Bihar Bandh Highlights: विपक्ष ने बिहार बंद को सफल बताया, बैंक हड़ताल से 10 हजार करोड़ का नुकसान india alliance bihar bandh tejashwi yadav rahul gandhi against special intensive revision Mahagathbandhan - bihar news
More
Hindi NewsबिहारBihar Bandh Highlights: विपक्ष ने बिहार बंद को सफल बताया, बैंक हड़ताल से 10 हजार करोड़ का नुकसान

Bihar Bandh Highlights: विपक्ष ने बिहार बंद को सफल बताया, बैंक हड़ताल से 10 हजार करोड़ का नुकसान

Bihar Bandh Highlights: आज बिहार बंद के दौरान पटना में राहुल, तेजस्वी और मुकेश सहनी जैसे दिग्गज नेताओं का जुटान हुआ। आयकर गोलबंर से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च किया गया। शहीद स्मारक के पास पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ने की भी कोशिश की गई। राहुल गांधी मार्च और भाषण के बाद दिल्ली लौट गए।

Bihar Bandh Highlights: विपक्ष ने बिहार बंद को सफल बताया, बैंक हड़ताल से 10 हजार करोड़ का नुकसान

बिहार बंद के दौरान पटना में महागठबंधन का विरोध-प्रदर्शन (ANI Photo)

Nishant Nandan| लाइव हिन्दुस्तान,पटना | Wed, 09 Jul 2025 08:10 PM
हमें फॉलो करें

Bihar Bandh Highlights: बिहार में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण के खिलाफ आज बिहार बंद का असर कई जिलों में नजर आया है। राजधानी पटना के अलावा गोपालगंज, दरभंगा, आरा, किशनगंज, गया जी, सहरसा समेत कई जिलों में बंद समर्थकों ने जमकर प्रदर्शन किया है। इस दौरान कहीं ट्रेनें रोक दी गईं तो कहीं सड़क पर आगजनी कर आवागमन को बाधित कर दिया गया। महागठबंधन में शामिल घटक दलों ने वोटर लिस्ट रिवीजन के खिलाफ यह बंद बुलाया था। पटना की सड़क पर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव समेत अन्य दिग्गज नेता नजर आए। मुजफ्फरपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी रोका गया। सीपीआई माले ने बिहार बंद को ऐतिहासिक बताया। दूसरी ओर, मजदूर एवं कर्मचारी संगठनों ने भी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को बिहार समेत देश भर में बंद बुलाया। बिहार ग्रामीण बैंक में हड़ताल से 10 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का नुकसान हुआ।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले से तय कार्यक्रम के तहत इस बिहार बंद को धार देने के लिए हवाई जहाज से पटना पहुंचे। पटना पहुंचने के बाद राहुल गांधी आयकर गोलंबर पर पहुंचे। इनकम टैक्स गोलंबर पर पहले से ही बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मौजूद थे। यहां महागठबंधन के कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा हुआ था। इसके बाद तेजस्वी यादव, राहुल गांधी, दीपांकर भट्टाचार्य और मुकेश सहनी जैसे दिग्गज नेता एक वाहन पर सवार होकर मार्च के लिए निकले। गाड़ी पर दिग्गज नेताओं के साथ पटना की सड़क पर कार्यकर्ता लगातार पैदल मार्च कर रहे थे।

पैदल मार्च करते हुए यह हुजूम शहीद स्मारक पहुंचा। यहां निर्वाचन कार्यालय से कुछ दूर पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। कई कार्यकर्ताओं ने यहां बैरिकेडिंग को तोडऩे का भी प्रयास किया औऱ कई बार स्थिति तनावपूर्ण भी बनी। पुलिस लगातार बैरिकेडिंग ना तोड़ने की अपील यहां कर रही थी। इस दौरान महागठबंधन के नेताओं ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार को घेरा तथा बिहार चुनाव से पहले मतदाता पुनरीक्षण को घातक बताया।

यह भी पढ़ें: गोपाल खेमका के शूटर उमेश ने गंगा किनारे सीखा पिस्तौल चलाना, जेनरेटर चलाता था

यह भी पढ़ें: ड्यूटी पर महिला पुलिसकर्मी झुमका, नथिया, चूड़ी ना पहनें, डीपी को लेकर भी फरमान

9 Jul 2025, 06:56:29 PM IST

Bihar Bandh LIVE: तेजस्वी यादव बोले- अब तानाशाही नहीं चलने देंगे

Bihar Bandh LIVE: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "आज के ऐतिहासिक बिहार बंद ने लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए जनभागीदारी और जनभावनाओं के अभिव्यक्ति की सशक्त आवाज बन इतिहास बनाया। जनविरोधी अलोकप्रिय बीजेपी सरकार का अंग बन चुका चुनाव आयोग बिहार में अलोकतांत्रिक एवं अराजक तरीके से मतदाता सूची में हेर-फेर का कार्य कर रहा है जिसका आम जनता में भारी विरोध है। इनकी तानाशाही अब चलने नहीं देंगे।"

9 Jul 2025, 06:51:33 PM IST

Bihar Bandh LIVE: हम के संतोष सुमन का दावा- बिहार बंद बेअसर रहा

Bihar Bandh LIVE: हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री डॉ संतोष सुमन ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध में आयोजित विपक्ष का बंद पूरी तरह से बेअसर रहा। जंगलराज के पुराने दिनों की याद एवं विपक्ष के उत्पातियों के डर से भले कुछ इलाकों में लोग घरों से कम निकले, मगर विपक्ष को आम लोगों का समर्थन नहीं मिला। सुमन ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष अफवाह फैला कर आम मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। मगर चुनाव आयोग को मतदाताओं का पूरा सहयोग मिल रहा है। पूरे प्रदेश में जनता पुनरीक्षण फॉर्म भरकर न केवल जमा कर रही है,बल्कि कर्मियों को सहयोग भी कर रही है।

9 Jul 2025, 06:31:42 PM IST

Bihar Bandh LIVE: कांग्रेस ने बिहार बंद को सफल बताया

Bihar Bandh LIVE: कांग्रेस ने बिहार को अभूतपूर्व सफल बताया है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को इसके लिए धन्यवाद दिया है।

9 Jul 2025, 05:14:01 PM IST

Bihar Bandh LIVE: पीके बोले- मेरी सभा में भीड़ आई, कोई बिहार बंद नहीं

Bihar Bandh LIVE: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार बंद को असफल बताते हुए कहा कि सीतामढ़ी जिले के रीगा में बुधवार को रैली में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। पीके ने कहा कि कोई बिहार बंद नहीं है। हालांकि, चुनाव आयोग गलत कर रहा है। इसके लिए आयोग का घेराव होना चाहिए, ना कि गरीब जनता को परेशान किया जाए।

9 Jul 2025, 04:30:30 PM IST

Bihar Bandh LIVE: मंगल पांडेय बोले- तेजस्वी का सियासी दिमाग बंद

Bihar Bandh LIVE: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं बीजेपी नेता मंगल पांडेय ने महागठबंधन के बिहार बंद पर तंज कसा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "बिहार बंद नहीं, तेजस्वी बाबू का 'सियासी दिमाग' बंद है! आज का बंद, जनता ने ठुकरा दिया। सड़कें खाली रहीं, दुकानें खुली रहीं, और जनता अपने काम पर रही! बंद सिर्फ तेजस्वी बाबू की सोच और राहुल जी की समझ में है। एक की राजनीति बंद, दूसरे का नेटवर्क ही कमजोर है।"

9 Jul 2025, 04:14:46 PM IST

Bihar Bandh LIVE: सम्राट चौधरी बोले- राहुल गांधी पिकनिक मनाने बिहार आए

Bihar Bandh LIVE: राहुल गांधी के बिहार बंद में शामिल होने पटना आने पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल पिकनिक मनाने बिहार आए। बिहार की समस्या से उनको कोई लेना-देना नहीं है। ये लोग पिकनिक मनाने वाले नेता हैं। आते हैं, जाते हैं, बिहार में अच्छी प्रगति देखी होगी। आए हैं तो एयरपोर्ट भी देखा होगा, जहां अच्छी प्रगति हुई है।

9 Jul 2025, 04:10:50 PM IST

Bihar Bandh LIVE: अरुण भारती बोले- बिहार बंद का असली मकसद कुर्सी का इंतजाम

Bihar Bandh LIVE: चिराग पासवान के जीजा एवं लोजपा-रामविलास के जमुई से सांसद अरुण भारती ने बिहार बंद को लेकर महागठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा- "लोकतंत्र में विरोध, प्रदर्शन और हड़ताल करना सबका अधिकार है। मगर महाठगबंधन का 'बिहार बंद' और 'चक्का जाम' का असली मकसद है अपनी कुर्सी का इंतजाम है।"

9 Jul 2025, 03:50:59 PM IST

Bihar Bandh LIVE: बैंककर्मियों की हड़ताल से बिहार में 10 हजार करोड़ का नुकसान

Bihar Bandh LIVE: बिहार में बैंककर्मियों की बुधवार को हड़ताल की वजह से करीबन 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। महागठबंधन के नेताओं के बिहार बंद के अलावा मजदूर संगठनों ने भी देश भर में हड़ताल बुलाई थी। इसका असर बिहार में भी देखा गया। बिहार में ग्रामीण बैंक के कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए।

9 Jul 2025, 03:25:37 PM IST

Bihar Bandh LIVE: सीपीआई माले ने बिहार बंद को ऐतिहासिक बताया

Bihar Bandh LIVE: लेफ्ट पार्टी सीपीआई माले ने बिहार बंद को ऐतिहासिक बताया। बुधवार को भाकपा माले के नेताओं ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को वापस लेने की मांग की। माले कार्यकर्ताओं ने पूरे राज्य में सड़क जाम और सुबह से प्रदर्शन किया।

9 Jul 2025, 03:18:33 PM IST

Bihar Bandh LIVE: पप्पू यादव और कन्हैया कुमार को राहुल-तेजस्वी की गाड़ी में चढ़ने से रोका गया

Bihar Bandh LIVE: पटना में बिहार बंद के दौरान पूर्णिया से सासंद पप्पू यादव और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव की गाड़ी में चढ़ने से रोका गया। राहुल-तेजस्वी ओपन गाड़ी में सवार होकर महागठबंधन के मार्च का नेतृत्व कर रहे थे। तभी पप्पू और कन्हैया ने भी उसमें चढ़ने की कोशिश की लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने दोनों नेताओं को रोक दिया। इस कारण उन्हें भारी फजीहत झेलनी पड़ी।

9 Jul 2025, 03:12:01 PM IST

Bihar Bandh LIVE: संजय जायसवाल बोले- महागठबंधन का चक्का जाम सिर्फ नाटक था

Bihar Bandh LIVE: भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि महागठबंधन का आज का चक्का जाम एक नाटक था। उन्होंने कहा कि हर 20 साल पर देश में मतदाता सूची का सघन पुनरीक्षण होता आया है। वर्ष 2003 में भी राजद के शासन में बिहार में 31 दिनों में मतदाता सूची का पुनरीक्षण हुआ था। ऐसे में महागठबंधन का मतदाता सूची पुनरीक्षण का विरोध एक नाटक के अलावा कुछ नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट में 10 जुलाई को इस मामले पर सुनवाई है, तो क्या महागठबंधन चक्का जाम कर सुप्रीम कोर्ट को धमकी देना चाहता है। वह बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

9 Jul 2025, 02:57:03 PM IST

Bihar Bandh LIVE: हवेली खड़गपुर में बिहार बंद का दिखा असर

Bihar Bandh LIVE: मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर में विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग के मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद का असर दिखा। महागठबंधन के नेताओं ने सड़क जाम कर मतदाता पुनरीक्षण कार्य की जमकर आलोचना की। राजद, कांग्रेस, वीआईपी, एसयूसीआई समेत वामदल और गठबंधन में शामिल विपक्षी दलों ने नगर के अंबेडकर चौक के समीप हवेली खड़गपुर-जमुई और हवेली खड़गपुर-मुंगेर मुख्य मार्ग को जमकर भड़ास निकाला। हालांकि सुबह बंद के आहुत होने की घोषणा को लेकर मुख्य बाजार के कुछ क्षेत्रों में दुकानें बंद रही लेकिन दोपहर बाद दुकानें धीरे धीरे खुलने लगी और वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।

9 Jul 2025, 02:43:47 PM IST

Bihar Bandh LIVE: पूर्णिया कटिहार नेशनल हाइवे पर जाम

Bihar Bandh LIVE: इंडिया गठबंधन के बिहार बंद के दौरान पूर्णिया-कटिहार नेशनल हाइवे पर चक्का जाम किया गया। इससे हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी तरह स्टेट हाइवे 99 के रौटा बाजार में भी महागठबंधन के बैनर तले आयोजित चक्का जाम में पूर्व मंत्री एवं कई पार्टियों के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

9 Jul 2025, 02:30:47 PM IST

Bihar Bandh LIVE: मुजफ्फरपुर में बिहार बंद का व्यापक असर, वंदे भारत को रोका गया

Bihar Bandh LIVE: मुजफ्फरपुर में बुधवार को इंडिया गठबंधन के आह्वान पर आज बुधवार को व्यापक असर रहा। कपरपुरा रेलवे गुमटी के पास करीब 12 मिनट के लिए 26502 वंदे भारत एक्सप्रेस को कार्यकताओं ने रोकंबडिया। फिर पुलिस के समझाने के बाद प्रदर्शनकारी ट्रैक से हटे। इधर, सुबह से दोपहर तक अधिकांश दुकानें बंद रही। एनएच से लेकर मुख्य सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। मुजफ्फरपुर शहर से सटे भगवानपुर, गोबरसही, जीरो माइल, सादतपुर मोड, अहियापुर के मेडिकल मोड पर इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ताओं ने चौराहों को बांस बल्ला लगा, टायर जलाकर और बड़ी गाड़ियों को बेतरतीब लगाकर जाम कर दिया। वहीं बरिया बस स्टैंड, लक्ष्मी चौक रोड, मेहदी हसन चौक, जुरन छपरा, इमलीचट्टी में सन्नाटा रहा। यहां दुकानें आदि खुली रही। लोग नहीं दिखें। सरकारी बस स्टैंड में भी सन्नाटा रहा। कुछ यात्री सीतामढ़ी, दरभंगा से आकर अटक गई है। उनलोगों को पटना जाना था। इधर, स्टेशन परिसर में माले में प्रदर्शन किया। पार्सल कार्यालय से होतेभुए माले कार्यकर्ता प्लेटफॉर्म एकणी बाहर निकल गए। इनके साथ में बैनर पोस्टर था। बंद के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। सदर अस्पताल में भी सन्नाटा पसरा रहा। मोतीझील, कल्याणी की दुकानें खुली रही। जबकि सरैयागंज टावर इलाके की अधिकांश दुकानें बंद रही। अखाड़ाघाट पुल पर लगे जाम से प्रदर्शनकारियों ने एम्बुलेंस को कड़ी मशक्कत के बाद रास्ता दिया।

9 Jul 2025, 02:21:47 PM IST

Bihar Bandh LIVE: भागलपुर के कॉलेज में पेपर दे रहे बच्चों को रोका गया

Bihar Bandh LIVE: भागलपुर में बिहार बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मारवाड़ी कॉलेज में परीक्षा रुकवा दी। आरोप है कि प्रदर्शनकारी एग्जाम हॉल में पहुंच गए और बच्चों के हाथ से पेपर छीन लिए। कॉलेज में इग्नू की परीक्षा चल रही थी।

9 Jul 2025, 01:59:03 PM IST

Bihar Bandh Live : बिहारशरीफ, हिलसा, राजगीर में प्रदर्शन

नालंदा जिले में बुधवार को महागठबंधन द्वारा आहूत बंद का व्यापक असर देखा गया। जिले के कई प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। बंद समर्थक कार्यकर्ताओं ने बांस-बल्ले लगाकर और टायर जलाकर सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। कई जगहों पर कार्यकर्ता जमीन पर बैठकर नारेबाजी करते नजर आए। इस दौरान आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

महागठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का विरोध किया। उनका आरोप है कि यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के इशारे पर संचालित किया जा रहा है, जिसका मकसद अल्पसंख्यक, दलित, पिछड़ा और गरीब वर्ग के मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करना है। उन्होंने इस प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की।

बंद के दौरान नालंदा जिले के बिहारशरीफ, हिलसा, राजगीर, एकंगरसराय और सिलाव सहित कई क्षेत्रों में प्रदर्शन हुआ। टायर जलाकर प्रदर्शन करने से कुछ स्थानों पर वन समर्थकों के साथ कहा सुनी भी देखने को मिला ।

9 Jul 2025, 01:42:57 PM IST

Bihar Bandh Live : गोपाल खेमका के घर नहीं जा सके राहुल गांधी

बिहार बंद में शामिल होने के लिए पटना आए कांग्रेस सांसद को कारोबारी गोपाल खेमका के घर भी जाना था। हालांकि, प्रशासन ने सुरक्षा कारणों की वजह से राहुल गांधी को गोपाल खेमका के घर जाने से रोका। जिसके बाद राहुल गांधी सीधे पटना एय़रपोर्ट पहुंचे और वहां से दिल्ली रवाना हो गए। यहां बता दें कि हाल ही में पटना के चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका की पटना में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। करीब 6 साल पहले गोपाल खेमका के बेटे की भी हत्या की गई थी। इस वारदात को लेकर विपक्षी दल बिहार सरकार पर लगातार हमलावर हैं। हालांकि, इस मामले में पटना पुलिस ने शूटर उमेश यादव और सुपारी देने वाले एक अन्य शख्स को गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा एक आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारा भी गया है।

9 Jul 2025, 01:26:40 PM IST

Bihar Bandh Live : बिहार बंद के दौरान पटना के डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शन

बिहार बंद के दौरान पटना के डाक बंगला चौराहे पर भी जमकर प्रदर्शन किया गया है। यहां बंद समर्थक सड़क पर बैठ गए। यह पटना का एक अहम मार्ग भी है। हालांकि, बंद की वजह से यहां सन्नाटा पसरा नजर आया। पुलिस की यहां तैनाती नजर आई।

9 Jul 2025, 01:18:18 PM IST

Bihar Bandh Live : बिहार बंद के दौरान किशनगंज में एनएच-27 पर प्रदर्शन

महागठबंधन के बंद का असर बुधवार को बिहार के एनएच 27 पर दिखा। मतदाता पुनरीक्षण के विरोध में किए गए बंद को लेकर महागबंधन के नेताओं ने किशनगंज में बस स्टैंड के पास एनएच 27 पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक इजहारुल हुसैन,पूर्व विधायक कमरूल हुदा सहित महागबंधन के लोग बंद को सफल बनाने में जुट रहे। विरोधी दल के नेता सुबह करीब 10 बजे बस स्टैंड के पास पहुंच गए और एनएच 31 मार्ग को अवरूद्ध कर दिया।इस दौरान करीब दो घंटे तक एनएच 27 मार्ग अवरुद्ध रहा।

जाम के कारण दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी एनएच 27 के पास मौजूद थे। बाद में जाम हटाया गया। वहीं विधायक इजहारुल हुसैन,पूर्व विधायक कमरूल हुदा,कांग्रेस जिलाध्यक्ष इमाम अली चिंटू,कार्यकारी जिलाध्यक्ष शाहबुल अख्तर सहित कई नेताओं ने अपनी गिरफ्तारी भी दी।

9 Jul 2025, 12:57:18 PM IST

Bihar Bandh Live : खगड़िया में बिहार बंद का दिखा असर

अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन हड़ताल के समर्थन व इलेक्शन कमीशन के खिलाफ घोषित बिहार बंद के दौरान बुधवार को विपक्षी दलों ने सड़क पर उतरकर बाजार बंद कराया। वही शहर के राजेन्द्र चौक पर अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। राजद, कांग्रेस, सीपीआई एमएल लिबरेशन माले आदि के कार्यकर्ता शहर की हृदयस्थली राजेंद्र चौक को घंटों जाम रखा। ट्रक, ई रिक्शा सभी चार पहिया वाहन रुका रहा।

राजेंद्र चौक पर बंद का नेतृत्व राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव, अलौली विधायक रामवृक्ष सदा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ अविनाश कुमार अविनाश, पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप उर्फ गुड्डू पासवान, पीआई के राज सचिन मंडल सदस्य प्रभाशंकर सिंह, सीपीएम के मनजीत पोद्दार, सीपीआईएमएल लिबरेशन के अधिवक्ता प्राणेश कुमार कस्तूरी निषाद राष्ट्रीय जनता दल के सुजय यादव सुनील यादव नीरज यादव , कांग्रेस के सुभाष रतन, नवीन कुमार नवीन आदि कर रहे थे।

9 Jul 2025, 12:42:40 PM IST

Bihar Bandh Live : प्रदर्शन के बाद दिल्ली लौट रहे राहुल गांधी, गोपाखेमका के घर नहीं जा सके

बिहार विधानसभा के सामने प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी पटना एयरपोर्ट पहुंचे। प्रशासन ने हालिया घटना के बाद सुरक्षा कारणों से उन्हें गोपाल खेमका के घर की ओर जाने से मना किया। प्रशासन की सलाह के बाद बिहार कांग्रेस के नेताओं ने भी यही सुझाव दिया जिसके बाद राहुल गांधी और कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेता एयरपोर्ट की ओर निकल गए।

9 Jul 2025, 12:32:10 PM IST

Bihar Bandh Live : चुनाव आयोग के दफ्तर में नहीं गए इंडिया गठबंधन के नेता

बिहार बंद के दौरान पटना में जमकर प्रदर्शन हुआ है। इस प्रदर्शन में महागठबंधन के दिग्गज नेताओं समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया है। इधर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में अधिकारी इंतजार करते रहे लेकिन इंडिया गठबंधन के नेताओं का प्रतिनिधिमंडल वहां नहीं पहुंचा। बुधवार को इंडिया गठबंधन के नेताओ ने चुनाव आयोग द्वारा शुरू किए गए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध किया था। ऐसा कहा जा रहा था कि महागठबंधन के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग के दफ्तर में जाएगा और उन्हें ज्ञापन सौंपेगा। लेकिन अब तक निर्वाचन आयोग के कार्यालय में कोई नहीं गया।

9 Jul 2025, 12:15:10 PM IST

Bihar Bandh Live : महाराष्ट्र, हरियाणा में वोट की लूट हुई - राहुल गांधी

पटना में राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा में वोट की लूट हुई है। हरियाणा चुनाव में गड़बड़ हुई है। जहां वोट बढ़े वहां बीजेपी जीती। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में गरीबों का वोट काटकर बीजेपी जीती। महाराष्ट्र में सभी नए वोट बीजेपी को मिले।

9 Jul 2025, 12:11:26 PM IST

कानून आपको नहीं छोड़ेगा - राहुल गांधी

राहुल गांधी ने पटना में कहा कि आपको जो करना है करिए मगर बाद में कानून आप पर लागू होगा। भूलिए मत आप कितने भी बड़े हों, कहीं भी बैठे हों कानून आपको नहीं छोड़ेगा। आपका काम हिन्दुस्तान के संविधान की रक्षा करने का है। आपका काम बिहार की जनता के दिल के अंदर जो हो उसको पूरा करने का है।

9 Jul 2025, 12:10:28 PM IST

Bihar Bandh Live : चुनाव आयोग पर राहुल गांधी का हमला

राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा में वोट की चोरी की गई है। राहुल गांधी ने कहा कि हमारे लोग इलेक्शन कमिश्नर से जाकर मिले थे। मैंने उनसे पूछा कि आपको क्या लगा? और सभी ने कहा कि चुनाव आयुक्त बीजेपी और आरएसएस जैसे बात कर रहे हैं। वो भूल रहे हैं कि वो किसी राजनीतिक पार्टी के नहीं हैं वो हिनुदुस्तान के इलेक्शन कमिश्नर हैं और उनका काम संविधान की रक्षा करना है।

9 Jul 2025, 12:08:28 PM IST

Bihar Bandh Live : बिहार में वोट की चोरी की कोशिश- राहुल गांधी

बिहार बंद के दौरान राहुल गांधी जब संबोधन दे रहे थे तब उनके हाथ में संविधान का किताब नजर आया। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में वोट की चोरी की कोशिश हो रही है। राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं बिहार की जनता को कह रहा हूं कि महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया था। वैसे ही बिहार का चुनाव चोरी करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें पता लग गया कि हमने महाराष्ट्र मॉडल समझ लिया है इसलिए वो नया बिहार मॉडल लाए हैं। यह गरीबों का वोट छीनने का तरीका है।’

9 Jul 2025, 11:52:21 AM IST

Bihar Bandh Live : पटना में प्रदर्शन के बीच बोले तेजस्वी, मतदाता पुनरीक्षण घातक

शहीद स्मारक के पास इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भाषण भी दिया है। उनके संबोधन के दौरान निशाने पर केंद्र व राज्य सरकार रही। तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य और डी राजा ने यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है। सभी नेताओं ने मतदाता पुनरीक्षण को लोकतंत्र के लिए घातक बताया है।

9 Jul 2025, 11:50:09 AM IST

Bihar Bandh Live : बिहार बंद, शहीद स्मारक के पास थमा महागठबंधन का काफिला

बिहार बंद के दौरान पटना में महागठबंधन में शामिल घटक दलों के नेताओं ने सड़क पर प्रदर्शन किया है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव समेत कई दिग्गज नेताओं के नेतृत्व में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं के हुजूम ने पटना के आयकर गोलंबर से मार्च शुरू किया था। इस मार्च को शहीद स्मारक के पास रोक दिया गया है। हालांकि, इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ने की भी कोशिश की थी। यह बैरिकेडिंग पटना में निर्वाचन आयोग के दफ्तर से कुछ ही दूरी पर की गई है। फिलहाल कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि महागठबंधन की तरफ से 7 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग के कार्यालय में जाएगा और वहां उनकी मुलाकात अधिकारियों से हो सकती है।

9 Jul 2025, 11:40:15 AM IST

Bihar Bandh Live : पटना में शहीद स्मारक के पास हंगामा, पुलिस ने की बैरिकेडिंग नहीं तोड़ने की अपील

पटना के शहीद स्मारक के पास काफी हंगामा है। महागठबंधन के मार्च में शामिल कार्यकर्ता यहां बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस उनसे बैरिकेडिंग नहीं तोड़ने की अपील कर रही है।

9 Jul 2025, 11:35:20 AM IST

Bihar Bandh Live : शहीद स्मारक पर बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश

इंडिया गठबंधन के नेताओं का काफिला शहीद स्मारक पहुंच चुका है। यहां पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बैरिकेडिंग भी की है। हालांकि, यहां महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश है। वहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। इधर निर्वाचन विभाग के मुख्य द्वार पर अधिकारी प्रदर्शनकारियों के शिष्टमंडल के आगमन के इंतजार में खड़े हैं।

9 Jul 2025, 11:33:09 AM IST

Bihar Bandh Live : सहरसा में बिहार बंद का असर, दुकानें बंद और सड़कों पर सन्नाटा

राजद और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के विरोध में शहर की सड़कों पर मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य में पक्षपात किया जा रहा है और बड़ी संख्या में महागठबंधन समर्थकों के नाम सूची से जानबूझकर हटाए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर की दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया। शहर की दुकानें बंद कराने के बाद मुख्य चौराहा लोहिया नगर चौक पर जाम लगा कर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप कर दिया। हालांकि इस बीच आवश्यक सेवा एम्बुलेंस आदि को जाम से मुक्त रखा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बंद का असर देखा जा रहा है। कई बाजारों में दुकानें बंद हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की है ।

9 Jul 2025, 11:31:05 AM IST

Bihar Bandh Live : बिहार बंद के दौरान गोपालगंज में प्रदर्शन

राजद और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के विरोध में गोपालगंज में शहर की सड़कों पर मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य में पक्षपात किया जा रहा है और बड़ी संख्या में महागठबंधन समर्थकों के नाम सूची से जानबूझकर हटाए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर की दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया। राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर जाम लगा कर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप कर दिया।ग्रामीण क्षेत्रों में भी बंद का असर देखा जा रहा है। कई बाजारों में दुकानें बंद हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की है ।

9 Jul 2025, 11:28:30 AM IST

Bihar Bandh Live : पटना में बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश

पटना में सचिवालय थाना के पास बैरिकेडिंग कर पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास कर रही है। इधर बिाहर बंद के दौरान पटना जंक्शन पर भी प्रदर्शन हो रहा है। कार्यकर्ताओं को रोकने में पुलिस के भी पसीने छूट रहे हैं।

9 Jul 2025, 11:26:07 AM IST

Bihar Bandh Live : बिहार बंद, पटना में बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता

बिहार बंद में महागठबंधन के दिग्गज नेताओं का पटना में महाजुटान है। राहुल, तेजस्वी, सहनी के साथ महागठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ता मार्च कर रहे हैं। इस बीच कुछ कार्यकर्ता शहीद स्मारक पहुंचने लगे हैं। यहां पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग पहले से ही कर रखी थी। लेकिन कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी कर रहे हैं।

9 Jul 2025, 11:19:33 AM IST

Bihar Bandh Live : राहुल-तेजस्वी के मार्च को रोकने की तैयारी, पटना में यहां बैरिकेडिंग

बिहार बंद का असर राजधानी पटना समेत कई जिलों में दिख रहा है। पटना में राहुल गांधी समेत महागठबंधन के दिग्गज नेताओं का जुटान है। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता पुनरीक्षण कराए जाने का विरोध कर रहे महागठबंधन के नेता पटना में मार्च कर रहे हैं। पटना के आयकर गोलंबर से शुरू हुए मार्च को लेकर कहा जा रहा है कि नेता निर्वाचन आयोग के दफ्तर तक जाएंगे। लेकिन इस बीच पटना पुलिस ने शहीद स्मारक के पास बैरिकेडिंग कर रखी है। इस मार्च को यहीं रोकने की तैयारी है।

9 Jul 2025, 11:09:46 AM IST

Bihar Bandh Live : बिहार बंद में गाड़ी पर नेता सवार, सड़क पर कार्यकर्ताओं का हुजूम

Bihar Bandh Live : बिहार बंद के दौरान राहुल गांधी और महागठबंधन के नेताओं का काफिला पटना में राजद कार्यालय और जदयू कार्यालय से होते हुए आगे बढ़ा। इस दौरान एक गाड़ी पर मौजूद महागठबंधन के नेता हाथ हिलाकर अपने कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते नजर आए। इस गाड़ी पर राहुल गांधी, मुकेश सहनी, दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई नेता मौजूद थे।

पटना की सड़क पर बंद समर्थकों का भारी हुजूम था जो अपने अपने नेता की गाड़ी के आगे और पीछे-पीछे चल रहे थे। कई कार्यकर्ता और नेता लगातार सड़क पर पैदल चल रहे थे। भारी संख्या में महागठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ताओं की भीड़ को कंट्रोल करने में पुलिस के भी पसीने छूट रहे थे।

9 Jul 2025, 11:05:44 AM IST

Bihar Bandh Live : बिहार बंद पर किशनगंज में पुलिस सतर्क

बिहार बंद पर विधि व्यवस्था को लेकर बुधवार को किशनगंज पुलिस सतर्कता सतर्कता बरत रही है। विधि व्यवस्था की निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। वरीय पदाधिकारी क्षेत्र में सक्रिय हैं।बस स्टैंड के पास भी पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।इसके अलावा बहादुरगंज, पोठिया, दिघलबैंक में भी पुलिस सतर्कता बरत रही है।ठाकुरगंज में एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार सिंह स्थिति का जायजा ले रहे है।पहले से सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

9 Jul 2025, 11:04:05 AM IST

Bihar Bandh Live : आयकर गोलबंर पर यातायात सामान्य

महागठबंधन के दिग्गज नेताओं ने पटना के आयकर गोलंबर से अपना पैदल मार्च शुरू किया। इसके बाद आयकर गोलंबर पर धीरे-धीरे यातायात व्यवस्था सामान्य हो सका। पैदल मार्च के आगे बढ़ने के बाद यहां गाड़ियों का परिचालन शुरू हो गया। इससे पहले आयकर गोलंबर पर काफी देर तक जाम की स्थिति रही थी।

9 Jul 2025, 10:56:39 AM IST

Bihar Bandh Live : बिहार बंद के दौरान सहरसा में चक्का जाम

गहन मतदाता पुनरीक्षण के खिलाफ महागठबंधन के आह्वान पर बिहार बंद का सहरसा में जिले में असर देखने को मिला। सुबह आठ बजे से हीं कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर नारेबाजी करते नजर आए। दस बजे तक चक्का जाम के बाद बाजार बंद का आह्वान किया गया था। शहर सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। शहर में शिवपुरी चौक समीप सड़क जाम कर जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया गया। शंकर चौक पर जाम कर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की गई। विभिन्न प्रखंडों में भी चौक चौराहे पर यातायात बाधित कर नारेबाजी किया गया।

बंद समर्थकों ने कहा कि बिहार के मतदाता के साथ धोखा हुआ है। चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर गरीब, दलितों और प्रवासी मजदूरों को मतदान के अधिकार से वंचित करने की गहरी साजिश कर रहा है। बिहार के मतदाता इसको बर्दाश्त नहीं करेंगे। बंद में कांग्रेस, राजद, कम्युनिस्ट पार्टी, वीआईपी सहित अन्य विषयों पार्टी शामिल हैं। बंद को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बंद में पूर्व विधायक अरुण यादव, जिप उपाध्यक्ष धीरेन्द्र यादव, डिप्टी मेयर उमर हयात गुडडु, धनिक लाल मुखिया, गजेंद्र यादव, पवन शर्मा, टुनटुन शर्मा, सुमन कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

9 Jul 2025, 10:45:13 AM IST

Bihar Bandh Live : पटना में राहुल गांधी का मार्च

महागठबंधन के बिहार बंद को धार देने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पटना में हैं। पटना आने के बाद राहुल गांधी आयकर गोलंबर पहुंचे। राहुल गांधी ने यहां अपना मार्च शूरू किया है। राहुल गांधी के साथ महागठबंधन में शामिल कई दलों के नेता मौजूद हैं। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और वीआईपी पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी भी मार्च में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आयकर गोलंबर से शुरू हुआ यह मार्च निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक जाएगा। हालांकि, इस दौरान पुलिस-प्रशासन की पूरी मौजूदगी है। पुलिस पटना में चप्पे-चप्पे पर तैनात है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।