अप्रैल में मई-जून जैसी गर्मी, 46 तक जा सकता पारा
Kanpur News - अप्रैल में गर्मी बढ़ रही है। कानपुर में तापमान 45-46 डिग्री तक पहुंच सकता है। आईएमडी के अनुसार 25 अप्रैल तक हीट वेव का अलर्ट रहेगा। 23-24 अप्रैल को तापमान रिकॉर्ड तोड़ने की संभावना है। नमी और गर्मी के कारण सांस के मरीजों को परेशानी हो सकती है।

मई-जून जैसी गर्मी अप्रैल में पड़ रही है। यदि पूर्वानुमान सही हुए तो कानपुर में भी पारा 48 से 72 घंटों के बाद 45-46 तक पहुंच सकता है। यह पूर्वानुमान चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के ग्रामीण कृषि मौसम के माध्यम से आईएमडी ने जारी किया है। छठे पश्चिमी विक्षोभ से पूर्व पूरे देश में बनी गतिविधियों के कारण ऊंचे बादल मंडराने लगे हैं। भले ही गर्मी का अहसास अधिक हो लेकिन सोमवार के मुकाबले मंगलवार को पारा नरम पड़ा है। कानपुर में आठ अप्रैल को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री था इसके बाद से सोमवार तक लगातार पारा चढ़ता गया।
नगर की ज्यादातर प्रमुख सड़कों पर जहां रोज जाम की स्थिति पैदा हो जाती थी वहां दोपहर के वक्त न तो पैदल चलते लोग दिखे और न ही वाहनों की आवाजाही दिखी। एक से दो बजे के बीच स्कूलों की छुट्टी के चलते सड़क पर चहल पहल जरूर दिखाई दी। दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। मंगलवार को न्यूनतम पारा 22 डिग्री पर आ गया। अप्रैल में जिस तेजी से दिन का पारा चढ़ा है, उतना रात का तापमान नहीं बढ़ा है। इसकी बड़ी वजह लगातार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी है। लंबे समय के बाद अब न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक हुआ है। तेज गर्मी में भी यह सामान्य से नीचे चल रहा था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 25 अप्रैल तक हीट वेव का अलर्ट बना रहेगा। विशेष बात यह भी है कि 23-24 को अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। सीएसए की आईएमडी आधारित कृषि परामर्श की एडवाइजरी में शहरी क्षेत्र के लिए 24 को 43, 25 को 45 और 26 को 46 डिग्री तापमान का पूर्वानुमान किया गया है। न्यूनतम पारा भी 25 से 26 डिग्री होने की उम्मीद है। उधर, बीच-बीच नमी अधिक रहने से हीट इंडेक्स अधिक हो रहा है। इसमें कम तापमान पर भी अधिक तापमान की गर्मी का अहसास अधिक होता है। हीट इंडेक्स बढ़ने की घटनाएं बरसात के मौसम में अधिक होती हैं। उमस बढ़ने से वातावरण में ऑक्सीजन की कमी होने लगती है जिससे सांस के मरीजों को परेशानी ज्यादा होती है। इन दिनों नमी 50 के ऊपर और पारा 40 से ज्यादा बना हुआ है। ऐसे में हीट इंडेक्स 50 के ऊपर जा रहा है। सीएसए के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि किसानों के लिए जारी एडवाइजरी के अनुसार अधिक तापमान का पूर्वानुमान किया गया है। 23 अप्रैल को नया विक्षोभ आना है। इससे स्थितियां बदल सकती हैं। फिलहाल तापमान अधिक बना रहेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन