PM Narendra Modi in Bihar LIVE Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होने गया से 13000 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वहीं बेगूसराय को औंटा-सिमरिया पुल की सौगात दी। इस मौके पर रोड शो भी किया। प्रधानमंत्री का स्वागत छठ गीत से किया गया। पीएम मोदी और सीएम नीतीश की जबरदस्त बॉन्डिंग भी देखने को मिली। इससे पहले उन्होने गयाजी में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर कहा कि बिहार की धरती से लिया कोई भी संकल्प खाली नहीं जाता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने भारत पर कई ड्रोन और मिसाइल हमले किए लेकिन इसे हमने तिनके की तरह बिखेर दिया। अपने भाषण में पीएम ने विपक्षी दल आरजेडी और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने संविधान के 130वें संशोधन विधेयक पर बोलते हुए कहा कि अगर किसी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री जेल जाता है तो वह कुर्सी पर बैठने का हकदार नहीं है। घुसपैठियों का मुद्दा उठाते हुए पीएम ने आरजेडी और कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए बिहारियों का हक छीनने का आरोप लगाया।
गयाजी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पीएम सीधे बोधगया स्थित एएमयू परिसर में सभा स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ वे खुली जीप में सवार होकर मंच तक आए। यहां से पीएम ने लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने गयाजी-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली-कोडरमा बौद्ध सर्किट ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संबोधन में अपनी सरकार के मुफ्त बिजली, पेंशन बढ़ोतरी जैसे फैसलों को गिनाया। केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने अपने भाषण में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे में इतना काम किया है, जो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने वालों के मुंह पर तमाचा है। गयाजी में कार्यक्रम होने के बाद पीएम मोदी बेगूसराय जिले के सिमरिया पहुंचे हैं। यहां वे गंगा नदी पर बना औंटा-सिमरिया 6 लेन पुल का उद्घाटन कर रहे हैं। बेगूसराय से पीएम वापस गयाजी होकर पश्चिम बंगाल की ओर रवाना हो जाएंगे।
22 Aug 2025, 03:08:03 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: बेगूसराय में पुल की सौगात, पीएम मोदी और सीएम नीतीश की दिखी जुगलबंदी
PM Modi in Bihar LIVE: औंटा-सिमरिया पुल के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने पुल से जनता का अभिवादन किया। इस मौके पर नीतीश ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद दिया
22 Aug 2025, 03:00:59 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: पीएम मोदी ने औंटा-सिमरिया पुल का उद्घाटन किया
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेगूसराय में औंटा-सिमरिया पुल परियोजना का उद्घाटन किया। इस दौरान छठ के गीत के साथ उनका स्वागत किया गया।
22 Aug 2025, 02:45:05 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: बेगूसराय पहुंचे पीएम मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेगूसराय जिले के सिमरिया पहुंच गए हैं। यहां गंगा नदी पर नवनिर्मित 6 लेन औंटा-सिमरिया पुल पर उन्होंने रोड शो करते हुए लोगों का अभिवादन किया। पीएम इस पुल का उद्घाटन करने पहुंचे हैं।
22 Aug 2025, 02:40:55 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: पीएम मोदी की रैली में नजर आए आरजेडी के दो विधायक
PM Modi in Bihar LIVE: गयाजी में पीएम नरेंद्र मोदी की सभा में मंच पर विपक्षी पार्टी आरजेडी के दो विधायक भी नजर आए। इससे सियासी गलियारे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। नवादा के पूर्व MLA राजबल्लभ प्रसाद की विधायक पत्नी विभा देवी और रजौरी के विधायक प्रकाश वीर, दोनों मोदी के मंच पर मौजूद रहे। बता दें कि राजबल्लभ यादव हाल ही में हाई कोर्ट से रेप केस में बरी होकर जेल से छूटे हैं।
22 Aug 2025, 01:09:56 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: 32 मिनट चला प्रधानमंत्री का भाषण
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गयाजी की सभा में संबोधन लगभग 34 मिनट तक चला। अपने भाषण में पीएम ने भ्रष्टाचार और घुसपैठियों के मुद्दे पर कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने पाकिस्तान को चेताया औ कहा कि बिहार की धरती से लिया संकल्प कभी खाली नहीं जाता। संविधान (130वां) संशोधन विधेयक पर उन्होंने कहा कि जेल जाने वाले नेता अब कुर्सी पर नहीं बैठ पाएंगे।
22 Aug 2025, 12:57:54 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: पीएम का भाषण खत्म, अब बेगूसराय जा रहे
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गयाजी में भाषण खत्म हो गया है। यहां से वे बेगूसराय जा रहे हैं, जहां सिमरिया में गंगा नदी पर बने नए 6 लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। बेगूसराय में उनकी सभा नहीं है, इसलिए कुछ ही मिनटों में वे वापस लौट जाएंगे।
22 Aug 2025, 12:49:19 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: आरजेडी और कांग्रेस बिहारियों का हक घुसपैठियों को दे रहे- मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में घुसपैठिया एक बड़ी समस्या है। यह बिहार में भी बढ़ रही है। ये घुसपैठिए आपके रोजगार छीन रहे हैं, आपकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। आपके हक को छीना जा रहा है। देश के भीतर बैठे समर्थकों से भी सावधान रहना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आरजेडी जैसे दल तुष्टीकरण के लिए बिहार के लोगों का हक छीनकर घुसपैठियों को देना चाहते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, "एनडीए सरकार ने तय किया है कि घुसपैठियों को बिहार के युवाओं का रोजगार नहीं छीनने देंगे। जिन सुविधाओं को भारतीय लोगों का अधिकार है, उन पर घुसपैठियों को डाका नहीं डालने देंगे। इस खतरे से निपटने के लिए डेमोग्राफिक मिशन शुरू करने की बात कही गई। बहुत जल्द यह मिशन अपना काम शुरू करेगा और घुसपैठियों को देश से बाहर किया जाएगा।"
22 Aug 2025, 12:42:13 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: जेल जाने वाला कुर्सी पर नहीं बैठ सकता, पीएम सीएम बिल पर बोले मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान (130वां) संशोधन विधेयक पर कहा कि अगर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाना है तो कोई भी कार्रवाई के दायरे से बाहर नहीं होना चाहिए। आज कानून है कि अगर सरकारी कर्मी कुछ घंटे हिरासत में रख दिया तो वह अपने आप सस्पेंड हो जाता है। उसकी जिंदगी हमेशा के लिए तबाह हो जाती है। अगर कोई मुख्यमंत्री, मंत्री या प्रधानमंत्री है वो जेल में रहकर भी सत्ता का सुख पा सकता है। हमने देखा कि जेल से ही फाइलों पर साइन करके सरकारी आदेश निकाले जा रहे थे। नेताओं का यही रवैया रहेगा तो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई कैसे लड़ी जा सकती है। संविधान की मर्यादा को तार-तार होते नहीं देख सकते। इसलिए एनडीए सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसा कानून लाई है, जिसके दायरे में देश का पीएम भी है, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को भी शामिल किया गया है। कानून बनने के बाद गिरफ्तारी के 30 दिनों के भीतर जमानत लेनी होगी। अगर बेल नहीं मिली तो 31वें दिन कुर्सी छोड़नी पड़ेगी। मगर आरजेडी, कांग्रेस और लेफ्ट वाले इस कानून का विरोध कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जो पाप करता है वही अपने पाप दूसरों से छिपाता है।
22 Aug 2025, 12:37:53 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ेगा गंगा पुल
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा नदी पर औंटा सिमरिया 6 लेन पुल का शिलान्यास करने का मौका उन्हें मिला था, आज इसका लोकार्पण का सौभाग्य भी उन्हें मिल रहा है। यह पुल सिर्फ सड़कों को ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ेगा। इससे लोगों के आवागमन में समय बचेगा और उन्हें सुविधा होगी।
22 Aug 2025, 12:35:36 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: नीतीश नौकरी देने के लिए अभियान चला रहे- मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: रोजगार के मुद्दे पर पीएम ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नीतीश हैं तभी शिक्षकों की भर्ती पारदर्शिता से हो रही है। उन्होंने सरकारी नौकरी देने का अभियान चलाया है। बिहार के लोगों को यहीं पर रोजगार मिले और पलायन न करना पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार की नई योजना से भी मदद मिलने वाली है। 15 अगस्त को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू हुई है। इसके तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी करने पर युवाओं को सरकार उन्हें 15 हजार रुपये देगी। जो प्राइवेट कंपनियां युवाओं को रोजगार देगी, उन्हें भी अलग से पैसा दिया जाएगा। इसका लाभ बिहार के लोगों को भी होगा।
22 Aug 2025, 12:32:16 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: लालटेन राज में था लाल आतंक- पीएम मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लालटेन राज में बिहार की बहुत दुर्दशा थी। लालटेन राज में बिहार लाल आतंक से जकड़ा हुआ था। माओवादियों की वजह से शाम के बाद कहीं आना-जाना मुश्किल था। गयाजी जैसे शहर लालटेन राज में अंधेरे में डूबे रहते थे। कई गांवों में बिजली के खंभे तक नहीं पहुंचे थे। लालटेन वालों ने पूरे बिहार को अंधेरे में धकेल दिया था। शिक्षा और रोजगार न होने की वजह से लोगों को पलायन के लिए मजबूर किया। आरजेडी और उनके सहयोगी बिहारियों को सिर्फ अपना वोटबैंक मानते हैं। उन्हें गरीबों के मान-सम्मान से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री ने मंच से कह दिया था कि वह अपने राज्य में बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे। कांग्रेस की बिहारियों के प्रति नफरत को कोई भूल नहीं सकता है। इसके बावजूत आरजेडी वालों ने कांग्रेस का साथ दिया।
22 Aug 2025, 12:24:15 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: बिहार से लिया संकल्प कभी खाली नहीं जाता- प्रधानमंत्री
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की धरती पर लिया गया कभी खाली नहीं जाता है। यह चाणक्य और चंद्रगुप्त की धरती है। कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ। निर्दोष नागरिकों को उनका धर्म पूछकर मारा गया। बिहार की इसी धरती से मैंने आतंकियों को मिट्टी में मिलाने की बात कही थी। आज दुनिया देख रही है कि बिहार की धरती से लिया गया वो संकल्प पूरा हो चुका है।
22 Aug 2025, 12:23:07 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: पाकिस्तान की एक भी मिसाइल भारत को नुकसान नहीं पहुंचा पाई
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान हम पर ड्रोन हमले कर रहा था, मिसाइलें दाग रहा था। इधर भारत, पाकिस्तान की मिसाइलों को हवा में तिनके की तरह बिखेर रहा था। पाकिस्तान की एक भी मिसाइल हमें नुकसान नहीं पहुंचा पाई। ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की रक्षा नीति की नई लकीर खींच दी है। भारत में आतंकी भेजकर हमले कराकर कोई बच नहीं सकेगा।
22 Aug 2025, 12:16:49 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: मोदी बोले- मैं जनता का सेवक हूं, 4 करोड़ से अधिक आवास बांटे
PM Modi in Bihar LIVE: पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनता का सेवक बन कर यह काम करने में सबसे ज्यादा खुशी होती है। जैसे गरीब को पक्का घर देना। उन्हें अच्छा इलाज की सुविधा देना। मेरा संकल्प है कि जब तक हर जरूरतमंद को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी चैन से नहीं बैठेगा। 11 साल में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर बनाकर दे दिए गए। गयाजी जिले में भी 2 लाख से अधिक आवास दिए गए।
22 Aug 2025, 12:14:28 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: बिहार में रोजगार के नए अवसर बनेंगे - प्रधानमंत्री
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में गया का नाम गयाजी करने पर बिहार सरकार का अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि गयाजी के तेज विकास के लिए बिहार की डबल इंजन की सरकार लगातार काम कर रही है। गयाजी में एक ही दिन में हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ। इनसे उद्योगों को ताकत मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
22 Aug 2025, 12:12:14 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री ने भाषण में किस-किस का नाम लिया?
PM Modi in Bihar LIVE: गयाजी सभा में पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरआत में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, सीएम नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, ललन सिंह, चिराग पासवान, रामनाथ ठाकुर, नित्यानंद राय, सतीश चंद्र दुबे, राजभूषण चौधरी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा समेत अन्य का नाम लेकर अभिवादन किया।
22 Aug 2025, 12:09:59 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: इंतजार खत्म, पीएम मोदी का संबोधन शुरू
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंच से संबोधन शुरू हो गया है। सभा में मौजूद लोग सुबह से इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
22 Aug 2025, 12:08:40 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: 16 हजार से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश
PM Modi in Bihar LIVE: पीएम नरेंद्र मोदी ने पीएम आवास योजना ग्रामीण और शहरी के लगभग 16 हजार लाभार्थियों का गृह प्रवेश कराया। इनमें से कुछ लाभार्थियों को पीएम ने प्रतीकात्मक रूप से नए घर की चाबियां मंच से सौंपी।
22 Aug 2025, 12:06:23 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: अमृत भारत समेत दो ट्रेनों को पीएम ने दिखाई हरी झंडी
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हरी झंडी दिखाकर गया-दिल्ली अमृत भारत एक्सफ्रेस और वैशाली-कोडरमा बौद्ध सर्किट ट्रेन को रवाना किया।
22 Aug 2025, 12:01:35 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: पीएम मोदी ने रिमोट बटन दबाकर प्रोजेक्ट के शिलान्यास-लोकार्पण किए
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर 13 हजार करोड़ रुपये की लागत वालीं विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें रेल, सड़क, ऊर्जा, स्वास्थ्य, आवास और जलापूर्ति से जुड़ीं योजनाएं शामिल हैं।
22 Aug 2025, 12:00:09 PM IST
PM Modi in Bihar LIVE: नीतीश बोले- पहले मुसलमानों के लिए कुछ नहीं हुआ था
PM Modi in Bihar LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले बिहार में बहुत बुरा हाल था। पहले कोई कपड़ा ठीक से नहीं पहन पाता था। महिलाओं के लिए किसी ने काम नहीं किया था। मुसलमानों के लिए भी कुछ नहीं हुआ था। हमने सबके लिए काम किया।
22 Aug 2025, 11:58:43 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: नीतीश ने मोदी सरकार की तारीफ की
PM Modi in Bihar LIVE: सीएम नीतीश ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बिहार को पूरा सहयोग मिल रहा है। इस साल के बजट में राज्य को स्पेशल पैकेज मिला। खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी दी गई। पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार में बहुत ज्यादा काम कर दिया है।
22 Aug 2025, 11:53:59 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: नीतीश ने गिनाए पेंशन और मुफ्त बिजली के फैसले
PM Modi in Bihar LIVE: सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली सभी क्षेत्रों में काम हो रहे हैं। हाल ही में कुछ नए काम भी करवाए गए हैं। कुछ नए फैसले लिए गए जिसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति महीना किया गया।
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार सभी को फायदा देने का काम कर रही है। 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दी गई। पहले से कम पैसे में लोगों को बिजली दी जा रही थी। मगर अब यह तय कर ली गई कि 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी।
22 Aug 2025, 11:51:32 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: गया का नाम हमने गयाजी करवाया- नीतीश
PM Modi in Bihar LIVE: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि गया का नाम हमने गयाजी करवाया। पहले शहर का नाम गया ही था। अब इसका नाम गयाजी हो गया है। एक तरफ बोधगया है, दूसरी ओर गयाजी। गयाजी में हमने फल्गु नदी में रबर डैम और सेतु का निर्माण करवाया। बोधगया में भी अतिथि गृह समेत कई निर्माण कराए गए।
22 Aug 2025, 11:45:05 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: मुख्यमंत्री संबोधन देने पहुंचे
PM Modi in Bihar LIVE: सीएम नीतीश कुमार अब भाषण करने मंच पर पहुंचे हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी, राज्यपाल मोहम्मद आरिफ मोहम्मद खान समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों, डिप्टी सीएम और बिहार सरकार के मंत्रियों का अभिनंदन किया।
22 Aug 2025, 11:43:54 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: सम्राट ने मोदी और नीतीश की तारीफ की
PM Modi in Bihar LIVE: डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री से बार-बार बिहार आने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी जमकर तारीफ की। सम्राट ने कहा कि नीतीश ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी है। उन्होंने कहा कि पीएम की बैठक में हमें डांट पड़ती थी कि सूर्य घर योजना पर काम क्यों नहीं हो रहा है। अब नीतीश सरकार ने घर-घर मुफ्त सोलर पैनल लगाने का फैसला लिया है। केंद्र से जो सब्सिडी मिल रही है उसके अलावा जो भी खर्च आएगा वो बिहार सरकार खर्च करेगी।
22 Aug 2025, 11:40:12 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: मोदी के सामने मांझी ने चिराग को लपेट लिया
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कैबिनेट में अपने सहयोगी चिराग पासवान को लपेट लिया। माँझी ने कहा कि चिराग ने वजीरगंज और पूर्णिया में स्टील प्रोसेसिंग प्लांट शुरू किया था। पूर्णिया में तो काम चालू हो गया, लेकिन वजीरगंज में अभी तक नहीं हुआ है। उन्होंने इसे जल्द शुरू करवाने की मांग की। बता दें कि चिराग और मांझी के बीच पूर्व में विभिन्न मुद्दों पर जुबानी जंग हो चुकी है।
22 Aug 2025, 11:32:56 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: मांझी बोले- मोदी का काम विशेष राज्य की बात करने वालों को तमाचा
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बोधगया सभा में स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। अपने संबोधन में मांझी ने कहा कि पीएम मोदी ने बिहार के लिए इतना काम किया है, जो विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की बात करने वालों के मुंह पर तमाचा है।
22 Aug 2025, 11:29:07 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: मांझी बोले- मगध में मोदी सरकार कई काम करा रही
PM Modi in Bihar LIVE: केंद्रीय जीतनराम मांझी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लिए कई काम किए। उन्होंने कहा कि मगध क्षेत्र में आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण हो रहा है। वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस वे बन रहा है, जो गया और औंगाबाद जिले से वह गुजरेगा। 1300 एकड़ में इंडस्ट्रियल एरिया विकसित हो रहा है। इसके अलावा कई अन्य प्रोजेक्ट भी मगध क्षेत्र को केंद्र सरकार ने दिए हैं। बोधगया मंदिर का सम्रग विकास होगा। वाराणसी की तर्ज पर बोधगया में कॉरिडोर बनेगा।
22 Aug 2025, 11:22:33 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: मंच पर मोदी और नीतीश की गुफ्तुगू
PM Modi in Bihar LIVE: मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जुगलबंदी देखने को मिली। दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी से चर्चा हो रही है।
22 Aug 2025, 11:15:18 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: नीतीश और सम्राट के साथ जीप पर सवार हुए मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो करते हुए बोधगया सभा के मंच तक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्ह भी उनके साथ ओपन जीप पर मौजूद रहे। सभी नेताओं ने सभा में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
22 Aug 2025, 11:10:14 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: गयाजी पहुंचे पीएम मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गयाजी पहुंच गए हैं। गयाजी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वे बोधगया स्थित एएमयू परिसर में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे हैं।
22 Aug 2025, 11:03:14 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: चिराग पासवान मंच पर पहुंचे
PM Modi in Bihar LIVE: केंद्रीय मंत्री और लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान मंच पर पहुंच गए हैं। एनडीए के अन्य नेता भी मंच पर मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी थोड़ी देर में गयाजी पहुंचने वाले हैं। बोधगया के मगध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित जनसभा में उनका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।
22 Aug 2025, 10:56:54 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: अमृत भारत एक्सप्रेस समेत दो ट्रेनें शुरू करेंगे पीएम मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार में दो नई ट्रेनें शुरू करने जा रहे हैं। वे गयाजी से नई दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलाई जाएगी। इसके अलावा वे वैशाली और कोडरमा के बीच बुद्धिस्ट सर्किट ट्रेन को भी शुरू करेंगे। यह ट्रेन बौद्ध तीर्थस्थलों को जोड़ेगी और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देगी।
22 Aug 2025, 10:55:21 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: इन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे प्रधानमंत्री
PM Modi in Bihar LIVE: पीएम मोदी आज गयाजी से कुल 1257 करोड़ रुपये की लागत वालीं कुल 8 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। औरंगाबाद, जहानाबाद, लखीसराय और जमुई जिले में एसटीपी समेत अन्य विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इसके अलावा औरंगाबाद, बोधगया और जहानाबाद में जलापूर्ति परियोजना का शिलान्यास भी होगा।
22 Aug 2025, 10:52:40 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: आज इन प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे पीएम मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री आज बिहार से जुड़े कुल 11735 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, इनमें प्रमुख हैं-
⦁ बक्सर में 660 मेगावाट क्षमता का पावर प्लांट
⦁ मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर
⦁ गंगा नदी पर बना औंटा-सिमरिया 6 लेन पुल
⦁ बख्तियारपुर से मोकामा के बीच एनएच 31 पर फोरलेन निर्माण कार्य
⦁ बिक्रमगंज से डुमरांव रोड टू-लेन रोड का अग्रेडेशन
⦁ मुंगेर में सीवरेज नेटवर्क और एसटीपी परियोजना
22 Aug 2025, 10:47:20 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: तेजस्वी बोले- आज गया में लगेगी जुमलों की दुकान
PM Modi in Bihar LIVE: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर तंज कसते हुए ट्वीट किया और लिखा, "आज गया में झूठ और जुमलों की दुकान लगेगी। प्रधानमंत्री जी, गया में बिना हड्डी की जुबान से आज झूठ और जुमलों का हिमालय खड़ा करेंगे लेकिन बिहार के न्यायप्रिय जनता दशरथ मांझी की तरह उनके झूठ और जुमलों के इन विशाल पहाड़ों को तोड़ देगी। 11 साल अपनी और 20 वर्षों की एनडीए सरकार के 20 सालों का हिसाब दो?"
22 Aug 2025, 10:44:28 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: पीएम के कार्यक्रम के चलते गयाजी में स्कूलों की छुट्टी
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के चलते गयाजी जिले में आज स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। डीएम के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने गुरुवार को ही इस संबंध में पत्र जारी कर दिया था। पूरे जिले में आज सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों को बंद रखा गया है। पीएम के कार्यक्रम में भीड़ आने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली असुविधा को देखते हुए यह फैसला लिया गया।
22 Aug 2025, 10:34:28 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: बक्सर थर्मल पावर प्लांट का लोकार्पण करेंगे पीएम मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज के कार्यक्रम में बक्सर के चौसा में निर्मित थर्मल पावर प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे। 660 मेगावाट क्षमता के इस पावर प्लांट का शिलान्यास नरेंद्र मोदी ने ही साल 2019 में किया था। उद्घाटन के साथ ही इस प्लांट से बिजली का उत्पादन भी शुरू हो जाएगा। बक्सर थर्मल प्लांट में कुल 1320 मेगावाट की क्षमता स्थापित की जा रही है। पीएम आज जिसका उद्घाटन करेंगे, वह इस प्लांट की पहली यूनिट है। इसकी लागत 6878 करोड़ रुपये आई है।
22 Aug 2025, 10:28:26 AM IST
PM Modi in Bihar LIVE: लालू बोले- नीतीश की राजनीति का पिडंदान करने आ रहे मोदी
PM Modi in Bihar LIVE: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीति और उनकी पार्टी का पिंडदान करने के लिए पीएम गयाजी आ रहे हैं। इस पर सियासत गर्मा गई है।
पूरी खबर पढ़ें-
नीतीश की राजनीति और जेडीयू का पिंडदान करने आ रहे मोदी : लालू यादव