police encounter in chandan mishra murder case tauseef helper balwant injured in arrah bhojpur चंदन मिश्रा हत्याकांड में अब पुलिस का एनकाउंटर, तौसीफ को गन देने वाले बलवंत समेत 2 को मारी गोली, Bihar Hindi News - Hindustan
More

चंदन मिश्रा हत्याकांड में अब पुलिस का एनकाउंटर, तौसीफ को गन देने वाले बलवंत समेत 2 को मारी गोली

मुठभेड़ में घायल दो अपराधियों को सुबह 6.25 बजे बिहिया अस्पताल लाया गया। यहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। रविरंजन को जांघ में गोली लगी है, जबकि बलवंत को हाथ-पैर में गोली लगी है।

Tue, 22 July 2025 08:09 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, भोजपुर
share
चंदन मिश्रा हत्याकांड में अब पुलिस का एनकाउंटर, तौसीफ को गन देने वाले बलवंत समेत 2 को मारी गोली

चर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड में आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। भोजपुर जिले के आरा से सटे बिहिया इलाके में मुठभेड़ में पुलिस-एसटीएफ की टीम ने दो अपराधियों को गोली मारी है। कुल तीन अपराधियों की गिरफ्तारी की सूचना है। घायल अपराधियों में बलवंत कुमार, उम्र 22 वर्ष पिता जंगबहादुर सिंह , लीलाधरपुर परसिया, जिला बक्सर और रविरंजन सिंह, उम्र 20 वर्ष, पिता केश्वर सिंह, चकरही, बिहिया, जिला भोजपुर शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, बिहिया-कटेया पथ पर नदी के समीप मंगलवार की सुबह करीब पौने छह बजे यह मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में घायल दो अपराधियों को सुबह 6.25 बजे बिहिया अस्पताल लाया गया। यहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। रविरंजन को जांघ में गोली लगी है, जबकि बलवंत को हाथ-पैर में गोली लगी है। पुलिस ने अभिषेक नाम के एक अन्य अपराधी को भी हथियार के साथ गिरफ्तार भी किया है।

भोजपुर जिले में एनकाउंटर में घायल एक अपराधी
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पारस अस्पताल के चप्पे-चप्पे से कैसे वाकिफ हुआ तौसीफ, किसने दिए शूटरों को हथियार

कौन है बलवंत

पटना के पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या के बाद अब कई खुलासे हो रहे हैं। इस केस में बलवंत का नाम भी सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, बलवंत शूटरों को लेकर पारस अस्पताल पहुंचा था और वह शेरू सिंह के संपर्क में था। सूत्रों की मानें तो जिन शूटरों ने चंदन की हत्या की उनमें से पांच को बलवंत लेकर आया था। बलवंत ने ही तौसीफ उर्फ बादशाह समेत अन्य को 10 पिस्टल दी थी। वह लगातार पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जेल में बंद शेरू सिंह के संपर्क में था। शेरू के इशारे पर ही वह हर कदम उठा रहा था।

इस वारदात में चंदन के करीबियों को भी मिला लिया गया था ताकि उसके बारे में सटीक खबरें मिल सकें। सूत्र बताते हैं कि शेरू ने सभी शूटरों को पांच-पांच लाख रुपये देने की बात कही थी। बलवंत को पता था कि तौसीफ को पारस अस्पताल के बारे में पूरी जानकारी है। लिहाजा उसने इस साजिश में उसे भी शामिल कर लिया। अब भी इस वारदात में शामिल कई अपराधियों की तलाश पुलिस टीम को है। कइयों के नाम भी सामने आ चुके हैं जिनकी तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। बताया जाता है कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद भागे तौसीफ ने अपनी दाढ़ी कटवा ली थी।

यह तीनों अपराधी पकड़े गए हैं
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शिक्षा विभाग के ACS एस सिद्धार्थ का इस्तीफा, सीएम नीतीश को सौंपा वीआरएस आवेदन

रिमांड पर तौसीफ

बता दें कि चंदन मिश्रा हत्याकांड में पकड़े गए शूटर तौसीफ उर्फ बादशाह समेत चार को सोमवार की सुबह पुलिस पश्चिम बंगाल से लेकर पटना पहुंची। इसके बाद उससे लंबी पूछताछ की गई। वहीं न्यायालय ने तौसीफ की 72 घंटे की पुलिस रिमांड दी है। पुलिस मंगलवार को बेऊर जेल से तौसीफ को लेकर आएगी, जिसके बाद उससे पूछताछ शुरू होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पलायन का दंश और पूजा कर गंगा मइया से लौटने की गुहार, बिहार में कोसी नदी भी उफनाई
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।