new case registered on jdu mla anant singh after video viral of obscene dance and gun अनंत सिंह, अश्लील डांस और गन; जदयू विधायक पर नई मुसीबत; बिहार के गोपालगंज में केस दर्ज, Bihar Hindi News - Hindustan
More

अनंत सिंह, अश्लील डांस और गन; जदयू विधायक पर नई मुसीबत; बिहार के गोपालगंज में केस दर्ज

बताया जा रहा है कि सेमराव गांव में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान मनोरंजन के लिए बार-बालाओं के डांस का भी आयोजन किया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दृश्यों में देखा जा सकता है कि अनंत सिंह की मौजूदगी में उनके साथ बैठे कुछ लोग महिला डांसर पर नोट उड़ा रहे हैं।

Wed, 6 May 2026 10:06 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, गोपालगंज
share
अनंत सिंह, अश्लील डांस और गन; जदयू विधायक पर नई मुसीबत; बिहार के गोपालगंज में केस दर्ज

छोटे सरकार के नाम से मशहूर बिहार के मोकामा विधानसभा सीट से विधायक अनंत सिंह अब नई कानूनी मुसीबत में फंसते नजर आ रहे हैं। जदयू विधायक अनंत सिंह पर अब गोपालगंज जिले में केस दर्ज किया गया है। दरअसल गोपालगंज में मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित उपनयन कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य और हथियार प्रदर्शन के वायरल वीडियो मामले में मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह समेत नौ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिले के एसपी विनय तिवारी ने बताया कि 2 और 3 मई को सेमराव गांव में गड्डू राय के आवास पर आयोजित उपनयन संस्कार कार्यक्रम में कुछ लोगों द्वारा अवैध व लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया गया और अश्लील नृत्य कराया गया। जांच में वीडियो की पुष्टि होने पर कांड दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। चिह्नित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

आपको बता दें कि गोपालगंज जिले के सेमराव गांव में बीते शनिवार को एक पारिवारिक कार्यक्रम में पहुंचे मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह का डांस प्रोग्राम देखने और उनके साथ बैठे लोगों द्वारा रुपए उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बताया जा रहा है कि सेमराव गांव में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान मनोरंजन के लिए बार-बालाओं के डांस का भी आयोजन किया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दृश्यों में देखा जा सकता है कि अनंत सिंह की मौजूदगी में उनके साथ बैठे कुछ लोग महिला डांसर पर नोट उड़ा रहे हैं। वायरल वीडियो की जिले में दिनभर चर्चा होती रही। लोग अपनी प्रतिक्रया व्यक्त करते रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में आज संभल कर रहें, भीषण बारिश और वज्रपात का येलो और ऑरेंज अलर्ट
ये भी पढ़ें:भाजपा और जदयू से 16-16, HAM से 1;सम्राट कैबिनेट में कितने मंत्री ले सकते हैं शपथ

इस पूरे प्रकरण में विधायक अनंत सिंह के मुजरा देखने के वीडियो के अलावा एक अन्य वीडियो की भी काफी चर्चा है। इस वीडियो को लेकर कहा जा रहा है कि इसमें अनंत सिंह के कई समर्थक भोजपुरी गानों की धुन पर अपने हाथों में गन लेकर डांस कर रहे हैं। हथियारों के इस खुलेआम प्रदर्शन का वीडियो वायरल होने पर हड़कंप मच गया था। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसकी आलोचना की थी और अपनी प्रतिक्रिया दी थी।

मार्च में जमानत पर बाहर आए थे अनंत सिंह

आपको बता दें कि इसी साल मार्च के महीने में पटना उच्च न्यायालय ने पिछले वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चित दुलार चंद यादव की हत्या के मामले में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक अनंत सिंह को जमानत दी थी। दुलार चंद यादव चुनाव में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन कर रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मैथिली मंत्री की रेस में, जदयू से श्याम रजक; बिहार में ये चेहरे ले सकते हैं शपथ

अनंत सिंह को पिछले साल एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था और उन पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। अनंत सिंह ने मोकामा विधानसभा सीट से जेल में रहते हुए चुनाव जीता था और राष्ट्रीय जनता दल ( राजद) की वीणा सिंह को 28,000 से अधिक मतों से हराया था। न्यायमूर्ति रुद्र प्रकाश मिश्रा की पीठ ने 15,000 रुपये के मुचलके पर अनंत सिंह को जमानत प्रदान की।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।