शाहाबाद इलाके से विधानसभा लड़ेंगे चिराग पासवान? सांसद बहनोई ने बताया लोजपा का प्लान
अब चिराग पासवान के बहनोई और सांसद अरुण भारती (MP Arun Bharti) ने एक वीडियो बनाकर एलजेपी (आर) के प्लान के बारे में बताया है। चिराग पासवान के बहनोई ने कहा है कि बिहार चुनाव में शाहाबाद क्षेत्र की जनता चिराग पासवान को नेतृत्व सौंपने के लिए तैयार है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Election 2025) को लेकर हलचल तेज है। बिहार चुनाव से पहले लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (Chirag Paswan) के विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर अटकलें तेज हैं। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि चिराग पासवान किस सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। इस बीच अब चिराग पासवान के बहनोई और सांसद अरुण भारती (MP Arun Bharti) ने एक वीडियो बनाकर एलजेपी (आर) के प्लान के बारे में बताया है। चिराग पासवान के बहनोई ने कहा है कि शाहाबाद क्षेत्र की जनता चिराग पासवान को नेतृत्व सौंपने के लिए तैयार है।
अरुण भारती ने वीडियो में क्या कहा..
अरुण भारती ने अपने वीडियो में कहा, ‘बिहार की जनता की लगातार यह स्पष्ट मांग रही है कि चिराग पासवान अब बिहार आकर बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी संभालें। पार्टी के कार्यकर्ता हों या जमीनी स्तर पर जुड़े हुए पार्टी के नेता। हर स्तर पर एक ही आवाज बार-बार उठ रही है कि अब समय आ गया है कि चिराग पासवान को बिहार की राजनीति में निर्णायक भूमिक निभानी चाहिए। यही नहीं कार्यकर्ताओं की यह भी भावना है कि आगमी विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान को एक सामान्य सीट से चुनाव लड़ना चाहिए ताकि यह साफ संदेश जाए कि वो सिर्फ एक वर्ग, एक तबके या एक समाज के नेता नहीं है बल्कि पूरे बिहार का नेतृत्व करने के लिए मैदान में हैं।’
इस वीडियो में सांसद अरुण भारती ने आगे कहा, ‘पार्टी स्तर पर इस बात को लेकर गंभीर विचार-विमर्श हो रहा है कि चिराग पासवान को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में कहां से चुनाव लड़ना चाहिए। इसे लेकर अभी विचार-विमर्श की प्रक्रिया जारी है। पार्टी स्तर पर एक व्यापक सर्वे भी कराया जा रहा है ताकि निर्णय सिर्फ राजनीतिक या रणनीतिक स्तर ही ना हो बल्कि जनता की भावनाओं और जमीनी सच्चाई के अनुरुप हो।’
सर्वे में क्या आया सामने
अरुण भारती ने आगे कहा, ‘मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि इस सर्वे की जो शुरुआती रिपोर्ट आई है वो बेहद उत्साहजनक है। हालांकि, रिपोर्ट अभी पूरी तरह तैयार नहीं है लेकिन जो रुझान सामने आए हैं वो इशारा कर रहे हैं कि शाहाबाद की जनता चिराग पासवान को भरपूर समर्थन देने के लिए तैयार है। पार्टी के भीतर इस बात को लेकर गंभीर चर्चा हो रही है। इसे लेकर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कभी भी बुलाई जा सकती है। इस बैठक में सर्वे की रिपोर्ट को सामने रखा जाएगा और आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।’
आपको बता दें कि चिराग पासवान अभी हाजपुर से सांसद भी हैं। चिराग पासवान अक्सर ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ की बात करते आए हैं। चिराग पासवान ने हाल ही में नालंदा जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि वो बिहार के हित में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। साथ ही आरोप लगाया था कि विरोधी उनके रास्ते में रोड़ा अटकाने की कोशिश कर रहे हैं। चिराग पासवान ने कहा था कि कई लोग इस बात से घबराए हुए हैं कि मैं बिहार आना चाहता हूं। वे जानना चाहते हैं कि क्या मैं यहां चुनाव लड़ूंगा। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि मैं बिहार के लिए विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता हूं। ताकि ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ का मेरा सपना साकार हो सके।




साइन इन