प्रशांत किशोर को चिराग पासवान को सीएम कैंडिडेट घोषित कर देना चाहिए, दोनों एक हो चुके हैं: पप्पू यादव
पप्पू यादव ने कहा कि दोनों एक हो चुके हैं। अब प्रशांत किशोर को जल्द से जल्द चिराग पासवान को अपना सीएम कैंडिडेट घोषित कर देना चाहिए। प्रशांत जी परेशान आत्मा हैं।
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने चिराग पासवान पर बड़ा हमला किया है। उन्होने कहा कि प्रशांत किशोर और चिराग पासवान के बीच मेल हो गया है। प्रशांत किशोर को चिराग पासवान को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर देना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि चिराग जी को उधर मन नहीं लग रहा है तो इधर आ जाएं। हम उनका स्वागत करेंगे।
पटना में पत्रकारों से बात करते हुए पप्पू यादव ने चिराग पासवान और प्रशांत किशोर को लेकर बड़ी बात कही। बताया कि दोनों एक हो चुके हैं। अब प्रशांत किशोर को जल्द से जल्द चिराग पासवान को अपना सीएम कैंडिडेट घोषित कर देना चाहिए। प्रशांत जी परेशान आत्मा हैं। बिहार में कोई दलित, एससी-एसटी या ईबीसी ही सीएम बनेगा। ऐसे में चिराग पासवान फिट हैं।
पप्पू यादव यहीं नहीं रुके। उन्होंने चिराग पासवान पर और फिरकी ली। कहा कि इधर और उधर दोनों जगह कैसे चलेगा। अगर उधर मन नहीं लग रहा है तो इधर आ जाएं। हम तो चाहते हैं कि इधर आइए। हम तो पर्सनली स्वागत ही करेंगे। हमको एनडीए को हराना है।
पप्पू यादव ने यह भी कहा कि चिराग पासवान कुछ भी सीट जीत गए तो नीतीश जी के लिए सरदर्द हो जाएगा। हालांकि महागठबंधन में भी कुछ लोग हैं जो दो सीट भी जीत गए तो नहीं टिकेंगे।
दरअसल प्रशांत किशोर और चिराग पासवान अक्सर एक दूसरे की कार्यप्रणाली की तारीफ करते देखे जाते हैं। दो दिन पहले चिराग पासवान ने कहा कि प्रशांत किशोर अच्छे मित्र हैं। उनसे अच्छे संबंध हैं। नई सोच के लोग हैं जिनके पास विजन और थॉट प्रोसेस है। वे जात-पात भी नहीं करते हैं। बीपीएससी आन्दोलन के समय भी प्रशांत किशोर को चिराग पासवान का साथ मिला था। दोनों ने बिहार सरकार को पेपर लीक और बीपीएससी में सेटिंग के लिए जिम्मेदार ठहराया। प्रशांत किशोर भी चिराग के पॉलिटिकल स्टाइल को सही बताते हैं।




साइन इन