5 दिनों से लापता रोकैय्या का शव मिलने से सनसनी, हाथ पैर बंधे थे; 3 साल पहले किया था लव मैरिज
रोकैय्या पांच दिनों से गायब थी। बच्चे जब बॉल ढूंढ़ने के लिए कब्रिस्तान की झाड़ी की तरफ गए तो महिला का शव देखकर शोर मचाया।

बिहार के भागलपुर में कब्रिस्तान की झाड़ी में हाथ पैर बंधा हुआ एक महिला का शव शुक्रवार देर शाम मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र की नूरपुर पंचायत के रहमतबाग इलाके की है। शव की पहचान पुलिस ने रहमतबाग निवासी मो. इशार की 22 वर्षीय पत्नी बीवी रोकैय्या के रूप में की है। शव पानी में रहकर पूरी तरह गल गया है। हालांकि पुलिस अभी हत्या कैसे हुई और घटना को किसने अंजाम दिया है इसका खुलासा नहीं कर रही है। वहीं मृत महिला के मायके वालों ने घटना का कारण दहेज हत्या बताया है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस को बताया कि तीन साल पहले मो. इशार और बीवी रोकेय्या का प्रेम प्रसंग के बाद विवाह हुआ था।
बच्चों ने खेलने के दौरान देखा था शव
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम आसपास इलाके के बच्चे कब्रिस्तान की कुछ दूरी पर क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद झाड़ी में चला गया। बच्चे जब बॉल ढूंढ़ने के लिए कब्रिस्तान की झाड़ी की तरफ गए तो महिला का शव देखकर शोर मचाया। शव के सड़ने के बाद काफी दुर्गंध भी आ रहा था। वहीं पांच दिनों से लापता महिला के परिवार वालों को जब एक महिला की लाश मिलने की सूचना मिली तो वे लोग भी शिनाख्त को वहां पहुंचे तो महिला के दुपट्टे और कपड़े से उसकी पहचान की। घटना देख मृत महिला के मायके वाले दहाड़ मारकर रोने लगे। कहने लगे आखिर ससुरालवालों ने बेटी को दहेज की खातिर मार ही डाला। महिला का दुपट्टा से ही उसका हाथ बंधा हुआ था। वहीं दबी जुबान में कुछ लोगों ने बताया जिस जगह पर महिला की लाश मिली है वहां दिन रात नशेड़ियों का भी अड्डा लगता है।
परिवार वालों ने थाने तक को नहीं दी सूचना
मृत महिला के पिता मो. असगर ने बताया कि उनकी बेटी बीते सोमवार दोपहर से ही गायब थी। वह यहां मायके में ही रहती थी। बेटी के गायब होने की सूचना उन्होंने थाने में नहीं दी थी। अपने स्तर से ही रिश्तेदारों और जानने वालों के यहां उसकी खोजबीन कर रहे थे। शुक्रवार देर शाम एक महिला के शव मिलने की सूचना पर सभी कब्रिस्तान पहुंचे तो देखा कि वह उनकी बेटी रोकेय्या का ही शव था। असगर ने बताया कि मृत बेटी के ससुराल वाले घर बनाने के लिए पैसे का डिमांड कर रहे थे। उन्होंने बेटी की हत्या कर दी।
पति हैदराबाद में रहकर करता है काम
पिता ने बताया कि बेटी का सौहर मो. इशार हैदराबाद में रहकर मजदूरी करता है। यहां घर में सिर्फ उसकी मां रहती थी। घटना की सूचना उसके पति को भी दे दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि कब्रिस्तान की झाड़ी में एक शादीशुदा महिला का शव मिला है। जो पूरी तरह गल गया है। मृत महिला के मायके वाले ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस परिवार पर लगाए आरोप के अलावा ऑनर किलिंग की बिंदु पर भी जांच कर रही हैं। शव को पोस्टमार्टम में भेजने की तैयारी की जा रही है।




साइन इन