बिहार की 243 सीटों पर लड़ेगी पुष्पम प्रिया की TPP; अब तक क्यों लगा रहीं मास्क, राज भी खोल दिया
द प्लुरल पार्टी की चीफ पुष्पम प्रिया चौधरी ने ऐलान किया कि उनका दल बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। और खुद दरभंगा से दावा ठोंका है। वहीं मास्क के सवाल पर पुष्पम ने कहा कि अगर कोई भी दल मुख्यमंत्री के रूप में महिला को आगे लाता है तो वो मास्क उतार देंगी।

बिहार चुनाव की तैयारी में पुष्पम प्रिया चौधरी की द प्लुरल पार्टी भी जुट गई है। शनिवार को एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए टीपीपी चीफ पुष्पम प्रिया ने कहा कि उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, और मैं खुद दरभंगा से चुनाव लड़ने की सोच रही हूं, क्योंकि दरभंगा मेरा क्षेत्रीय घर है। उन्होने कहा कि
जिस तरह से तमाम दल महिलाओं की बात करते हैं, महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं, वो दल चाहे एनडीए हो या इंडी गठबंधन मुख्यमंत्री के रूप में महिला सीएम का चेहरा या महिला मुख्यमंत्री बनाने पर क्यों नहीं बोलते हैं? जब 50 फीसदी आबादी महिलाओं की है, तो ये दल अगला मुख्यमंत्री महिला घोषित करें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मास्क के सवाल पर पुष्पम प्रिया ने कहा कि जब वो 2020 में चुनाव हारी थीं, तो सभी ने कहा था कि पुष्पम प्रिया मुंह दिखाने लायक नहीं है। अपने चेहरे का फायदा उठाकर लोगों को अपने आगे-पीछे करती हैं। इसलिए मैंने मास्क लगाना शुरू कर दिया, लेकिन अगर कोई भी दल मुख्यमंत्री के रूप में महिला को आगे लाता है तो वो मास्क उतार देंगी।
पुष्पम प्रिया ने बताया कि चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी को सीटी चुनाव चिन्ह आवंटित किया है। यह सीटी बिहार के विकास की सीटी है। इस मौके पर पार्टी के महासचिव अनुपम सुमन सहित अन्य नेता मौजूद थे। आपको बता दें बिहार की रहने वाली पुष्पम प्रिया चौधरी जदयू नेता विनोद चौधरी की पुत्री हैं। 8 मार्च 2020 में महिला दिवस के मौके पर उन्होंने अपनी पार्टी की स्थापना की थी। 2020 के विधानसभा चुनाव में बांकीपुर (पटना) और बिस्फी (मधुबनी) से चुनाव लड़ा। हालांकि उन्हें दोनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।




साइन इन