ईरान-अमेरिका युद्ध: पाइप और सेनेटरी उत्पादों की कीमत 50% बढ़ी, बिहार की कई फैक्ट्रियों पर संकट
कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमल नोपानी बताते हैं कि पीवीसी पाइप के लिए जरूरी कच्ची सामग्री की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। इससे सरकारी योजनाओं में आपूर्ति करने वालों और संविदाकर्ताओं को नुकसान पहुंचेगा।

खाड़ी देशों में युद्ध के कारण पीवीसी (पॉलीविनाइल क्लोराइड) पाइप और सेनेटरी उत्पादों की कीमतों में 35 से 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो गई है। प्रतिदिन इन उत्पादों की कीमतों में बदलाव हो रहा है। इससे यूपीवीसी पाइप, गोंद, सेनेटरी फिटिंग उत्पाद के बाजार में उथल-पुथल है। निर्माण के लिए जरूरी कच्ची सामग्री की कीमतों में इजाफा से राज्य में लगभग पांच हजार करोड़ के पीवीसी बाजार में बिक्री कम हो गई है।
भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग मंडल (ऐसोचैम) के प्रदेश अध्यक्ष विवेक साह बताते हैं कि पीवीसी और सेनेटरी फिटिंग उत्पाद को बनाने वाली कंपनियां उहापोह में हैं। निर्माण कंपनियां ऊंची कीमत पर कच्ची सामग्री नहीं खरीदना चाह रहे हैं। महंगे उत्पादों के निर्माण के बाद उनकी बिक्री को लेकर कंपनियों में संशय है। पीवीसी व सेनेटरी उत्पादों की कीमतों में इजाफा से बिहार में आधारभूत संरचना निर्माण लागत में बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश में बन रहे भवनों की लागत में इजाफा होने से बिल्डरों को नुकसान हो रहा है।
कच्ची सामग्री की बढ़ रही कीमतें
कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमल नोपानी बताते हैं कि पीवीसी पाइप के लिए जरूरी कच्ची सामग्री की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। इससे सरकारी योजनाओं में आपूर्ति करने वालों और संविदाकर्ताओं को नुकसान पहुंचेगा। एपोस्टलिक रिडीम के रवि व राहुल बताते हैं कि कच्ची सामग्री की कीमतों में आए तेज उछाल से पीवीसी निर्माण में लगी कंपनियों ने उत्पादन में कमी कर दी है। निर्माण कंपनियां युद्ध थमने का इंतजार कर रही हैं।
कई फैक्ट्रियां हो रही बंद
हाजीपुर में पीवीसी पाइप निर्माण यूनिट से जुड़े संदीप सर्राफ बताते हैं कि कीमतों में इजाफा के कारण राज्य की कई फैक्ट्रियां बंदी के कगार पर हैं। इनके पास पहले से बने पीवीसी पाइप और सेनेटरी फिटिंग्स उत्पाद हैं उनमें से कई कारोबारी मुनाफा वसूली और कालाबाजारी में लग गए हैं। राज्य में 150 फैक्ट्रियों में प्लास्टिक समान का निर्माण हो रहा है। इनमें से 25 बड़ी फैक्ट्रियां हैं, जो पीवीसी पाइप निर्माण में हैं।
केवल मार्च महीने में पीवीसी की कीमतों में 25 रुपये प्रति किलो का उछाल आ गया है। साधारण ब्रांड के एक इंच के पीवीसी पाइप लेंथ की कीमत मार्च के शुरू में 330 रुपये थी, जो बढ़कर 450 रुपये हो गई है। आधा ईंच के पाइप की कीमत भी 180-190 रुपये प्रति लेंथ से बढ़कर 220-230 रुपये लेंथ हो गई है। प्लास्टिक के नल की कीमत में 25 से 35 प्रतिशत तक का इजाफा है। बॉल, टैब, रैबिशन, शॉकेट, बैंड, यूनियन, ब्रॉस एल्बो, मेल-फीमेल शॉकेट शॉवर आदि फिटिंग के सामानों की कीमतों में भी इजाफा हुआ है।




साइन इन