'जनता दरबार' लगाएंगे नीतीश के बेटे निशांत कुमार, बोले- लोगों की समस्या का तुरंत समाधान होगा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे एवं जेडीयू नेता निशांत कुमार जन सुनवाई करेंगे। यह बात उन्होंने खुद कही। निशांत ने कहा कि वे लोगों की समस्या को सुनकर उनका त्वरित समाधान की पहल करेंगे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में आने के बाद से सक्रियता दिखा रहे हैं। अब उन्होंने जनता दरबार लगाकर जनसुनवाई करने का फैसला लिया है। निशांत कुमार जल्द ही जनसुनवाई कार्यक्रम शुरू करेंगे। इस दौरान वह आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और उनके त्वरित निदान के लिए तत्काल पहल करेंगे। यह जानकारी खुद निशांत ने शुक्रवार को पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कार्यालय में दी। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी लंबे समय तक जनसुनवाई करते रहे हैं।
निशांत कुमार ने शुक्रवार को पार्टी दफ्तर में तिरहुत प्रमंडल के जेडीयू जिलाध्यक्षों और प्रखंड अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद रहे। बैठक के बाद कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि निशांत पार्टी के क्रियाकलाप को जानने और समझने के लिए वे जेडीयू कार्यालय में आ रहे हैं और बैठकें कर रहे हैं। पार्टी को सशक्त और धारदार बनाने के लिए जो भी फीडबैक जरूरी है, इन मुद्दों पर चर्चा हुई।
जेडीयू अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद उनके बेटे निशांत ने राजनीति में कदम रखा। बीते 8 मार्च को निशांत ने औपचारिक रूप से जेडीयू की सदस्यता ली। इसके बाद से लगातार वे पार्टी के छोटे-बड़े नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। अब उन्होंने जनसुनवाई करने का फैसला लिया है। आगामी दिनों में वे बिहार यात्रा पर भी निकलेंगे।
नीतीश के बाद जेडीयू की कमान संभालेंगे निशांत?
निशांत कुमार को जेडीयू में नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी के तौर पर लाया गया है। जेडीयू के वरीय नेता कह चुके हैं कि भविष्य में पार्टी की कमान निशांत ही संभालेंगे। फिलहाल, नीतीश के बेटे जेडीयू में किसी पद पर नहीं हैं। पिछले दिनों जब संजय झा से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा था कि निशांत की पार्टी में क्या भूमिका होगी, इस बारे में शीर्ष नेतृत्व द्वारा समय आने पर फैसला लिया जाएगा।
नीतीश कुमार हाल ही में फिर से जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उनका यह कार्यकाल 2028 तक रहेगा। वहीं, नीतीश के इस महीने राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री की भी चर्चा चल रही है। जेडीयू कार्यकर्ताओं द्वारा निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की भी मांग की जा रही है। हालांकि, चर्चाओं के अनुसार नीतीश के बाद बिहार में भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बन सकता है।
अगले महीने बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होने की संभावना है। कयास लगाए जा रहे हैं कि बिहार में भाजपा का सीएम बनता है तो जेडीयू नई सरकार में अपना डिप्टी सीएम बनाएगी। उपमुख्यमंत्री पद के लिए निशांत कुमार के नाम की चर्चा चल रही है। हालांकि, जेडीयू के वरीय नेताओं का कहना है कि इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)




साइन इन