Nitish Kumar not to resign right now first become Rajya Sabha MP then Bihar will get new CM अभी इस्तीफा नहीं देंगे नीतीश, पहले सांसद बनेंगे; तब बिहार को मिलेगा नया मुख्यमंत्री, Bihar Hindi News - Hindustan
More

अभी इस्तीफा नहीं देंगे नीतीश, पहले सांसद बनेंगे; तब बिहार को मिलेगा नया मुख्यमंत्री

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की पुष्टि होने के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री की चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, नीतीश तुरंत सीएम पद से इस्तीफा नहीं देने वाले हैं। पहले वे राज्यसभा सांसद बनेंगे, तब बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा। इसमें कुछ दिनों का समय लग सकता है।

Thu, 5 March 2026 10:59 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
अभी इस्तीफा नहीं देंगे नीतीश, पहले सांसद बनेंगे; तब बिहार को मिलेगा नया मुख्यमंत्री

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना की राजनीति छोड़ दिल्ली में नई राजनीतिक पारी शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन कर दिया। इसके बाद बिहार में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, नीतीश अभी ही सीएम पद नहीं छोड़ने वाले हैं। उन्होंने राज्यसभा के लिए पर्चा भरा है। 16 मार्च को मतदान होगा, परिणाम आएगा। फिर राज्यसभा के मौजूदा सांसदों का कार्यकाल खत्म होगा, तब जाकर नीतीश संसद के उच्च सदन के सदस्य बनेंगे। इसके बाद ही वे मुख्यमंत्री पद छोड़ेंगे। तब तक बिहार सरकार की कमान उनके हाथों में ही रहेगी।

हालांकि, यह साफ हो गया है कि बिहार में नीतीश युग खत्म होने वाला है। लगभग दो दशक तक बिहार में सत्ता की धुरी रहे नीतीश केंद्रीय राजनीति में लौटेंगे। इसकी घोषणा उन्होंने खुद गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की। नीतीश ने लिखा कि शुरुआत से उनके मन में बिहार विधान मंडल और संसद के दोनों सदनों के सदस्य बनने की इच्छा रही है। वह विधायक, एमएलसी और लोकसभा सांसद रह चुके हैं, इसलिए अब राज्यसभा सांसद बनने की इच्छा पूरी करने जा रहे हैं।

अप्रैल में बिहार को मिलेगा भाजपा का मुख्यमंत्री

अप्रैल महीने में नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद के बाद बिहार में एनडीए की नई सरकार का गठन किया जाएगा। चर्चा है कि नीतीश के इस्तीफे के बाद पूरी कैबिनेट को नए सिरे से गठित किया जाएगा। नई सरकार में भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री होगा। पहली बार बीजेपी को बिहार में अपना सीएम बनाने का मौका मिलेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चार दिन पहले बर्थडे, अब विदाई की बेला; दिल्ली में 75 साल के नीतीश का कितना जलवा?

भाजपा से कौन मुख्यमंत्री बनेगा इस पर अटकलबाजी तेज है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के अलावा पार्टी के कई बड़े चेहरे रेस में चल रहे हैं। चर्चा यह भी है कि भाजपा किसी नए चेहरे को कमान थमाकर चौंका भी सकती है।

नई सरकार का बदला होगा स्वरूप

एक महीने बाद बिहार में बनने वाली नई सरकार का स्वरूप मौजूदा व्यवस्था से बदला हुआ नजर आएगा। भाजपा अपना सीएम बनाएगी, तो नीतीश की पार्टी जेडीयू से दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। जेडीयू से डिप्टी सीएम पद के लिए नीतीश के बेटे निशांत का नाम भी चर्चा में चल रहा है। वहीं, 19 विधायकों वाली चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) से भी एक डिप्टी सीएम बनाए जाने की अटकलें चल रही हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में BJP के CM की सरकार, नीतीश के राज्यसभा जाने से विपक्षी दलों में हाहाकार

हालांकि, अभी तक एनडीए के नेताओं की ओर से नई सरकार के फॉर्मूले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। जेडीयू के वरीय नेताओं ने यह जरूर पुष्टि की है कि अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बदलाव की बयार, अब नहीं नीतीश कुमार; CM पद से इस्तीफा के बाद सरकार का मार्गदर्शन
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।