PUSU Election: पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में बैलेट पेपर पर लिखी गालियां, अवैध हुए 500 वोट
PUSU Election: पीयू छात्रसंघ समिति और विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक छात्रों को पहले ही यह जानकारी दे दी गई थी कि बैलेट पेपर पर किस प्रकार मत देना है। इसके बावजूद कई छात्रों ने मत अंकित करने के बजाय उम्मीदवारों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
PUSU Election: मतपत्र (बैलेट पेपर) पर अपना मत देना था लेकिन कुछ छात्रों ने उम्मीदवारों के नाम के स्थान पर गाली और अपशब्द लिख दिए। पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान ऐसे बैलेट पेपर पाए गए, जिनमें मत देने के बजाय उम्मीदवारों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखी गई थीं। कुल 315 ऐसे बैलेट पेपर रद्द कर दिए गए। यह मामला लगभग हर बैलेट बॉक्स में सामने आया।
पीयू छात्रसंघ समिति और विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक छात्रों को पहले ही यह जानकारी दे दी गई थी कि बैलेट पेपर पर किस प्रकार मत देना है। इसके बावजूद कई छात्रों ने मत अंकित करने के बजाय उम्मीदवारों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। ऐसे सभी बैलेट पेपर अमान्य घोषित कर अलग कर दिए गए।
बता दें कि छात्रसंघ चुनाव में सेंट्रल पैनल के साथ-साथ कॉलेज काउंसिलर पद के लिए भी मतदान कराया गया था। सेंट्रल पैनल के पांच पदों के लिए छात्रों को मत देना था। हर पद के लिए अलग-अलग बैलेट पेपर उपलब्ध कराए गए थे। बैलेट पेपर पर अपने पसंदीदा उम्मीदवार के सामने क्रॉस का निशान लगाना था। इसके लिए छात्रों को पेन के साथ मतदान केंद्र पर बुलाया गया था। हालांकि कुछ छात्रों ने उम्मीदवारों के नाम के स्थान पर अपशब्द लिख दिए। सबसे अधिक आपत्तिजनक टिप्पणियां अध्यक्ष और महासचिव पद के उम्मीदवारों के खिलाफ लिखी गईं। ऐसे सभी बैलेट पेपर अमान्य घोषित कर दिए गए।
कुल पांच सौ बैलेट पेपर को रद्द किया गया
पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान लगभग पांच सौ ऐसे बैलेट पेपर रद्द किए गए। इन बैलेट पेपरों में अपशब्द लिखने के अलावा मतदान के निर्धारित नियमों का भी पालन नहीं किया गया था। कई छात्रों ने बैलेट पेपर पर क्रॉस के स्थान पर बिंदी का निशान लगा दिया था, जबकि कुछ ने सभी पदों पर एक ही उम्मीदवार के सामने क्रॉस कर दिया था। ऐसे सभी बैलेट पेपर अमान्य घोषित कर अलग कर दिए गए।
सेंट्रल पैनल में निर्दलीय उम्मीदवारों को जगह
पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में सेंट्रल पैनल के उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार शिफत फैज ने जीत दर्ज की है। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उपाध्यक्ष शिफत फैज को 1568 वोट देकर अपना रहनुमा बनाया है। वर्ष 2025 के छात्रसंघ चुनाव में दो निर्दलीय उम्मीदवार ने सेंट्रल पैनल के उपाध्यक्ष और महासचिव पद पर जीत हासिल की थी।




साइन इन