चिराग पासवान को चुनाव से पहले झटका, पशुपति पारस की पार्टी में गए LJP-R के कई नेता
लोजपा-रामविलास के खगड़िया के पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व प्रदेश महासचिव समेत लगभग डेढ़ दर्जन नेताओं ने पिछले दिनों चिराग पासवान की पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। अब उन्होंने चिराग के चाचा पशुपति पारस की रालोजपा का दामन थाम लिया है।

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बड़ा झटका लगा है। चिराग की पार्टी लोजपा-रामविलास के करीब 18 नेता मंगलवार को चाचा पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) में शामिल हो गए। इनमें लोजपा-आर के पूर्व खगड़िया जिलाध्यक्ष शिवराज यादव, पूर्व प्रदेश महासचिव रतन पासवान समेत अन्य नेता शामिल हैं।
इन सभी नेताओं ने रालोजपा के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में मंगलवार को पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान रालोजपा के मुखिया एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस, पूर्व सांसद चंदन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज पासवान, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल, प्रधान महासचिव केशव सिंह आदि मौजूद रहे।
रालोजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज ने शिवराज यादव को पार्टी का खगड़िया जिला अध्यक्ष एवं रतन पासवान को प्रदेश महासचिव मनोनीत किया है। चिराग की पार्टी में भी दोनों नेता इसी पद पर रहे थे।
बता दें कि पिछले सप्ताह शिवराज यादव और रतन पासवान समेत 38 नेताओं ने चिराग पासवान की लोजपा-रामविलास से इस्तीफा दे दिया था। इस सामूहिक इस्तीफे की वजह खगड़िया में मनीष कुमार उर्फ नाटा की जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति बताई गई। पूर्व जिलाध्यक्ष समेत अन्य नेता पार्टी के इस फैसले के विरोध में आ गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि खगड़िया से लोजपा-आर के सांसद राजेश वर्मा के इशारे पर यह नियुक्ति हुई। उन्होंने सांसद पर पार्टी कार्यकर्ताओं का अपमान करने का भी आरोप लगाया था।




साइन इन