पटना में नर्स की हत्या; घरेलू विवाद में पति ने ही मार डाला! पुलिस को भी खुद बताया
पटना के दानापुर में नर्स की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि होली पर ससुराल जाने के विवाद में पति ने पीएमसीएच की हेड नर्स चांदनी कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने दहेज और पैसों के विवाद का आरोप लगाया है। आरोपी हिरासत में है।

बिहार की राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के पूर्वी गोला रोड में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बताया जा रहा है कि होली पर ससुराल जाने को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी नर्स पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
होली पर ससुराल जाने को लेकर हुआ विवाद
मृतका की पहचान पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में हेड नर्स के पद पर कार्यरत चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। आरोपी पति सोनू कुमार सिंह बताया जा रहा है। दोनों की शादी 6 फरवरी 2023 को हुई थी और उनका एक दो साल का बेटा भी है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, शुक्रवार शाम सोनू ने चांदनी से होली पर अपने घर छपरा चलने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने गुस्से में पत्नी को जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे उसके कान से खून निकलने लगा। इसके बाद उसका गला दबाया और सीने पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी ने खुद पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद सोनू ने पहले अपने दो साल के बेटे को छपरा स्थित अपने घर पहुंचाया। फिर देर रात दानापुर लौटकर डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घर से ही हिरासत में ले लिया। मृतका की बहन ब्यूटी कुमारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सोनू ऑनलाइन गेमिंग में चार लाख रुपये हार चुका था, जो चांदनी ने उसे दिए थे। चांदनी ने हाल ही में एक जमीन भी खरीदी थी और शुक्रवार दोपहर को ही वह जमीन सोनू को दिखाई थी।
पैसों के लिए चांदनी को प्रताड़ित करता था पति
बहन का आरोप है कि ससुराल पक्ष अक्सर पैसों के लिए चांदनी को प्रताड़ित करता था और उसके साथ मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए। मृतका के बहनोई कृष्णा सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे सोनू ने खुद फोन कर हत्या की जानकारी दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर चांदनी का शव खून से लथपथ पड़ा था और आरोपी वहीं मौजूद था। दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है और परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें आर्थिक विवाद और घरेलू प्रताड़ना के आरोप भी शामिल हैं।




साइन इन