राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का फिर से नोटिस, मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित हुआ है आवास
सम्राट सरकार ने एक बार फिर राबड़ी देवी को पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास को खाली करने का नोटिस भेजा है। यह आवास मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित हुआ है। बिहार सरकार पहले ही राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड पर दूसरा बंगला आवंटित कर चुकी है।
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को एक बार फिर उनका सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिया गया है। सम्राट सरकार ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास को मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है। भवन निर्माण विभाग पहले भी राबड़ी देवी को यह आवास खाली करने का नोटिस भेज चुका है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी एवं परिवार के अन्य सदस्य बीते लगभग दो दशक से इसी आवास में रहते आए हैं। पूर्व की नीतीश सरकार ने उन्हें 39 हार्डिंग रोड पर नया बंगला आवंटित किया था, जिसमें लालू परिवार अभी तक शिफ्ट नहीं हुआ है।
भवन निर्माण विभाग ने हालिया नोटिस में पूर्व सीएम राबड़ी देवी को जल्द से जल्द 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली करने के लिए कहा है। विभाग के संयुक्त सचिव सह भू संपदा पदाधिकारी ने बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के आप्त सचिव को पत्र लिखकर पूर्व सीएम को इस नोटिस की जानकारी देने का अनुरोध किया है।
इस पत्र में कहा गया है कि राबड़ी देवी को पटना में 39 हार्डिंग रोड का बंगला आवंटित हुआ है। वहीं, 10 सर्कुलर रोड का बंगला बिहार सरकार में मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित है। ऐसे में 10 सर्कुलर रोड का बंगला खाली कर दिया जाए। नंदकिशोर दलित नेता हैं, जो सम्राट सरकार में डेयरी, मत्स्य और पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
राबड़ी को पहले भी मिल चुका है नोटिस
भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व में भी राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का नोटिस मिल चुका है। लगभग 25 दिन पहले भी विभाग ने नोटिस भेजकर राबड़ी देवी से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास जल्द से जल्द खाली करने को कहा था। मगर पूर्व सीएम ने बंगला खाली नहीं किया। बताया जा रहा है कि सम्राट सरकार ने अब यह बंगला मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया है, तो अब राबड़ी देवी को यह आवास खाली करना ही होगा।
नीतीश सरकार ने बदला था राबड़ी देवी का बंगला
लालू यादव और राबड़ी देवी समेत उनका परिवार लगभग दो दशक से इस आवास में रहता आया है। इस पर जमकर सियासत भी हुई थी। आरजेडी नेताओं ने तत्कालीन नीतीश सरकार पर लालू परिवार को जबरन परेशान करने के आरोप लगाए थे। आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने तो यह तक कह दिया था कि आवास खाली नहीं किया जाएगा।
अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार द्वारा मंत्री को यह बंगला आवंटित कर फिर से राबड़ी देवी को नोटिस भेज दिया है। अब इस पर सियासी घमासान छिड़ता है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)




साइन इन