राहुल गांधी को मां जानकी का आसरा, आज पुनौरा धाम में पूजा करेंगे; अमित शाह भी गए थे
राहुल गांधी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद जानकी मंदिर जाएंगे। जानकी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वे सुप्पी के रास्ते बैरगनिया के लिए रवाना होंगे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बुधवार शाम रुन्नीसैदपुर के रास्ते सीतामढ़ी पहुंचे। रात्रि विश्राम के बाद डुमरा हवाई अड्डा मैदान से गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे यात्रा निकलकर कांग्रेस जिला कार्यालय पहुंचेगी। वहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद राहुल गांधी जानकी मंदिर जाएंगे। जानकी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वे सुप्पी के रास्ते बैरगनिया के लिए रवाना होंगे। वहां पटेल चौक पर सभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ राजद नेता तेजस्वी यादव के अलावा महागठबंधन के अन्य नेता मौजूद रहेंगे।
इससे पहले रुन्नीसैदपुर में हुई नुक्कड़ सभा में राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सिर्फ अंबानी और अडानी के फायदे की बात सोचते हैं। इनलोगों ने युवाओं के हाथ से रोजगार छीन लिया है। वोट चोरी रोकना ही प्रगति और रोजगार की दिशा में पहला कदम है। पिछले दिनों गृह मंत्री अमित शाह और सीएम नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से पुनौरा धाम में भव्य जानकी मंदिर निर्माण और क्षेत्र के सौन्दर्यीकरण की योजनाओं का शिलान्यास किया था।
बिहार से उठी लहर देश में बनेगी आंदोलन
बुधवार को सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर बिजली ऑफिस के सामने हुई नुक्कड़ सभा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह सिर्फ अंबानी और अडानी के फायदे के बारे में सोचती है। युवाओं के हाथ से रोजगार और भविष्य छीन लिया है। वोट चोरी रोकना ही प्रगति और रोजगार की दिशा में पहला कदम है। बिहार ऐतिहासिक रूप से क्रांति की धरती रहा है, जैसे चंपारण से आज़ादी की लड़ाई ने नया मोड़ लिया था। वैसे ही वोट चोरी के खिलाफ बिहार से उठी यह लहर पूरे देश में लोकतंत्र की रक्षा का आंदोलन बनेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में धांधली कर रही है। बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट ही नहीं 70 से 80 सीटों पर वोट की चोरी हुई है। महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र की तरह ही अगले छह माह में बाकी जगहों पर हुई वोट चोरी का खुलासा सबूत के साथ देशवासियों के समक्ष करूंगा।
ट्रंप के बयान का मोदी ने अबतक नहीं किया काट
राहुल गांधी ने भारत-पाक के बीच संघर्ष विराम को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्होंने मोदी को फोन कर 24 घंटे में संघर्ष विराम करने के लिए कहा, लेकिन मोदी ने सिर्फ पांच घंटे में ही संघर्ष विराम कर दिया। यह डर था। लेकिन गांधी जी, नेहरू जी नहीं डरते थे। ब्रिटीश सरकार के सामने डट कर खड़े रहे।




साइन इन