5 लाख लो और बेटी दो.., मां के इनकार करने पर फायरिंग; भाई के सीने की हड्डी तोड़ी
महिला के मुताबिक, आरोपित ने उनसे बोला कि पांच लाख रुपये ले लो और बेटी की शादी करा दो। महिला नहीं मानी तो अगले दिन तीन-चार लोगों के साथ वो स्कॉर्पियो से उनके घर पर पहुंचा। बेटी को जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। गांव के लोग जुटे तो सभी आरोपी फरार हो गए।

बिहार में बदमाशों ने एक मां से कहा कि वो 5 लाख रुपये ले ले और अपनी बेटी उनके हवाले कर दे। मां ने जब इससे इनकार कर दिया तब बदमाशों ने जमकर बवाल भी मचाया। मामला मुजफ्फरपुर के साहेबगंज के बंगरा निजामत गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां के एक हिस्ट्रीशीटर ने एक महिला पर पांच लाख लेकर बेटी से शादी कराने का दबाव बनाया। महिला नहीं मानी तो आरोपित ने उसके घर के सामने फायरिंग की। बेटी नहीं देने पर हत्या करने की धमकी भी दी गई।
इसके बाद डरी-सहमी महिला ने अपने भाइयों को बुलाया और आरोपित के घर भेजा। इससे आक्रोशित आरोपित ने उसके एक भाई से मारपीट की। उसके सीने की हड्डी तोड़ दी। मामले को लेकर महिला ने पहाड़पुर मनोरथ निवासी जयप्रकाश तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को बताया कि 15 अप्रैल को आरोपित ने उसे कॉल की।
महिला के मुताबिक, आरोपित ने उनसे बोला कि पांच लाख रुपये ले लो और बेटी की शादी करा दो। महिला नहीं मानी तो अगले दिन तीन-चार लोगों के साथ वो स्कॉर्पियो से उनके घर पर पहुंचा। बेटी को जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। गांव के लोग जुटे तो सभी आरोपी फरार हो गए। महिला के मुताबिक, 18 अप्रैल को घर के सामने आरोपित आया और पिस्टल से पांच राउंड फायरिंग कर दी। साहेबगंज थानेदार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।
किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, प्राथमिकी
इधर मुजफ्फरपुर के ही मुशहरी थाना क्षेत्र के एक गांव में 22 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे 13 साल की किशोरी से मक्के के खेत में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। किशोरी के चिल्लाने पर जुटे ग्रामीणों ने आरोपित युवक को पकड़ लिया। इस बीच भीड़ को चकमा देकर आरोपित फरार हो गया। परिजन ने थाना में शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों ने बताया कि किशोरी चाची के घर जा रही थी। इसी दौरान अमोल कुमार ने किशोरी को मक्के के खेत में ले गया। थानेदार सुबोध मेहता ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।




साइन इन