मुहर्रम को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील, लाइसेंस लेना होगा अनिवार्य
अमौर थाना परिसर में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए एक शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बीडीओ राजराम पंडित ने भाईचारे की अपील की जबकि थानाध्यक्ष संजय कुमार ने लाइसेंस और पुलिस सुरक्षा की आवश्यकताओं की जानकारी दी। बैठक में हर समुदाय के सहयोग की जरूरत पर जोर दिया गया।

अमौर-बैसा, एक संवाददाता। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को अमौर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व थानाध्यक्ष संजय कुमार ने किया जबकि अध्यक्षता इंस्पेक्टर अमजद अली ने की। बैठक में बीडीओ राजराम पंडित, पंचायत जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिकों एवं विभिन्न अखाड़ों के खलीफाओं ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ राजराम पंडित ने कहा कि मुहर्रम इस्लाम धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो त्याग, विश्वास और शहादत का संदेश देता है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि मुहर्रम के सभी अखाड़ों के आयोजकों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक अखाड़े के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मुहर्रम का आयोजन कराना है। इसके लिए सभी समुदायों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है। बैठक में उपस्थित लोगों से भी प्रशासन का सहयोग करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन