पूर्वी चंपारण में डबल मर्डर से सनसनी, धनंजय गिरि और गुड्डू यादव की गोली मारकर हत्या
पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के संग्रामपुर में गुरुवार रात को दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इनमें से एक हत्या का आरोपी था। बताया जा रहा है कि दोनों को बदमाशों ने फोन कर बुलाया फिर मौत के घाट उतार दिया।

बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। संग्रामपुर थाना क्षेत्र की पश्चिमी मधुबनी पंचायत के दरियापुर रामचुनिया मठ के समीप गुरुवार रात करीब सवा 9 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। इनमें से गुड्डू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, धनंजय गिरि गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। धनंजय पर हत्या एवं लूट जैसे कई संगीन मामले दर्ज थे। पुलिस दोहरे हत्याकांड की जांच में जुट गई है। मर्डर की वजह अभी पता नहीं चल पाई है।
गुरुवार रात को चार थानों की पुलिस घटनास्थल पर कैंप करने पहुंची। मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि हरसिद्धि के झाड़वा निवासी सनावर खान ने बदमाश धनंजय गिरि को फोन कर बुलाया था। सनावर खान 25 हजार का इनामी बदमाश है। अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर छापेमारी की जा रही है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मृतक धनंजय गिरि एवं गुड्डू यादव हरसिद्धि थाना क्षेत्र के भादा गांव के रहनेवाले थे। घटना के बाबत बताया गया कि धनंजय और गुड्डू को किसी ने फोन कर बुलाया था। दोनों बाइक से जैसे ही पहुंचे कि बाइक सवार दो बदमाशों में से एक ने फायरिंग शुरू कर दी। एसडीपीओ रवि कुमार ने बताया कि गोली मारने वालों की पहचान कर ली गई है।




साइन इन