Bihar opposition parties cry foul and blames BJP for Nitish Kumar opting for Rajya Sabha making way for BJP CM बिहार में BJP के CM की सरकार, नीतीश के राज्यसभा जाने से विपक्षी दलों में हाहाकार, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में BJP के CM की सरकार, नीतीश के राज्यसभा जाने से विपक्षी दलों में हाहाकार

Bihar BJP CM After Nitish: बिहार में शांति और सौहार्द से सत्ता परिवर्तन का रास्ता देकर राज्यसभा जा रहे नीतीश कुमार के फैसले और भाजपा के सीएम की सरकार की आहट से विपक्षी कैंप में हाहाकार मचा हुआ है।

Thu, 5 March 2026 07:37 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार में BJP के CM की सरकार, नीतीश के राज्यसभा जाने से विपक्षी दलों में हाहाकार

Bihar BJP CM After Nitish: बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पद छोड़कर राज्यसभा जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार की आहट से विपक्षी दलों के नेताओं के बीच हाहाकार मचा हुआ है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), कांग्रेस, सीपीआई-एमएल ने इसे बिहार की जनता और जनादेश के साथ धोखा करार दिया है। विपक्षी दलों ने एक स्वर से कहा है कि विधानसभा के चुनाव में नीतीश के चेहरे पर 5 साल के लिए जनादेश लिया गया था, लेकिन वोटर के साथ बीजेपी ने बीच में छल कर दिया है। राज्य में भाजपा के पहले सीएम की ताजपोशी का रास्ता बन चुका है और आगे की राजनीति बीजेपी और राजद के बीच घूम सकती है। सरकार और विपक्ष के बीच नरमी में कमी और तल्खी में बढ़ोतरी भी दिख सकती है।

राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने गुरुवार को कहा कि उनकी सहानुभूति नीतीश कुमार के साथ है। उन्होंने कहा कि वह कहते रहे कि चुनाव में नीतीश को दूल्हा बनाया गया है, लेकिन फेरा किसी और के साथ होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का जो सीएम होगा, वह रबर स्टांप होगा। जनता के साथ यह धोखा है। उन्होंने कहा कि नारा दिया गया कि 2025 से 30, फिर से नीतीश, लेकिन इतना प्रताड़ित किया गया कि इस्तीफा देना पड़ेगा। तेजस्वी ने कहा कि ओडिशा, मध्य प्रदेश में ऐसे सीएम का चयन हुआ, जो ओबीसी के हैं, लेकिन रबर स्टांप हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि यह बात साबित हो चुकी है कि भाजपा ने नीतीश को हाईजैक कर लिया है। जनभावना सत्ता परिवर्तन के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यह सबको पता था कि भाजपा ऐसा करेगी। भाजपा अपने सहयोगियों को खत्म करती रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश उनके साथ होते तो ऐसा दिन उनको नहीं देखना पड़ता। तेजस्वी ने नीतीश के कार्यकाल के लिए आभार जताया और कहा कि 20 साल जो उन्होंने बिहार की सेवा की है, उसके लिए हम धन्यवाद देते हैं।

कांग्रेस के जयराम रमेश ने कहा- जनादेश के साथ विश्वासघात

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले और भाजपा के सीएम की तैयारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे जनादेश के साथ विश्वासघात बताया है। जयराम ने कहा- “बिहार चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस जो बात बार-बार कह रही थी, वही अब सच साबित हो गई है। G2 द्वारा रची गई साजिश के तहत बिहार में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया गया है। कई मायनों में यह जनता के जनादेश के साथ बड़ा विश्वासघात है।” कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जदयू के तीन सामंती नेताओं को मुखबिर बनाकर, जांच एजेंसियों का डर दिखाकर, नीतीश को ट्रैप में लेकर, मुख्यमंत्री के पद से हटा कर दिल्ली में दरकिनार किया जा रहा है l

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीतीश, नितिन समेत 6 ने किया राज्यसभा चुनाव में नामांकन; ओवैसी का वैल्यू बढ़ा
ये भी पढ़ें:हमारे साथ होते तो ऐसा नहीं होता; तेजस्वी बोले- बीजेपी ने नीतीश को धोखा दिया

राज्य की जनता के साथ खिलवाड़ः दीपांकर भट्टाचार्य

महागठबंधन की सबसे बड़ी वामपंथी पार्टी सीपीआई-एमएल के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने इसे नीतीश के नाम पर एनडीए द्वारा लिए गए जनादेश के साथ धोखा बताया है। उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा- “यह एनडीए में चल रही साजिश या सत्ता परिवर्तन को लेकर बीजेपी की ख्वाहिश का मसला नहीं है। ये सीधा-सीधा जनादेश के साथ धोखा है जो उनके नाम पर एनडीए ने मांगा था। ये बिहार को हल्के में लेना और राज्य की जनता के साथ खिलवाड़ है।”

पप्पू यादव ने निशांत कुमार को सीएम बनाने की कर दी अपील

पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार में भाजपा को रोकने के लिए एनडीए में शामिल सभी समाजवादी नेताओं से एकजुट होकर नीतीश के बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की है। पप्पू यादव ने लिखा- “मांझी जी, चिराग जी, लालू जी, उपेंद्र जी बिहार को BJP का चरागाह न बनने दें। एकमत से निशांत जी को बिना शर्त समर्थन देकर बिहार का मुख्यमंत्री बना दें। BJP के लिए बिहार का दरवाजा बंद कर दें। भविष्य की राजनीति आपस में फरिया लेंगे। इतिहास में अमर हो जाओगे। बिहारी स्वाभिमान का प्रतीक बन जाओगे।”

राजेश राम बोले- आज नीतीश को निपटाया, अब जदयू को निपटाएगी भाजपा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा है कि नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री पद से हटना, बिहार के करोड़ों मतदाताओं की भावनाओं की हत्या है। यह जनमत की हत्या है। भाजपा ने आज नीतीश जी को निपटाया है, जल्द ही ये जदयू को भी निपटा देंगे। जदयू को तोड़ने का प्लान भी इनका तैयार है।

उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर तंज कसते हुए पूछा है कि “25 से 30, फिर से नीतीश”, क्या हुआ इस नारे का? क्या 2030 आ गया? उन्होंने कहा है कि आज बिहार में एक चुने हुए मुख्यमंत्री को जबरदस्ती, षड्यंत्र के तहत सत्ता से बेदखल किया जा रहा है।

मुकेश सहनी बोले- हमने पहले ही कहा था…

विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को भाजपा की रणनीति का हिस्सा बताया। उन्होंने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि चुनाव के समय ही हम लोगों ने कहा था कि भाजपा नीतीश कुमार को कभी मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी और अगर बना भी दी, तो उन्हें 2025 से 2030 तक रहने नहीं देगी। आज हकीकत सबके सामने है। नीतीश कुमार को बिहार से दूर करना जनादेश का अपमान है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीतीश की EXIT के बाद कौन बनेगा बिहार का CM, रेस में ये 5 नाम; निशांत के पास क्या
ये भी पढ़ें:BJP का मुख्यमंत्री, JDU के 2 डिप्टी सीएम; नीतीश राज्यसभा गए तो क्या-क्या बदलेगा?
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।