लुटेरी दुल्हनों ने बिहार बुलाकर दूल्हों को लूटा; 5 लाख कैश और गहने- लहंगे तक मंगाए, ऐसे हुआ खुलासा
राजस्थान से शादी करने गोपालगंज पहुंचे दो दूल्हों को दुल्हनों ने 5 लाख और गहने ठग लिए। सात फेरे के अगले दिन दोनों गैरों की बाइक पर बैठकर फरार हो गईं। पुलिस ने एक आरोपी ऑर्केस्ट्रा डांसर को गिरफ्तार किया, दूसरी की तलाश जारी है

राजस्थान के जयपुर से शादी करने बिहार के गोपालगंज पहुंचे दो सगे भाइयों के साथ हैरान कर देने वाली ठगी की वारदात सामने आई है। सात फेरे लेने के महज एक दिन बाद ही दोनों दुल्हनें गैरों की बाइक पर बैठकर फरार हो गईं। वे अपने साथ लाखों रुपये के गहने, लहंगा और अन्य सामान भी ले गईं। अब पीड़ित दूल्हे हाथों में लगी मेहंदी दिखाकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं। दूल्हे अंकित शर्मा और प्रिंस की शादी एक एजेंट के माध्यम से तय हुई थी। परिवार के अनुसार, पूरी शादी के लिए करीब 5 लाख रुपये खर्च किए गए, जिनमें लगभग 3 लाख रुपये के गहने शामिल थे।
लुटेरी दुल्हन गैंग के शिकार हुए दूल्हे
अंकित के बड़े भाई अनुराग शर्मा ने बताया कि इस पूरे मामले के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों के उन युवकों को निशाना बनाता है, जिनकी शादी नहीं हो पा रही होती। अनुराग के मुताबिक, अंकित के साथ काम करने वाले संजय सैनी ने बिहार में शादी कराने का भरोसा दिलाया। कहा गया कि गरीब परिवार की लड़कियां हैं और शादी का पूरा खर्च लड़के वालों को उठाना होगा। गहने बाद में वापस कर दिए जाएंगे। परिवार ने भरोसा कर लिया और जल्दबाजी में 23 फरवरी की तारीख तय कर दी। 21 फरवरी को परिवार जयपुर से रवाना हुआ और 22 फरवरी को गोपालगंज पहुंचा।
शादी होते ही गहनों समेत फरार
होटल में रुकने के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधियां भी दिखीं, लेकिन परिवार ने इसे नजरअंदाज कर दिया। 23 फरवरी को कथित लड़की पक्ष होटल पहुंचा और 2 लाख रुपये नकद तथा 3 लाख के गहने ले लिए। दोपहर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की रस्में पूरी की गईं। विदाई के समय दुल्हनों ने सभी गहने पहने हुए थे। बस स्टैंड जाने के लिए ई-रिक्शा लिया गया। रास्ते में कुछ युवक बाइक से पीछे-पीछे चलते रहे। छपरा-सीवान हाईवे चौराहे के पास जैसे ही दूल्हे बस पकड़ने पहुंचे, दोनों दुल्हनें रिक्शा से उतरीं और पहले से तैयार खड़े युवकों की बाइक पर बैठकर फरार हो गईं। विरोध करने पर कुछ लोगों ने दूल्हों को चाकू और डंडे दिखाकर धमकाया।
एक दुल्हन निकली आर्केस्ट्रा डांसर
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर ने बताया कि दो आरोपियों में से एक दुर्गावती उर्फ मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह बरौली बाजार स्थित एक ऑर्केस्ट्रा में डांसर के रूप में काम करती है। उसके पास से कुछ गहने और सामान बरामद किए गए हैं। दूसरी आरोपी खुशबू की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




साइन इन