विपक्ष फैला रहा भ्रम, NDA में नहीं कोई दरार; 2020 का जिक्र कर चिराग ने सब क्लियर कर दिया
तमाम चर्चाओं के बीच चिराग पासवान ने साफ कर दिया है कि वो 2020 वाली भूमिका में इस बार नहीं रहेंगे। उन्होने कहा कि विपक्ष भ्रम फैला रहा है। लेकिन एनडीए एकजुट है, कोई दरार नहीं है। मैं मजबूती से एनडीए के साथ खड़ा हूं। 2025 में एनडीए 225 सीटें जीतने के लक्ष्य पर अग्रसर है।

केंद्रीय मंत्री सह लोजपा आर के अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार को हाजीपुर में केंद्रीय विद्यालय भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होने कहा कि विपक्ष अफवाह फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, ताकि एनडीए के भीतर मतभेद पैदा किए जा सके। उन्होने कहा कि जब में सीतामढ़ी में माता सीता के मंदिर शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल नहीं पाया, या फिर व्यवस्थाओं पर सवाल उठाता हूं, तो इन सभी बातों के पीछे वही सोच होती है, कि क्या गठबंधन में दरार है। मेरा इतिहास भी 2020 वाला रहा है। धारणा है कि 2020 में चिराग ने ऐसा किया था, तो इस बार भी ऐसा करेगा। लेकिन चिराग ऐसा कतई नहीं करेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं मजबूती से एनडीए के साथ खड़ा हूं। ये विनिंग कॉम्बिनेशन हैं। हम लोग 2025 में 225 सीटें जीतने की ओर अग्रसर है। परिणाम के बाद देखिएगा एनडीए ऐतिहासिक जीत के साथ सरकार बनाएगी। आपको बता दें हाल ही में चिराग पासवान ने विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। जिसके बाद से कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
वहीं गहन मतदाता पुनरीक्षण पर जारी घमासान के बीच चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और जानबूझकर राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहा है। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर वोटर आईडी से जुड़े किसी भी मामले में गड़बड़ी है, तो चुनाव आयोग निष्पक्ष जांच करेगा और जरूरी कार्रवाई भी करेगा। लेकिन विपक्ष जान-बूझकर हर प्रक्रिया पर सवाल उठाकर एक सोची-समझी रणनीति के तहत भ्रम फैलाने में लगा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे को राजनीतिक इवेंट बना दिया है। चिराग पासवान ने कहा कि विपक्षी शिकायत करते हैं, लेकिन जब सुधार की पहल होती है, तो उसी पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी हुए 10 दिन हो चुके हैं, लेकिन आज तक न राजद और न कांग्रेस की ओर से कोई लिखित आपत्ति दर्ज कराई गई है। सिर्फ मीडिया में बयानबाज़ी कर माहौल बनाया जा रहा है।




साइन इन