Pushpam Priya Chaudhary active before Bihar assembly elections TPP to contest all 243 seats बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक्टिव हुईं पुष्पम प्रिया चौधरी, सभी 243 सीटों पर लड़ेगी टीपीपी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक्टिव हुईं पुष्पम प्रिया चौधरी, सभी 243 सीटों पर लड़ेगी टीपीपी

बिहार विधासनभा चुनाव से पहले द प्लुरल्स पार्टी की मुखिया पुष्पम प्रिया चौधरी एक्टिव हो गई हैं। उन्होंने इस बार राज्य की सभी 243 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है। पिछले चुनाव में टीपीपी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था।

Tue, 10 June 2025 11:27 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, भागलपुर
share
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक्टिव हुईं पुष्पम प्रिया चौधरी, सभी 243 सीटों पर लड़ेगी टीपीपी

बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर द प्लूरल्स पार्टी की चीफ पुष्पम प्रिया चौधरी सक्रिय हो गई हैं। पुष्पम प्रिया ने राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। भागलपुर में सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी टीपीपी सभी 243 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। पुष्पम प्रिया ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर निशाना साधा। वहीं प्रशांत किशोर की जन सुराज को डस्टबिन पार्टी करार दिया।

पुष्पम प्रिया ने भागलपुर में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि जन सुराज में दूसरे दलों से निकाले गए नेताओं को शामिल किया जा रहा है। उन्होंने पीके पर तंज कसते हुए कहा कि अच्छी बातें कहने से किसी की छवि अच्छी नहीं बन जाती। लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने के दावे पर पुष्पम प्रिया ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2020 से पहले जब उन्हें बिहार नहीं बुला रहा था, तब अब कैसे उन्हें बिहार बुला रहा है। उन्होंने दावा किया कि चिराग लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दो से तीन चरणों में हो सकता है बिहार चुनाव,छठ को ध्यान में रखकर तय होंगी तारीखें

पुष्पम प्रिया चौधरी ने बताया कि 2020 के विधासनभा चुनाव के बाद वह पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते राजनीति में सक्रिय नहीं रह पाईं। उन्होंने कहा कि जब तक वह जीवित रहेंगी, किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगी। मौके पर टीपीपी के राष्ट्रीय महासचिव अनुपम कुमार सुमन, जिलाध्यक्ष डॉ. संध्या यादव, राकेश कुमार और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कौन हैं पुष्पम प्रिया चौधरी?

पुष्पम प्रिया चौधरी दरभंगा जिले की रहने वाली हैं। उनके पिता दिवंगत विनोद चौधरी जेडीयू से एमएलसी रहे थे। पुष्पम प्रिया ने ब्रिटेन में गवर्नेंस, डेमोक्रेसी और डेवलेपमेंट इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की। इसके बाद अपने देश लौटकर 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में "द प्लूरल्स पार्टी" का गठन किया। चुनाव से पहले उन्होंने जमकर अपनी पार्टी का प्रचार किया और खुद को सीएम कैंडिडेट बताया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हट गया पुष्पम प्रिया के चेहरे से मास्क, तस्वीर शेयर कर लिखा - 2025 की शुभ बेला आ

पुष्पम प्रिया चौधरी की पार्टी टीपीपी ने बिहार चुनाव 2020 में 43 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। खुद पुष्पम प्रिया दो सीटों (बांकीपुर और बिस्फी) से चुनावी मैदान में उतरीं। हालांकि, उनकी पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। यहां तक कि पुष्पम प्रिया की भी जमानत जब्त हो गई थी। अब 2025 के बिहार चुनाव से पहले एक बार फिर वह एक्टिव हो गई हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।