बिहार को राजद और कांग्रेस की नजरों से बचाना है; चुनाव से पहले मोदी ने जेल-बेल की भी याद दिलाई
पीएम ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस में कोई बेल पर बाहर है तो कोई रेल के खेल में अदालत के चक्कर लगा रहा है। जो जमानत पर घूम रहे हैं वे भ्रष्टाचार के खिलाफ लाए गए कानून का विरोध कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गया में कहा कि बिहार का विकास केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए कांग्रेस और राजद की बुरी नजर से राज्य को बचाना है। इन दलों को राज्य के विकास से कुछ मतलब नहीं है। प्रदेश के लिए यह समय काफी अहम है। अगर युवाओं के सपनों को पूरा करना है जेल और बेल वालों को दूर रहना है।
पीएम ने कहा कि 2014 से मुझे प्रधानमंत्री के रूप में काम करने का अवसर आप लोगों ने दिया। लेकिन, भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा। दूसरी ओर आजादी के बाद 60-65 सालों के कांग्रेस सरकार की भ्रष्टाचार की लंबी लिस्ट है। राजद सरकार के भ्रष्टाचार के बारे में तो बच्चा-बच्चा जानता है। ये आरजेडी और कांग्रेस में कोई बेल पर बाहर है तो कोई रेल के खेल में अदालत के चक्कर लगा रहा है। जो जमानत पर घूम रहे हैं वे भ्रष्टाचार के खिलाफ लाए गए कानून का विरोध कर रहे हैं। अगर ये जेल चले गए तो इनके सारे सपने चकनाचूर हो जाएंगे। इसलिए सुबह शाम ये लोग मोदी को भांति-भांति की गाली दे रहे हैं। ये इतने बौखलाए हुए हैं कि जनहित के कानून का विरोध कर रहे हैं। वोट बैंक के लिए कांग्रेस और आरजेडी वाले बिहार के लोगों का हक घुसपैठियों को देना चाहते हैं।
पीएम ने कहा कि याद कीजिए लालटेन राज में यहां कैसे दुर्दशा थी। यह क्षेत्र लाल आतंक से जकड़ा हुआ था। शाम के बाद कहीं आना जाना मुश्किल था। गया जी जैसे शहर लालटेन राज में अंधेरे में थे। हजारों गांव ऐसे थे जहां बिजली के खंभे भी नहीं थे। लालटेन वालों ने पूरे बिहार के भविष्य को अंधेरे में धकेल दिया। ना शिक्षा थी ना रोजगार था। बिहार की कितनी पीढ़ियों को इन लोगों ने पलायन के लिए मजबूर कर दिया।
पीएम ने कहा कि बिहार के लोगों को राजद और उनके साथी अपना वोट बैंक मानते हैं। गरीब के मान-सम्मान और सुख-दुख से इन्हें कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री ने मंच से कह दिया था कि अपने राज्य में बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे। बिहार के लोगों से कांग्रेस की इतनी नफरत है। बिहार के लोगों के प्रति इतनी घृणा है। यहां आरजेडी वाले गहरी नींद में सोए पड़े थे। लेकिन बिहार की एनडीए सरकार कांग्रेस और हिंदी गठबंधन वालों के इस नफरती अभियान का जवाब दे रही है।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस आरजेडी की सरकारों ने कभी जनता के पैसे का मोल नहीं समझा। इनके लिए जनता के पैसे का मतलब रहा खुद की तिजोड़ी भरना। कांग्रेस राजद की सरकारों ने सालों साल तक योजनाएं पूरी नहीं कीं। यह लोग उन योजनाओं में भी पैसे कमाते थे। अब तो शिलान्यास के बाद समय सीमा में काम को पूरा किया जाता है। आज का यह कार्यक्रम इसका एक शानदार उदाहरण है। औंटा-सिमरिया में सिक्स लेन पुल का शिलान्यास करने का सौभाग्य मुझे मिला था। आज मैं ही उसका लोकार्पण करने का भी अवसर मिला। यह पुल पूरे उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने का काम करेगा।




साइन इन