rahul gandhi tejashwi and mukesh sahani in bihar bandh patna protest राहुल, तेजस्वी और सहनी गाड़ी पर सवार; पटना में पैदल चलते रहे कार्यकर्ता, बिहार बंद में खूब हंगामा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राहुल, तेजस्वी और सहनी गाड़ी पर सवार; पटना में पैदल चलते रहे कार्यकर्ता, बिहार बंद में खूब हंगामा

Bihar Bandh: बिहार बंद के दौरान कई तस्वीरें सामने आईं। एक खास तस्वीर पटना में भी नजर आई। पटना में महागठबंधन के दिग्गज नेता गाड़ी में सवार होकर मार्च करते नजर आए तो वहीं महागठबंधन के कार्यकर्ता इस गाड़ी के आगे और पीछे पैदल मार्च करते नजर आए।

Wed, 9 July 2025 01:16 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
राहुल, तेजस्वी और सहनी गाड़ी पर सवार; पटना में पैदल चलते रहे कार्यकर्ता, बिहार बंद में खूब हंगामा

Bihar Bandh: बिहार बंद के दौरान पूरे बिहार में बंद समर्थकों ने जमकर प्रदर्शन किया है। बिहार की राजधानी पटना समेत दरभंगा, कटिहार, खगड़िया और आरा समेत कई जगहों पर प्रदर्शन किया गया। बिहार बंद के दौरान कई जगहों पर काफी हंगामा और बवाल हुआ जिसकी कई तस्वीरें भी सामने आईं। एक खास तस्वीर पटना में भी नजर आई। पटना में महागठबंधन के दिग्गज नेता गाड़ी में सवार होकर मार्च करते नजर आए तो वहीं महागठबंधन के कार्यकर्ता इस गाड़ी के आगे और पीछे पैदल मार्च करते नजर आए।

पटना में महागठबंधन के नेताओं का महाजुटान हुआ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पटना एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे पटना के आयकर गोलंबऱ पर पहुंचे। आयकर गोलबंर पर उनके आने से थोड़ी देर पहले बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहुंच चुके थे और वहां महागठबंधन के कार्यकर्ता जमकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान आयंकर गोलबंर पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप था। राहुल के आने के बाद यहां एक गाड़ी पर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य और मकुेश सहनी समेत कुछ अन्य बड़े नेता सवार हुए और फिर शुरू हुआ महागठबंधन का मार्च।

bihar bandh mahagathbandhan protest
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में चुनाव की चोरी की कोशिश, मतदाता पुनरीक्षण पर पटना में बोले राहुल गांधी

आयकर गोलंबर से यह महागठबंधन के नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं का काफिला धीरे-धीरे आगे बढ़ता गया। महागठबंधन के कार्यकर्ता पैदल ही मार्च करते हुए आगे बढ़ रहे थे। गाड़ी पर दिग्गज नेता और सड़क पर कार्यकर्ताओं का यह मार्च राजद औऱ जदयू दफ्तर होते हुए शहीद स्मारक चौक पर पहुंचा। बता दें कि शहीद स्मारक चौक के पास ही निर्वाचन आयोग का दफ्तर है। रास्ते में महागठबंधन के कार्यकर्ता पूरी उत्साह के साथ नारेबाजी भी कर रहे थे।

हालांकि, यहां पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। कई कार्यकर्ताओं ने इस बैरिकेडिंग को तोड़ने का भी प्रयास किया और वो बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। हालांकि, पुलिस पूरी तैयारी में थी। पुलिस इन कार्यकर्ताओं से लगातार अपील करती रही कि वो बैरिकेडिंग ना तोड़ें। इस दौरान महागठबंधन के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोंकझोंक भी हुई। राहुल, तेजस्वी और दीपांकर जैसे नेताओं ने अपना संबोधन भी यहां दिया। पटना में महागठबंधन के इस प्रदर्शन के दौरान कई सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ नजर आया।

mahagathbandhan bihar bandh
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LIVE: प्रदर्शन के बाद दिल्ली लौट रहे राहुल गांधी, नहीं जा सके गोपाल खेमका के घर

कहीं ट्रेन रोका तो कहीं सड़क पर आगजनी

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर इस बिहार बंद का ऐलान किया गया था। सुबह से ही राज्य के कई जिलों में सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। आरा में प्रदर्शनकारियों ने पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया। सचिवालय हाल्ट पर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने मोर्चा संभाला। पप्पू यादव के समर्थकों ने यहां ट्रेन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी।

बिहार के कई जिलों में बंद का असर

अररिया जिले में डेमू पैसेंजर ट्रेन को रोका गया। हालांकि, पुलिस ने यहां कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया। जहानाबाद में युवा राजद के कार्यकर्ताओं द्वारा कोर्ट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का चक्का जाम किया गया। गया जी जिले में बंद समर्थक सड़क पर उतरे। सासाराम में शिवसागर के समीप एनएच-19 के एक लेन को राजद कार्यकर्तओं ने जाम कर दिया। बक्सर में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया है।

Bihar Bandh Protest

नालंदा जिले में बुधवार को महागठबंधन द्वारा आहूत बंद का व्यापक असर देखा गया। जिले के कई प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। बंद समर्थक कार्यकर्ताओं ने बांस-बल्ले लगाकर और टायर जलाकर सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। कई जगहों पर कार्यकर्ता जमीन पर बैठकर नारेबाजी करते नजर आए। इस दौरान आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बंद के दौरान नालंदा जिले के बिहारशरीफ, हिलसा, राजगीर, एकंगरसराय और सिलाव सहित कई क्षेत्रों में प्रदर्शन हुआ। टायर जलाकर प्रदर्शन करने से कुछ स्थानों पर वन समर्थकों के साथ कहा सुनी भी देखने को मिली। किशनगंज में महागठबंधन के बंद का असर एनएच 27 पर दिखा। खगड़िया में शहर के राजेन्द्र चौक पर अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।

राजद, कांग्रेस, सीपीआई एमएल लिबरेशन माले आदि के कार्यकर्ता शहर की हृदयस्थली राजेंद्र चौक को घंटों जाम रखा। ट्रक, ई रिक्शा सभी चार पहिया वाहन रुका रहा। सुपौल में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर की दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया। शहर की दुकानें बंद कराने के बाद मुख्य चौराहा लोहिया नगर चौक पर जाम लगा कर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप कर दिया। गोपालगंज जिले में प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर की दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया। राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर जाम लगा कर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप कर दिया।ग्रामीण क्षेत्रों में भी बंद का असर देखा जा रहा है। कई बाजारों में दुकानें बंद हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार बंद में जहाज से पटना पहुंचे राहुल गांधी, कार से इनकम टैक्स गोलंबर जायेंगे
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।