निशांत कुमार के राजनीति में एंट्री पर मुहर, नीतीश के मंत्री ने होली के मौके पर शुभकामना दी
श्रवण कुमार ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि होली के मौके पर वो यह बात सभी से शेयर करना चाहते हैं कि निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में आने वाले हैं। इतना ही नहीं मंत्री श्रवण कुमार ने निशांत को शुभकामनाएं भी दी हैं।
पिछले काफी समय से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन अब नीतीश के करीबी कहे जाने श्रवण कुमार ने निशांत के राजनीति में एंट्री पर मुहर लगा दी है। श्रवण कुमार बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। श्रवण कुमार ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि होली के मौके पर वो यह बात सभी से शेयर करना चाहते हैं कि निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में आने वाले हैं। इतना ही नहीं मंत्री श्रवण कुमार ने निशांत को शुभकामनाएं भी दी हैं।
श्रवण कुमार ने कहा, ‘होली के अवसर पर यह शेयर करना चाहता हूं कि जिसकी चर्चा लंबे अरसे से हो रही है। निशांत कुमार की चर्चा काफी समय से हो रही है। होली के अवसर पर मैं आप लोगों से कहना चाहता हूं कि निशांत कुमार की एंट्री राजनीति में बहुत जल्द होने वाली है। उनकी एंट्री बहुत सक्रिय राजनीति में होगी। लंबे अरसे से लाखों नौजवान उनके राजनीति में आने का सुझाव दे रहे हैं। जो नौजवान उनके राजनीति में आने की मांग कर रहे हैं तो मैं समझता हूं कि उनकी इच्छा जल्द पूरी होगी। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ राजनीति में आगे बढ़ने की शुभकामनाएं।’
अशोक चौधरी क्या बोले
निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर नीतीश सरकार के एक और मंत्री अशोक चौधरी ने भी अपनी बात रखी है। अशोक चौधरी ने कहा, 'निशांत कुमार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एकदम फोटो कॉपी हैं। आप लोगों ने उनको सार्वजनिक जीवन में देखा है। उनके बात करने का तरीका, उनका हाव-भाव बहुत अच्छा है। खुद भी उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। बहुत लंबे समय से पार्टी चाहती थी कि निशांत कुमार राजनीति में आएं। श्रवण कुमार और संजय झा की बात भी मैंने सुनी है।
अपने कार्यकर्ताओं की बात सुनकर उन्होंने राजनीति में आने का निर्णय लिया है। यह अच्छी पहल है। इससे अच्छी खुशखबरी जनता दल यूनाइटेड के लिए होली में नहीं हो सकती है। कार्यकर्ता चाहते थे कि निशांत राजनीति में आएं। वो चाहते थे कि पार्टी में कोई ऐसा आए जो नीतीश कुमार की सोच और विचारधारा को आगे लेकर चले। निशांत कुमार नीतीश कुमार के आदर्शों पर चलेंगे और पार्टी को मजबूत करने की दिशा में अपने कार्यों का निर्वहन करेंगे।
संजय झा ने क्या कहा था
बता दें कि जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने इससे पहले कहा था कि पार्टी के अधिकतर लोगों का मानना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को राजनीति में आना चाहिए। उन्हें राजनीति से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए। निशांत कुमार को पार्टी के लिए काम करना चाहिए, लेकिन यह फैसला निशांत कुमार को खुद लेना है।
वे सोमवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। हालांकि संजय झा ने निशांत कुमार को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर कहा कि यह तय नहीं है। उम्मीदवारों का नाम पार्टी तय करेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तय करेंगे। उधर, पार्टी महासचिव सह विधायक श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि निशांत कुमार को पार्टी में आना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें जदयू की ओर से राज्यसभा भेजा जाना चाहिए। निशांत के राजनीति में आने और राज्यसभा में जाने से जदयू को बड़ा फायदा होगा। पार्टी भी मजबूती से चलती रहेगी।
नीरज कुमार ने भी दी प्रतिक्रिया
JDU के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि ऐसे व्यक्ति को राजनीति में आना चाहिए। यह पार्टी के नेताओं की इच्छा है। मंत्री ने इस बात को सार्वजनिक किया है कि उनको सक्रिय राजनीति में आना है। श्रवण कुमार, अशोक चौधरी और संजय झा ने तो पहले ही कहा है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी पहले कह चुके हैं। ऐसे व्यक्ति राजनीति में नहीं आएंगे क्या जो बीआईटी मिश्रा से पढ़ा है। सेंट्रल स्कूल से पासआउट है, सौम्य है, संस्कारी है और सीधा-सपाटा स्वभाव है। ऐसे लोगों को तो राजनीति में आना ही चाहिए। निशांत कुमार की पात्रता पर कोई सवाल खड़ा कर सकता है क्या? ना तो कोई मुकदमा है और ना ही कोई आर्थिक भ्रष्टाचार का आरोप है। मुख्यमंत्री के बेटे के नाम पर कोई अहंकार भी नहीं है।
बता दें कि निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर चर्चा लोकसभा चुनाव 2024 से ही हो रही थी। इसके बाद बिहार विधानसभा चुनाव में भी अटकलें लगाई जा रही थीं कि निशांत इस चुनाव में नालंदा से किस्मत आजमा सकते हैं। इसके अलावा पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने की मांग को लेकर कई तरह के पोस्टर भी लगाते आए हैं। हालांकि, अब तक खुद निशांत कुमार या पिता नीतीश कुमार ने अपने बेटे के राजनीति में आने को लेकर कुछ नहीं कहा है।




साइन इन