चुनाव आते-आते टूट जाएगा NDA; पशुपति पारस का दावा, महागठबंधन में सीट बंटवारे की तारीख भी बताई
महागठबंधन में शामिल हुई रालोजपा के अध्यक्ष पशुपति पारस ने दावा किया है कि बिहार चुनाव आते-आते एनडीए टूट जाएगा। वहीं महागठबंधन में सीट बंटवारे पर उन्होने कहा कि 15 से 20 सितंबर के बीच सीट शेयरिंग फाइनल हो जाएगी।

एनडीए से अलग होकर हाल ही में महागठबंधन में शामिल हुए राष्ट्रीय लोकजन शक्ति पार्टी (रालोजपा) के अध्यक्ष पशुपति पारस ने दावा किया है कि बिहार चुनाव आते-आते- एनडीए टूट जाएगा। ये बात पारस ने उस सवाल के जवाब में कही जिसमें पूछा गया था, कि सीट बंटवारे को लेकर एनडीए में चिराग पासवान और जीतनराम मांझी के बीच खटपट की चर्चा चल रही है। रालोजपा चीफ ने महागठबंधन में सीट बंटवारे की तारीख भी बताई।
पारस ने कहा कि पहले हमारी पार्टी महागठबंधन की विधिवत तरीके से हिस्सा नहीं थी, लेकिन अब हम लोग महागठबंधन में शामिल हो गए हैं। वोटर अधिकार यात्रा में हम लोग शामिल नहीं थे। लेकिन अब महागठबंधन के आगामी कार्यक्रमों में रालोजपा भी शामिल होगी। वहीं सीट बंटवारे के सवाल पर पशुपति पारस ने कहा कि देश में दो ही गठबंधन हैं। एक एनडीए, दूसरा इंडिया अलायंस। अभी तक किसी भी गठबंधन ने सीट शेयरिंग का ऐलान नहीं किया है।
वैसे भी जब चुनाव का नोटिफिकेशन जारी होता है, उससे कुछ दिन पहले सीट शेयरिंग फाइनल होती है। लेकिन मुझे लगता है कि महागठबंधन में सीट बंटवारा 15 से 20 सितंबर के बीच में हो जाएगा।
पारस ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कितनी सीट पर चुनाव लड़ेंगे, यह महत्वपूर्ण नहीं है। अहम यह है कि हमारे पास कितने जिताऊ उम्मीदवार हैं। हमारा संगठन कितना मजबूत है, और कितना हमारा जनाधार है। अधिक सीट लेना बुद्धिमानी नहीं है। लेकिन कम सीट लेकर अधिक सीट जीतना बुद्धिमानी है
आपको बता दें शनिवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर हुई महागठबंधन की बैठक में पशुपति पारस की रालोजपा और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) को शामिल करने पर सहमति बनी थी। अब बिहार चुनाव रालोजपा और जेएमएम महागठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी। इस बैठक में बिहार की सभी 243 सीटों पर मंथन हुआ।




साइन इन