छीन ले गए।




साइन इन