Tej Pratap enters Rabri residence after 7 months he shares photo लालू फैमिली में दूरियां घट रहीं? 7 माह बाद राबड़ी आवास में तेज प्रताप की एंट्री, तस्वीर शेयर किया, Bihar Hindi News - Hindustan
More

लालू फैमिली में दूरियां घट रहीं? 7 माह बाद राबड़ी आवास में तेज प्रताप की एंट्री, तस्वीर शेयर किया

तेज प्रताप ने अपने साथ बैठाकर मां से जन्मदिन का केक कटवाया। हालांकि इस दौरान लालू यादव, तेजस्वी यादव या परिवार का कोई अन्य सदस्य नहीं दिखा।

Thu, 1 Jan 2026 07:55 PMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
लालू फैमिली में दूरियां घट रहीं? 7 माह बाद राबड़ी आवास में तेज प्रताप की एंट्री, तस्वीर शेयर किया

नया साल 2026 का पहला दिन लालू फैमिली के लिए बेहद खास रहा। ऐसी तस्वीरें पब्लिक डोमेन में आईं जिसे देखकर चर्चा शुरू हो गई कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार के सदस्यों के बीच दूरियां घट रही हैं। पहली जनवरी को पूर्व बिहार सीएम और विधान परिषद में नेता विरोधि दल राबड़ी देवी का जन्मदिन है। इस मौके पर उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने सबको चौंका दिया। मई महीने में अनुष्का यादव प्रकरण में घर से निकाले जा चुके तेज प्रताप अचानक 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास में पहुंच गए। उन्होंने मां के साथ अपनी तस्वीर भी शेयर किया।

दरअसल तेज प्रताप मां रबड़ी देवी का जन्मदिन मनाने उनके आवास पर पहुंच गए। मीडिया को कानों कान इसकी खबर नहीं लगी। तेज प्रताप ने अपने साथ बैठाकर मां से जन्मदिन का केक कटवाया। हालांकि इस दौरान लालू यादव, तेजस्वी यादव या परिवार का कोई अन्य सदस्य नहीं दिखा। लालू प्रसाद दिल्ली में मीसा भारती के आवास पर हैं। तेजस्वी यादव अपनी पत्नी रेचल के सात विदेश यात्रा पर हैं। जब तेज प्रताप पहुंचे तो राबड़ी आवास पर कोई अन्य वर्कर भी मौजूद नहीं था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करें, तेज प्रताप की अपील- तेजस्वी ने उठाए थे सवाल

निकलने के बाद तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बात की। बताया कि वे मां के पास गए थे और उनके जन्मदिन पर साथ बैठकर केक काटा। उन्होंने बिहार वासियों को नये साल की शुभकामनाएं दी। मां से मुलाकात के सवाल पर तेज प्रताप भावुक हो गए। कहा कि मां बहुत मानती है। तेज प्रताप नए साल के अवसर पर इस्कॉन मंदिर गए। वहां पूजा-अराधना की और मां के लिए भगवान कृष्ण से मन्नत मांगी।

तेज प्रताप ने मां से मुलाकात के बाद भावुक पोस्ट भी किया। फेसबुक पर बताया कि मां हमारे परिवार की आत्मा हैं। हर हँसी, हर प्रार्थना, हर पल जो घर जैसा लगता है वह मां की ही देन हैं। यह जीवन जो हम जी रहे हैं - गर्मजोशी से भरा, अपूर्ण, प्रेम से परिपूर्ण - वह मां के कारण ही संभव है। कहा कि मां ने हमेशा हमें संभाला। वह सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। तब भी मजबूती से खड़ी रहीं जब किसी ने नहीं देखा कि समय कितना बोझिल था। कहते हैं कि जब ईश्वर हर जगह नहीं हो सकता, तब वह माँ को भेजता है। हम सभी असीम रूप से धन्य हैं क्योंकि हमारे पास मां हैं।

सात महीने पूर्व मई 2025 में तेज प्रताप यादव की अनुष्का यादव के साथ तस्वीरें वायरल हुईं तो भूचाल आ गया। पत्नी ऐश्वर्या राय से संबंध विच्छेद हुए बगैर तेज प्रताप औरअनुष्का की शादी की खबरें उड़ने लगीं। तेज प्रताप ने अपना बचाव किया लेकिन लालू यादव ने कड़ा फैसला लेते हुए बड़े बेटे को पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया। तेज प्रताप तब से अपने घर नहीं लौटे। हालांकि मां राबड़ी देवी से कनेक्टेड रहे। आज भाई और पिता की गैरमौजूदगी में मां के पास उनका जन्मदिन मनाने पहुंच गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेज प्रताप को जान का खतरा? थाने में केस, सम्राट चौधरी से भी मांगी सुरक्षा
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।